TIO नई दिल्ली

देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश अब जानलेवा साबित हो रही है। झारखंड में मंगलवार को बिजली गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हुए हैं। सबसे ज्यादा 9 मौतें गिरिडीह, 3 दुमका और 2 लातेहार जिले में हुईं।

यूपी के बिजनौर में गंगा नदी का पानी हाईवे पर बह रहा है। हाईवे की अप्रोच रोड नदी के तेज बहाव में बह गई। सड़क पर 12 फीट गहरा गड्ढा हो गया। वहीं, फर्रुखाबाद में बैरिकेडिंग कर हाईवे को बंद करना पड़ा।

मिर्जापुर में 3 लोगों की जान चली गई। दो बच्चों की मौत गड्ढे में डूबने से हुई। एक 25 साल के युवक पर बिजली गिर गई।

दूसरी ओर केरलम में 1 अगस्त से लगातार बारिश ने अब तक 25 लोगों की जान ले ली है, जबकि 4 लोग लापता हैं। लगातार बारिश और बाढ़ के कारण हजारों लोगों को घर छोड़ने पड़े हैं।

केरलम सरकार के मुताबिक, 18 हजार से ज्यादा लोगों को राहत शिविरों में रखा गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और लैंडस्लाइड के कारण 300 से ज्यादा सड़कें बंद हैं।

इनमें हिमाचल की 160 और उत्तराखंड की 100 से ज्यादा सड़कें शामिल हैं। उत्तराखंड के देहरादून और बागेश्वर में 12वीं तक के स्कूलों में आज छुट्टी कर दी गई है।

सैटेलाइट मैप में देखें मानसूनी बादलों की स्थिति

देशभर से मौसम की तस्वीरें

मथुरा में मंगलवार को भारी बारिश के बाद अंडरपास में पानी भर गया। टू-व्हीलर सवार लोग कमर तक पानी में चलते दिखे।
मथुरा में मंगलवार को भारी बारिश के बाद अंडरपास में पानी भर गया। टू-व्हीलर सवार लोग कमर तक पानी में चलते दिखे।
बिजनौर में गंगा नदी के उफान से स्टेट हाइवे बंद हो गया है।
बिजनौर में गंगा नदी के उफान से स्टेट हाइवे बंद हो गया है।
हरियाणा के पानीपत में सड़क पर इतना पानी भर गया कि बच्चों को खुला नाला दिखाई नहीं दिया। तीनों नाले में गिर गए, जिन्हें राहगीरों ने निकाला।
हरियाणा के पानीपत में सड़क पर इतना पानी भर गया कि बच्चों को खुला नाला दिखाई नहीं दिया। तीनों नाले में गिर गए, जिन्हें राहगीरों ने निकाला।
उत्तरकाशी में यमुनोत्री हाईवे के स्यानाचट्टी और सिलाई बैंड के पास लैंडस्लाइड हुआ। पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने से यातायात प्रभावित है।
उत्तरकाशी में यमुनोत्री हाईवे के स्यानाचट्टी और सिलाई बैंड के पास लैंडस्लाइड हुआ। पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने से यातायात प्रभावित है।
बिहार के सासाराम में सेल्फी लेने के दौरान तीन युवक नदी के तेज बहाव में फंस गए। गांववालों ने कपड़ों की रस्सी के सहारे उन्हें बचाया।
बिहार के सासाराम में सेल्फी लेने के दौरान तीन युवक नदी के तेज बहाव में फंस गए। गांववालों ने कपड़ों की रस्सी के सहारे उन्हें बचाया।

असम में 23 इलाके अब भी बाढ़ से प्रभावित; 27 मौतें, 5 लोग लापता

असम के शिवसागर जिले के नजीरा सब-डिवीजन में बाढ़ की स्थिति अब ज्यादातर इलाकों में काबू में है। हालांकि, 23 इलाके अब भी प्रभावित हैं। जिला प्रशासन के मुताबिक, सीमावर्ती क्षेत्रों में सबसे ज्यादा तबाही हुई है। नापालिकुटी इलाके में बड़े पैमाने पर जमीन का कटाव हुआ है।

जिला प्रशासन ने बताया कि लगातार बारिश और नगालैंड से आए पानी के कारण कई गांव जलमग्न हो गए थे। हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अब राहत और बहाली का काम जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, बाढ़ से अब तक 26-27 लोगों की मौत हुई है, जबकि 4-5 लोग अब भी लापता हैं।

दिल्ली में आज हल्की बारिश के आसार; हवा साफ, AQI 64 हुआ

दिल्ली में बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

दिल्ली में मंगलवार को बारिश हुई थी। पिछले 24 घंटे में शहर के अयानगर में सबसे ज्यादा 49.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं सफदरजंग में 10.8 मिमी, पालम में 8.3 मिमी, लोधी रोड में 3.9 मिमी और रिज क्षेत्र में 3 मिमी बारिश दर्ज की गई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सुबह 9 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 64 रहा, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में है।

बिजली क्यों गिरती है?

  • गर्मियों में जमीन बहुत गर्म हो जाती है। इससे गर्म और नमी वाली हवा ऊपर उठती है। ऊंचाई पर पहुंचकर यह हवा ठंडी हो जाती है और बादल बनते हैं।
  • इन बादलों के अंदर पानी की बूंदें और बर्फ के छोटे-छोटे कण आपस में टकराते रहते हैं। इससे बादलों में बिजली जैसा विद्युत आवेश (इलेक्ट्रिक चार्ज) बन जाता है। बादल के निचले हिस्से में निगेटिव चार्ज और जमीन पर पॉजिटिव चार्ज होता है।
  • जब दोनों के बीच चार्ज का अंतर बहुत ज्यादा बढ़ जाता है, तो उसे संतुलित करने के लिए बादल से जमीन की ओर तेज बिजली दौड़ती है। यही बिजली (ठनका) कहलाती है।
  • बिजली अक्सर पेड़, ऊंचे टावर, खुले मैदान या वहां मौजूद व्यक्ति पर गिरती है, क्योंकि ये आसपास की जगहों से ऊंचे होते हैं।
खंड में बिजली से ज्यादा मौतें क्यों होती हैं?
  • बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवा और तेज गर्मी: भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवा और जमीन की तेज गर्मी मिलकर गरज वाले बादल (क्यूम्यलोनिंबस) बनाती है। इससे बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं।
  • खेती और खुले इलाकों में काम: बिहार और झारखंड में बड़ी आबादी खेती से जुड़ी है। मानसून के दौरान लोग खुले खेतों में काम करते हैं, जिससे बिजली गिरने की चपेट में आने का खतरा बढ़ जाता है।
  • पेड़ों और ऊंची जगहों के पास रहना: राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के अनुसार, ज्यादातर हादसे तब होते हैं जब लोग खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या ऊंची जगहों पर होते हैं। बिजली ऐसी जगहों पर गिरने की संभावना अधिक होती है।

यूपी: हाईवे पर गंगा का पानी आया, 40+ गांव में बाढ़, 75 जिलों में बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के बिजनौर और फर्रुखाबाद में लगातार बारिश के कारण गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। 40 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में हैं। कई जगह हाईवे के ऊपर से नदी का पानी बह रहा है। शामली में तेज बहाव में एक कार बह गई, जबकि अंडरपास में फंसी स्कूल बस को ट्रैक्टर से बाहर निकाला गया। मिर्जापुर में बारिश और बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई।

पंजाब-चंडीगढ़: 6 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, पटियाला में सबसे ज्यादा बारिश

पठानकोट में मंगलवार को भारी बारिश हुई। डाकखाना चौक में सड़कों पर पानी भर गया।
पठानकोट में मंगलवार को भारी बारिश हुई। डाकखाना चौक में सड़कों पर पानी भर गया।

पंजाब और चंडीगढ़ में 5 और 6 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट है। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 31.3°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, 7 अगस्त से भारी बारिश में राहत मिल सकती है। पिछले 24 घंटे में पटियाला में सबसे ज्यादा 143 मिमी बारिश हुई।

हिमाचल: 160 से ज्यादा सड़कें बंद, चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर लैंडस्लाइड

मंगलवार को लैंडस्लाइड के कारण मंडी-कुल्लू सड़क खोती नाला के पास बंद हो गया।
मंगलवार को लैंडस्लाइड के कारण मंडी-कुल्लू सड़क खोती नाला के पास बंद हो गया।

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर लैंडस्लाइड के कारण हाईवे करीब 2 घंटे तक बंद रहा। राज्य में 160 से ज्यादा सड़कें, 190 बिजली ट्रांसफॉर्मर और 58 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। कांगड़ा में पूरी रात मूसलाधार बारिश हुई।

बिहार: आज पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट, सुपौल-अररिया में भारी होगी

बिहार में मानसून फिर सक्रिय है। मौसम विभाग ने आज पूरे राज्य में बारिश का अलर्ट जारी किया है। सुपौल और अररिया में भारी बारिश का अलर्ट है। अगले 24 घंटे के दौरान पटना, बक्सर, सारण, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, बेगूसराय और किशनगंज समेत कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है।

उत्तराखंड: 10 जिलों की 99 सड़कें बंद, देहरादून-बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट, स्कूलों की छुट्टी

देहरादून के कालसी में मंगलवार को अचानक रोड पर तेज बहाव आ गया, जिससे कार फंस गई।
देहरादून के कालसी में मंगलवार को अचानक रोड पर तेज बहाव आ गया, जिससे कार फंस गई।

उत्तराखंड में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने बुधवार को देहरादून और बागेश्वर के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश और लैंडस्लाइड से देहरादून के कालसी-चकराता मार्ग समेत कई रास्तों पर यातायात प्रभावित है। 10 जिलों की 99 सड़कें बंद हैं। देहरादून और बागेश्वर में 12वीं तक के सभी स्कूलों में आज छुट्टी घोषित की गई है।

झारखंड में बिजली से 14 की मौत, गिरिडीह में 9 की जान गई

झारखंड में मंगलवार को बिजली गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हुए हैं। सबसे ज्यादा 9 मौतें गिरिडीह, 3 दुमका और 2 लातेहार जिले में हुईं।

पुलिस के मुताबिक, गिरिडीह के देवरी थाना क्षेत्र में युवकों का ग्रुप खेलने के बाद एक जगह बैठा था। तभी उन पर बिजली गिरी। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और 3 घायल हो गए। मरने वालों में चार युवक 18 से 20 साल की उम्र के थे।

राजस्थान: 17 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, तापमान 5 डिग्री तक गिरा

राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने आज 17 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को करौली, भरतपुर, अलवर और हनुमानगढ़ समेत कई जिलों में 2 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। इससे कई इलाकों में दिन का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।

MP: राज्य में 18% कम बारिश, 43 जिले सूखा; आज 5 जिलों में बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में इस मानसून अब तक औसत से 18% कम बारिश हुई है। पिछले करीब 5 दिनों से कहीं भी भारी बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में सक्रिय मौसम सिस्टम ज्यादा मजबूत नहीं थे। हालांकि, बुधवार को 5 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। ग्वालियर-चंबल, सागर और रीवा संभाग में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

अगले दो दिन देशभर में मौसम का अनुमान

6 अगस्त

  • मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में बहुत ज्यादा बारिश होगी।
  • बिहार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान समेत 20+ राज्यों में तेज बारिश होगी।
  • बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। आंधी-बिजली का अलर्ट है।

7 अगस्त

  • राजस्थान और मध्य प्रदेश में बहुत ज्यादा बारिश की संभावना है।
  • उत्तराखंड, हिमाचल, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, केरल में भारी बारिश का अनुमान।
  • बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और अंडमान-निकोबार में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी।
Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER