TIO भोपाल
राजा भोज विमानतल, भोपाल पर दिनांक 01.07.2026 को एयरफील्ड एनवायरनमेंट मैनेजमेंट कमेटी (AEMC) की बैठक श्री कर्मवीर शर्मा (IAS), संभागायुक्त, भोपाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विमान प्रचालन की सुरक्षा को प्रभावित करने वाले महत्वपूर्ण पर्यावरणीय एवं परिचालन संबंधी मुद्दों की समीक्षा करना था।
बैठक के प्रारंभ में विमानपत्तन निदेशक, भोपाल, श्री आलोक त्रिपाठी ने अध्यक्ष महोदय एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया तथा विमानतल पर सुरक्षित विमान प्रचालन से संबंधित विभिन्न पर्यावरणीय एवं प्रचालन संबंधी विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
बैठक में श्री आदर्श कांत शुक्ला, पुलिस उपायुक्त (जोन-4), श्री सुमित पाण्डेय, अपर कलेक्टर, श्री अभिषेक सिंह, अपर आयुक्त (नगर निगम), डॉ. मनीष शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), श्री अतुल भनोट्रा, कमांडेंट (CISF), श्री कुंज बिहारी आर्य, उप निदेशक (DGCA) सहित विभिन्न शासकीय विभागों, एयरलाइंस तथा एयरफील्ड सुरक्षा एवं पर्यावरण प्रबंधन से जुड़े अन्य हितधारक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
बैठक के दौरान ऑब्स्टेकल लिमिटेशन सरफेस (Obstacle Limitation Surfaces), वन्यजीव एवं पक्षी जोखिम प्रबंधन, अपशिष्ट प्रबंधन, विमानतल के आसपास भूमि उपयोग तथा विमानन सुरक्षा को प्रभावित करने वाले अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
अध्यक्ष महोदय ने सभी संबंधित विभागों को चिन्हित मुद्दों के प्रभावी निराकरण हेतु समयबद्ध, समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विमानन सुरक्षा एक साझा उत्तरदायित्व है, जिसके लिए सभी संबंधित विभागों एवं हितधारकों के बीच निरंतर समन्वय एवं सक्रिय सहयोग आवश्यक है।
साथ ही अध्यक्ष महोदय ने भाविप्रा एवं अन्य एजेंसियों द्वारा इस मुद्दों पर उठाये जा रहे कदमों की सराहना की तथा सभी को इसी तरह से समन्वित प्रयासों एवं सहभागिता हेतु प्रेरित किया।
बैठक में सभी सहभागी विभागों एवं संस्थाओं ने समन्वित प्रयासों तथा सक्रिय पर्यावरणीय प्रबंधन के माध्यम से राजा भोज विमानतल, भोपाल में सुरक्षित, संरक्षित एवं सतत विमान प्रचालन वातावरण बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।







