TIO कोलकाता
पश्चिम बंगाल में डायमंड हार्बर के 4 और मगरहाट पश्चिम के 11 बूथों पर शनिवार सुबह 7 बजे से दोबारा मतदान जारी है। वोटिंग शाम 6 बजे तक होगी। डायमंड हार्बर के रॉयनगर प्राइमरी स्कूल में बूथ नंबर 243 पर एक वोटर ने शिकायत में कहा- यहां पर ईवीएम खराब है, हम आधे घंटे से ज्यादा समय से वोट डालने का इंतजार कर रहे हैं।
सुबह 9 बजे तक मगरहाट में 16.68%, डायमंड हार्बर में 15.83% वोटिंग हुई है। दरअसल, 29 अप्रैल को इन बूथों पर दूसरे फेज की वोटिंग के दौरान EVM से छेड़छाड़ और झड़प की शिकायत मिली थी। इसके चलते दोबारा वोटिंग का फैसला लिया गया। ये सभी बूथ दक्षिण 24 परगना जिले में आते हैं।
वहीं, TMC ने कोलकाता खुदीराम अनुशीलन केंद्र के रिटर्निंग ऑफिसर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी का दावा है कि पोस्टल बैलेट कवर से छेड़छाड़ हुई है।
राज्य की सभी 294 सीटों पर रिकॉर्ड 92.84% वोटिंग हुई। 23 अप्रैल को फर्स्ट फेज की 152 सीटों पर 93.19% मतदान हुआ था। 29 अप्रैल को सेकेंड फेज की 142 सीटों पर 92.48% वोट पड़े। रिजल्ट 4 मई को आएंगे।
री-पोलिंग की 2 तस्वीरें…


पश्चिम बंगाल- 8 एग्जिट पोल में से 6 में भाजपा, 2 में TMC सरकार
दक्षिण 24 परगना की 2 विधानसभा सीटों पर हो रही दोबारा वोटिंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
मगरहाट में EVM पर स्याही लगी- भास्कर रिपोर्टर सुनील मौर्य
मगरहाट से भाजपा उम्मीदवार बोले- वोटिंग अच्छे से चल रही है
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना के मगराहाट से भाजपा उम्मीदवार गौरसुंदर घोष ने कहा कि यहां 11 बूथों में फिर से मतदान हो रहा है। हमें विश्वास है कि हम जीतेंगे। मतदान अच्छे से चल रहा है।
TMC नेता कोलकाता के EVM स्ट्रॉन्ग रूम पहुंचीं
तृणमूल कांग्रेस नेता शशि पांजा ने कोलकाता के नेताजी सुभाष इंडोर स्टेडियम में बने ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम का दौरा किया। वे वहां सुरक्षा व्यवस्था और मशीनों के रख-रखाव का जायजा लेने पहुंची थीं। 4 मई को होने वाली मतगणना से पहले राजनीतिक दलों के नेता लगातार स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी कर रहे हैं ताकि प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार बोले- बंगाल में हिंदू वोट शेयर बढ़ा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव पर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा है कि इस बार मतदान का प्रतिशत बहुत अधिक रहा है। राज्य की 30% आबादी मुस्लिम है और मुस्लिम बहुल बूथों पर हमेशा अधिक मतदान होता है, लेकिन इस बार का बढ़ा हुआ प्रतिशत यह दर्शाता है कि हिंदू वोट शेयर में भी बढ़ोतरी हुई है।
जादवपुर में मतगणना के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पश्चिम बंगाल के जादवपुर में मतगणना के लिए आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय पॉलिटेक्निक कॉलेज में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
खुदीराम अनुशीलन केंद्र के स्ट्रॉन्ग रूम के लिए TMC की शिकायत
खुदीराम अनुशीलन केंद्र के स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर TMC ने शिकायत की है। TMC का आरोप है कि स्ट्रॉन्ग रूम में बैलेट पेपर वाले वोटों से छेड़छाड़ हुई है।
डायमंड हार्बर के एक बूथ पर एक घंटे तक वोटिंग रुकी
पश्चिम बंगाल की डायमंड हार्बर विधानसभा में शनिवार सुबह EVM खराब होने के कारण मतदान करीब एक घंटे तक रुका रहा। डायमंड हार्बर और मगराहट पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के 15 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से री-पोलिंग शुरू हुई थी।
लेकिन मशीन में तकनीकी खराबी की वजह से मतदाताओं को लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ा। इस स्थिति से नाराज होकर एक मतदाता ने अधिकारियों से कहा कि अगर मतदान नहीं हो पा रहा है, तो बूथ बंद कर दिया जाए ताकि लोग घर जा सकें।







