शैलेन्द्र शैली

भोपाल । भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने मध्य प्रदेश के मुख्य मंत्री से मांग की है कि शिक्षकों के लगभग 3 लाख रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्ति की जाए । भाकपा ने नियुक्ति की मांग को लेकर भोपाल जारी अनशन का का समर्थन किया है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के मध्य प्रदेश राज्य सचिव कॉमरेड शैलेन्द्र शैली ने यहां जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि ” मध्य प्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी राजपत्र के अनुसार 27 दिसम्बर 2024 की स्थिति में माध्यमिक शिक्षकों के लगभग 99,197 तथा प्राथमिक शिक्षकों के लगभग 1,31,152 पद रिक्त हैं ।इसके साथ ही जनजातीय कार्य विभाग द्वारा जारी राजपत्र के अनुसार माध्यमिक शिक्षकों के 43,734 पद तथा प्राथमिक शिक्षकों के 54,625 पद रिक्त हैं । इस तरह मध्य प्रदेश में शिक्षकों के लगभग 3 लाख पद रिक्त हैं।
इसके बावजूद मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग तथा जनजातीय कार्य विभाग द्वारा शिक्षक चयन परीक्षा वर्ग 2 और वर्ग 3 का अति सीमित रिक्त पदों के लिए आयोजन किया गया। पदों की संख्या अत्यन्त सीमित होने के कारण बड़ी संख्या में अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होने वाले योग्य अभ्यर्थी भी नियुक्ति से वंचित रह गए। मध्य प्रदेश में लाखों युवा बेरोज़गार हैं । मध्य प्रदेश सरकार के शिक्षा विभाग में लाखों पद भी रिक्त हैं। इसलिए जनहित में इन रिक्त पदों पर अच्छे अंकों से चयन परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों की नियुक्ति करना चाहिए। नियुक्ति की मांग को लेकर भोपाल में लंबे समय से आन्दोलन चल रहा है। लोक शिक्षण संचालनालय के कार्यालय के सामने योग्य अभ्यर्थी अनशन कर रहे हैं। लेकिन मध्य प्रदेश के मुख्य मंत्री , शिक्षा मंत्री और लोक शिक्षण संचालनालय के अधिकारियों को आंदोलनकारियों से बात करने की भी फुरसत नहीं है। यह अमानवीय संवेदनहीनता अनुचित है ।भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी इसकी कड़ी भर्त्सना करती है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने मध्य प्रदेश के शिक्षा विभाग में लाखों रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्ति की मांग की है। “







