TIO नई दिल्ली
ईरान में भारतीय दूतावास ने मंगलवार को कहा कि वह ईरान और इजराइल के बीच सैन्य संघर्ष के दौरान शुरू किए गए भारतीयों को निकालने के अभियान को बंद कर रहे हैं। क्योंकि दोनों देशों के बीच युद्ध विराम हो गया है। दूतावास ने इवैक्युएशन के लिए नए नामों को रजिस्टर करने के लिए खोले गए डेस्क को बंद कर दिया है।
हालांकि X पर एक पोस्ट में दूतावास ने लिखा कि भारत ईरान के हालात पर बारीकी से नजर रख रहा है और अगर वहां मौजूद भारतीयों को किसी भी तरह का खतरा होता है, तो वह अपनी रणनीति में बदलाव करेगा।
भारत ने दोनों देशों के बीच बढ़ती दुश्मनी को देखते हुए, ईरान और इजराइल से भारतीयों को वापस लाने के लिए पिछले सप्ताह ऑपरेशन सिंधु शुरू किया था।
इस बीच 25 जून की रात 12.01 बजे 282 भारतीयों को लेकर एक फ्लाइट मशहद से दिल्ली पहुंची। वहीं बुधवार सुबह 224 भारतीय नागरिक एयरफोर्स विमान से इजराइल से भारत लौटे।
इसके साथ ही ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान और इजराइल से निकाले गए लोगों की संख्या 3394 हो गई है।







