TIO नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में पड़ाहों पर बर्फबारी के चलते मैदानी राज्यों में तेज सर्दी पड़ रही है। मध्य प्रदेश में सोमवार रात 25 शहरों का तापमान 10° सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड हुआ। पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री पहुंच गया।

उत्तर प्रदेश में 26 जिले शिमला से ज्यादा ठंडे रहे। बाराबंकी में सोमवार रात पारा 4.5°C दर्ज हुआ। इटावा, शाहजहांपुर, कानपुर और बुलंदशहर में 7 डिग्री से कम तापमान रहा। 48 घंटे में सर्दी से 3 लोगों की मौत हो चुकी है। 9 शहरों में 8वीं तक के स्कूल आज बंद किए गए हैं।

उत्तराखंड के नैनीताल में कल 6°C और हिमाचल के शिमला में 11°C पारा रिकॉर्ड हुआ। जम्मू के पहाड़ी इलाकों में दो दिनोंं से बर्फबारी का दौर जारी है। इसके कारण रात के तापमान में गिरावट आई है। गुलमर्ग का तापमान -2.0°C रिकॉर्ड किया गया।

दिल्ली में कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम रही। इसके कारण IGI एयरपोर्ट पर 500 से ज्यादा फ्लाइट देरी से ऑपरेट हुईं। साथ ही 14 फ्लाइट कैंसिल की गईं, जिसमें 6 आने वाली और 8 जाने वाली फ्लाइट शामिल थीं। इनमें कुछ इंटरनेशनल फ्लाइट भी थीं।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER