TIO भोपाल

नगर निगम न्यू मार्केट में फायर सेफ्टी के इंतजाम की जांच कर रहा है। - Dainik Bhaskar
नगर निगम न्यू मार्केट में फायर सेफ्टी के इंतजाम की जांच कर रहा है।

भोपाल के न्यू मार्केट में लगी भीषण आग के मामले में पुलिस ने बालाजी छोला भटूरे दुकान के संचालक पर एफआईआर दर्ज की है। जांच में पुलिस ने पाया कि आगजनी में दुकान संचालक की लापरवाही थी। भट्टी के पास कपड़े रखे थे। जिससे आग भड़की थी। इधर, आज से नगर निगम हॉकर्स जोन की शिफ्टिंग की कार्रवाई करेगा। टीटी नगर स्टेडियम के पास हॉकर्स शिफ्ट किए जाएंगे।

बालाजी छोटे भटूरे दुकान में 8 अक्टूबर को भीषण आग लगी थी। आग ने पास की 4 अन्य दुकानों और 12 से ज्यादा रेहड़ियों को भी चपेट में ले लिया था। इससे करोड़ों रुपए का नुकसान हो गया था। इसी मामले में जहां नगर निगम एक्शन मोड में है और न्यू मार्केट को नो-हॉकर्स जोन बना रहा है। वहीं, टीटी नगर पुलिस ने दुकान संचालक दीप उर्फ दीपू अग्रवाल के खिलाफ केस दर्ज किया है।

भट्‌टी के पास रखे कपड़े में लगी थी पहले आग

जांच में सामने आया कि बालाजी छोला-भटूरा दुकान में भट्टी जल रही थी। इसके पास रखे कपड़े में आग लगने के बाद लपटें फैल गईं और देखते ही देखते आसपास की दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में आम्रपाली रेस्टोरेंट, विजय स्टोर, एक कैफे और मोबाइल दुकान को नुकसान हुआ था। घटना के बाद आम्रपाली रेस्टोरेंट के संचालक पवन अग्रवाल ने पुलिस को शिकायत की थी।

इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने लापरवाही और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। टीटी नगर थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहर ने बताया कि आग लगने की शुरुआत भट्टी के पास रखे कपड़े से हुई थी। अब मामले में दुकान संचालक की लापरवाही को लेकर कार्रवाई की गई है। दूसरी ओर, दुकान में आग से बचाव के जरूरी इंतजाम मौजूद थे या नहीं? इसकी पड़ताल नगर निगम कर रहा है। अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की जांच के बाद इस पहलू पर स्थिति स्पष्ट होगी।

आज भी मॉकड्रिल होगी, दुकानों की शिफ्टिंग शुरू

इधर, नगर निगम न्यू मार्केट को नो-हॉकर्स जोन बना रहा है। इसके चलते बुधवार को करीब 3 घंटे मॉकड्रिल की गई थी। 2 दमकलों को पूरे मार्केट में घूमाया गया था। जहां दमकल रूकी, वहां से निगम ने सामान जब्त किया था। 8 अक्टूबर को दुकान के सामने रखे सामान की वजह से दमकलें आगे नहीं बढ़ पाई थीं।

इधर, नगर निगम ने दिनभर एनाउंसमेंट कराया कि गुरुवार को हॉकर्स स्टेडियम के पास शिफ्ट कर लें। वरना जब्ती की कार्रवाई होगी। अतिक्रमण अधिकारी शैलेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि गुरुवार से हॉकर्स की शिफ्टिंग पर जोर देंगे। इसे लेकर बुधवार को ही एनाउंसमेंट करा दिया है। न्यू मार्केट नो-व्हीकल जोन में रेहड़ी लगाकर व्यवसाय करने वाले हॉकर्स को टीटी नगर स्टेडियम के पास हाट बाजार में विस्थापित करेंगे।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER