TIO तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि अमेरिका-ईरान समझौता पूरा हो चुका है और इस पर शुक्रवार को स्विट्जरलैंड के जेनेवा में औपचारिक हस्ताक्षर होंगे। ट्रम्प ने कहा कि अमेरिकी डेलिगेशन की अगुआई उपराष्ट्रपति जेडी वेंस करेंगे।

न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि ट्रम्प, जेडी वेंस और ईरानी संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ डिजिटल रूप से समझौते पर हस्ताक्षर कर चुके हैं। हालांकि, समझौते का पूरा मसौदा अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। ट्रम्प ने कहा कि दस्तावेज शुक्रवार के बाद जारी किया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि दोनों देशों के बीच 14 पॉइंट वाला एक शुरुआती मसौदा तैयार हुआ है, जिस पर आगे तकनीकी स्तर की बातचीत होगी। वहीं कुछ रिपोर्टों के मुताबिक ईरान को आर्थिक सहायता के लिए करीब 28 लाख करोड़ रुपए का पैकेज मिल सकता है, हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…

1. ट्रम्प बोले- ईरान शर्तें पूरी करे तभी राहत मिलेगी: अमेरिकी राष्ट्रपति ने साफ किया कि ईरान को प्रतिबंधों से राहत तभी मिलेगी, जब वह समझौते की सभी शर्तों का पालन करेगा। अमेरिका ने फिलहाल किसी भी तत्काल आर्थिक राहत से इनकार किया है।

2. इजराइल ने डील से किनारा किया: इजराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतमार बेन ग्वीर ने कहा कि यह ट्रम्प की डील है और इजराइल इससे बंधा नहीं है। वहीं रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने भी साफ किया कि दक्षिणी लेबनान से सेना नहीं हटेगी।

3. मैक्रों ने यूरेनियम पर शर्त रखी: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि ईरान के संवर्धित यूरेनियम भंडार को निष्क्रिय कर IAEA की निगरानी में रखा जाना चाहिए, ताकि उसका इस्तेमाल परमाणु हथियारों के लिए न हो सके।

4. ईरान ने समझौते को अपनी जीत बताया: ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने अमेरिका के साथ हुए समझौते को ‘जीत का दस्तावेज’ बताया। उन्होंने कहा कि इजराइल की नाराजगी ही साबित करती है कि बातचीत में ईरान मजबूत स्थिति में रहा।

5. दुनियाभर के देशों ने समझौते का स्वागत किया: UAE, कुवैत, स्विट्जरलैंड, कतर और पाकिस्तान समेत कई देशों ने अमेरिका-ईरान समझौते को क्षेत्रीय शांति और स्थिरता की दिशा में बड़ा कदम बताया है।

रिपोर्ट- कतर होर्मुज खुलते ही LNG उत्पादन बढ़ाएगा

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, कतर होर्मुज स्ट्रेट दोबारा खुलने के बाद अपने LNG (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) उत्पादन में तेजी से बढ़ोतरी की तैयारी कर रहा है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि ‘कतर एनर्जी’ ने खरीदारों को बताया है कि जलमार्ग सुरक्षित होने के एक महीने के भीतर उत्पादन क्षमता करीब 50% तक पहुंचा दी जाएगी। दो महीने में इसे बढ़ाकर लगभग 80% करने का लक्ष्य है।

हालांकि मार्च में ईरानी मिसाइल हमलों से हुए नुकसान के कारण कुछ उत्पादन क्षमता को पूरी तरह बहाल करने में कई साल लग सकते हैं।

ईरान बोला- अमेरिका से दो चरणों में बातचीत होगी

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौते के बाद होने वाली आगे की बातचीत दो चरणों में होगी।

पहले चरण में होर्मुज स्ट्रेट की स्थिति, अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी और पुनर्निर्माण जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

इसके बाद दूसरे चरण की बातचीत शुरू होगी जो 60 दिन तक चलेगी। इसमें परमाणु कार्यक्रम और प्रतिबंधों में राहत जैसे अहम मुद्दों पर बात होगी।

ईरान से पीस डील के खिलाफ अमेरिकी विदेश मंत्री, रक्षा मंत्री और CIA चीफ

पश्चिम एशिया में युद्ध खत्म करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच हुए प्रारंभिक समझौते से ट्रम्प सरकार के भीतर मतभेद पैदा हो गया है। एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, CIA चीफ जॉन रैटक्लिफ को शक है कि ईरान समझौते में किए गए सभी वादे निभाएगा या नहीं।

विदेश मंत्री मार्को रुबियो का भी मानना है कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर वे कदम उठाने के लिए तैयार नहीं है, जिनकी अमेरिका उम्मीद कर रहा है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी समझौते को लेकर चिंता जताई थी।

वहीं उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर समझौते को आगे बढ़ाने के पक्ष में थे।

ईरानी फुटबॉल टीम के कप्तान को अमेरिका में एयरपोर्ट पर रोका गया

ईरानी फुटबॉल टीम।
ईरानी फुटबॉल टीम।

ईरान की फुटबॉल टीम के कप्तान और सहायक कोच को अमेरिका के लॉस एंजिलिस एयरपोर्ट पर रोक लिया गया। इसके कारण टीम को मेक्सिको के कैंप वापस लौटने में देर हो गई।

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, टीम के कप्तान और स्ट्राइकर मेहदी तारेमी और सहायक कोच सईद अलहुई की एयरपोर्ट औपचारिकताएं पूरी होने में देरी हुई।

बाकी खिलाड़ी विमान में सवार हो गए थे, लेकिन तारेमी और सहायक कोच एयरपोर्ट से निकलने की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे थे।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER