TIO मुंबई

एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में कोटा पुलिस ने 3 संदिग्ध को हिरासत में लिया है। इनमें से दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि इनमें से दो ने फायरिंग की। मुंबई क्राइम ब्रांच राजस्थान, गुजरात में कई जगह छापेमारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक फायरिंग के बाद आरोपी एसवी रोड से विले पार्ले और अंधेरी होते हुए भागे। उन्होंने अपनी बाइक अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास छोड़ी और बोरीवली जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए।
पुलिस ने यह बाइक बरामद कर ली है। तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। जांच एजेंसियों को शक है कि आरोपियों ने वारदात से पहले टाइगर की गतिविधियों की रेकी की थी। उन्हें पता था कि एक्टर हर रविवार जुहू के फुटबॉल ग्राउंड आते हैं।
पुलिस के मुताबिक, टाइगर को गोली नहीं लगी, लेकिन उनके बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई। फायरिंग में उनके ड्राइवर को भी चोट लगी। टाइगर की कार पर शाम 7 बजे 3 लोगों ने फायरिंग की थी। इसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली है। 4 साल में सलमान खान समेत 8 एक्टर्स-सिंगर्स पर अटैक हो चुका है।
लाइव अपडेट्स
कोटा में पकड़े गए 3 आरोपियों में से एक नाबालिग
1. ऋतिक मुंबई में रैपिडो चलाता है: 22 साल का ऋतिक बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है। इसके पिता का नाम रामू महतो है। फिलहाल यह मुंबई के अंधेरी वेस्ट में उर्दू स्कूल के पास रहता है और ‘रैपिडो’ बाइक चलाता था।
2. रेहान सोनीपत का रहने वाला: 18 साल के रेहान के पिता का नाम रिशीउद्दीन अंसारी है। यह हरियाणा में सोनीपत के सदर थाना क्षेत्र की ईदगाह कॉलोनी का रहने वाला है।
3.नाबालिग (उम्र 17 साल): यह हरियाणा में सोनीपत जिले का रहने वाला है।
संजय राउत बोले- महाराष्ट्र में जंगलराज हो गया है
शिवसेना (उद्धव गुट) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री होने के साथ राज्य के गृहमंत्री भी हैं। उनके पास कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी है। मुंबई में इस तरह की कई घटनाएं हुई हैं, जिनमें सलमान खान, बाबा सिद्दीकी, शिवसेना कार्यकर्ता प्रदीप पुर्णेकर पर हमला भी शामिल है। ये जंगलराज है।
राउत ने आगे ये भी कहा कि सरकार अगर कानून-व्यवस्था में नाकाम है तो सरकार को हटाकर राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा देना चाहिए। महाराष्ट्र के हालात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से संभल नहीं रहे हैं।
पुलिस बोली- टाइगर का रूटीन जानते थे हमलावर
टाइगर श्रॉफ हमला मामले में अब मुंबई पुलिस गुजरात, राजस्थान तक जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक हमलावरों ने हमले की साजिश रची। इसके लिए उन्होंने एक्टर के पूरे रूटीन पर नजर रखी थी। उन्हें पता था कि टाइगर रविवार को जुहू फुटबॉल ग्राउंड पर फुटबॉल खेलने जाते है। हमलावरों ने उसी समय अटैक किया, जब वे ग्राउंड से कार की तरफ जा रहे थे।
सांसद रवि किशन ने कहा- टाइगर को महादेव ने बचाया
एक्टर और भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि यह चिंता और जांच का विषय है। जो भी दोषी हैं, उन्हें कठोर सजा होनी चाहिए। महादेव-माता रानी ने उनकी (टाइगर श्रॉफ) रक्षा की है। महाराष्ट्र पुलिस और महाराष्ट्र सरकार कोई कसर नहीं छोड़ रही है। आरोपी जल्दी पकड़े जाएंगे।
डायरेक्टर अशोक पंडित बोले- ये किसी के साथ भी हो सकता है
डायरेक्टर अशोक पंडित ने कहा कि कहीं न कहीं सरकार और पुलिस को ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी होगी। अगर आप इन घटनाओं को लगातार होने देते हैं तो इससे पूरी इंडस्ट्री का भरोसा टूट जाएगा। सिर्फ हमारी इंडस्ट्री ही नहीं, बल्कि आम आदमी का भरोसा भी डगमगा जाएगा।
पंडित ने आगे ये भी कहा कि किसी भी इंडस्ट्री से जुड़े व्यक्ति पर गोलीबारी होने से लोगों के बीच दहशत और डर का माहौल पैदा होता है। इससे हर कोई, यहां तक कि आम आदमी भी खुद को असुरक्षित महसूस करने लगता है।
यह सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा मामला नहीं है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा से भी जुड़ा है। जब ऐसी घटनाएं होती हैं तो आम आदमी के मन में भी असुरक्षा की भावना पैदा होती है। आज ये उनके साथ हुआ है, कल हमारे साथ भी हो सकता है।
हमले पर शत्रुघ्न सिन्हा बोले- कल की घटना चौंकाने वाली
टाइगर पर हमले पर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, ‘आखिर ये सब क्या हो रहा है? एक बेहद काबिल पिता के बेटे और सबसे चहेते स्टार टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाना, उन पर गोलीबारी करना बेहद गंभीर है। टाइगर खुशकिस्मत रहे कि उन्हें कोई चोट नहीं आई, लेकिन उनके ड्राइवर को बुरी तरह चोट लगी। ये घटना बेहद चिंताजनक और चौंकाने वाली है।’
4 साल में 8 एक्टर्स-सिंगर्स पर हमला हो चुका
टाइगर पर हमला कब और कहां हुआ, पूरी टाइमलाइन
हमलावरों की बाइक की तस्वीर सामने आई

टाइगर श्रॉफ की कार पर 2 लोगों ने हमला किया, जबकि तीसरा शख्स बाइक चला रहा था। हमलावरों की बाइक की तस्वीर सामने आई है, आरोपी इसे अंधेरी स्टेशन में खड़ा कर फरार हो गए हैं।
महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस बोले- पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर कहा, “यह बेहद गंभीर और निंदनीय मामला है। मुंबई पुलिस ने इसे पूरी गंभीरता से लिया है। पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर फिलहाल जांच की जा रही है। कुछ खास लोगों की पहचान भी कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।”
“इसके अलावा, पर्दे के पीछे रहकर निर्देश देने वाले और छिपे हुए मास्टरमाइंड तक भी हम पहुंचेंगे। ये आरोपी महाराष्ट्र के बाहर, यहां तक कि देश के बाहर से भी अपनी गतिविधियां चला रहे हैं। मैं फिर दोहराना चाहता हूं कि ये कायर लोग हैं। ये छिपकर वार करने की कोशिश करते हैं, लेकिन इनके मंसूबों को नाकाम कर दिया जाएगा।”
फायरिंग में घायल शख्स की हालत गंभीर, KEM अस्पताल शिफ्ट

मुंबई पुलिस के मुताबिक, टाइगर पर हमले के दौरान फायरिंग में घायल हुए उनके फैन उमेश चव्हाण गंभीर रूप से घायल है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए कूपर अस्पताल से KEM अस्पताल शिफ्ट किया गया है।
सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में रखी गई टाइगर की कार
टाइगर श्रॉफ की BMW कार को जांच के लिए जब्त कर सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में रखा गया है।
हमले की 5 तस्वीरें देखिए
1. टाइगर की कार जुहू के पुष्पा पार्क पहुंची
रविवार शाम 7 बजे टाइगर की कार जुहू के पुष्पा पार्क पहुंचती है। कार में टाइगर फ्रंट सीट पर बैठे थे और ड्राइवर गाड़ी चला रहा था। इसी दौरान वहां शूटर्स ने फायरिंग शुरू कर दी।

2. टाइगर की कार पर 5 राउंड फायरिंग
शूटर्स ने टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर 5 राउंड फायरिंग की। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

3. ड्राइवर को गोली लगी, वह गाड़ी से बाहर निकला
फायरिंग के दौरान टाइगर का ड्राइवर गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद वह गाड़ी से बाहर निकल आया। ड्राइवर के घायल होने के बाद गाड़ी चलाने की जिम्मेदारी टाइगर ने खुद संभाली।

4. फ्रंट सीट से ड्राइविंग सीट पर आए टाइगर
ड्राइवर के गाड़ी से बाहर निकलने के बाद टाइगर श्रॉफ फ्रंट सीट से ड्राइविंग सीट पर आ गए। उन्होंने खुद गाड़ी का स्टेयरिंग संभाला।

5. एक्टर खुद कार चलाकर अस्पताल गए
एक्टर घायल ड्राइवर को भी कार में लेकर खुद गाड़ी चलाते हुए अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने ड्राइवर को भर्ती कराया और अपने हाथ की ड्रेसिंग भी करवाई।

टाइगर श्रॉफ पर जुहू से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर फायरिंग हुई
एक्टर करणवीर मेहरा बोले- मैंने वहां खून के धब्बे देखे
हमले से पहले टाइगर श्रॉफ एक मैच का हिस्सा बने थे। इस दौरान अपारशक्ति खुराना, अभिमन्यु दसानाी, अभिषेक बजाज और करणवीर मेहरा भी साथ थे। कुछ देर बाद टाइगर कुछ फैंस के साथ सेल्फी क्लिक करवाने के बाद मैदान से निकले।
करणवीर मेहरा की कार, टाइगर की कार से ठीक पीछे थी। करणवीर ने एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में घटना पर कहा, ‘मेरी कार पीछे थी। जब हम वहां पहुंचे, तो खून के धब्बे थे, तभी पता चला कि टाइगर को गोली लगी है। खुशी है वह सुरक्षित हैं। घटनास्थल पर कुछ बच्चे बर्थडे पार्टी मना रहे थे, सब इधर-उधर भागने लगे। मेरी कार थोड़ा पीछे थी। लोग तस्वीरें ले रहे थे। हमने गोलियों की आवाज सुनी और लोगों को चिल्लाते सुना। हमें पहले लगा कि आतिशबाजी हो रही है। हमने ही पुलिस बुलाई, तब तक टाइगर ड्राइवर के साथ वहां से जा चुके थे।’
टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर का बयान लिया गया
फायरिंग के समय टाइगर के साथ मौजूद ड्राइवर का बयान दर्ज किया गया है। हमले में उन्हें दाहिने हाथ में गोली लगी है। देर रात फिरदौस की मां उनसे मिलने अस्पताल पहुंची थीं। इस मामले की जांच मुंबई पुलिस और मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। पुलिस ने जांच के लिए 15 टीम बनाई हैं।







