TIO वॉशिंगटन डीसी/तेहरान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान पर सबसे बड़े हमले को फिलहाल रोक दिया है। द न्यूयॉर्क टाइम्स और एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को शीर्ष सलाहकारों और कैबिनेट सदस्यों के साथ बैठक के बाद ट्रम्प ने सेना को नए बड़े हमले रोकने का आदेश दिया।

रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सैन्य अधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि अगर अभियान और बढ़ाया गया तो मिडिल-ईस्ट में तैनात अमेरिकी सेना के पास पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों और अन्य एयर डिफेंस हथियारों का भंडार गंभीर रूप से कम हो सकता है।

जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन ने सलाह दी कि बड़े अभियान से मिडिल-ईस्ट में तैनात अमेरिकी सैनिकों और सहयोगी देशों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल के अंत तक अमेरिका 1200 से ज्यादा पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलें इस्तेमाल कर चुका था।

एक्सियोस के मुताबिक, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हमले रोकने का फैसला अस्थायी है या लंबे समय तक लागू रहेगा। हालांकि, जरूरत पड़ने पर अमेरिकी सेना बड़े सैन्य अभियान के लिए तैयार रहेगी।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…

1. हूती विद्रोहियों का सऊदी अरब की रिफाइनरी पर हमला: हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने शनिवार को सऊदी अरब के जजान स्थित सऊदी अरामको रिफाइनरी पर 3 बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है। जजान रिफाइनरी को सऊदी अरब की पांचवीं सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी माना जाता है।

2. ईरान की फायरिंग के बाद 4 जहाजों ने बदला रास्ता: ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसकी नौसेना ने पिछले 24 घंटे में होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश कर रहे चार जहाजों पर चेतावनी के तौर पर फायरिंग की। इसके बाद चारों जहाजों ने अपना रास्ता बदल लिया।

3. ईरान में पेट्रोल महंगा करने पर विचार: ईरान सरकार पेट्रोल की खपत को कंट्रोल करने के लिए पेट्रोल को महंगा कर सकती है। सरकार के मुताबिक, अभी इस पर विचार कर रही है कि बदलाव कैसे लागू किए जाएं।

4. अमेरिका ने ईरान पर हमला रोका: अमेरिका ने शुक्रवार रात ईरान पर हमला नहीं किया। इससे पहले वह लगातार 13 दिनों तक हर रात ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमला कर रहा था।

5. बहरीन में अमेरिकी ठिकाने पर ईरानी हमला: ईरान ने बहरीन में अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट के नौसैनिक ठिकाने पर हमला किया। यहां ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया गया, जिसके बाद कई बड़े विस्फोट हुए।- अमेरिका की हालत खराब

ईरान की सेना ने दावा किया है कि अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट और ईरान, दोनों मोर्चों पर अपने मकसद पूरे नहीं कर पाया। सेना के प्रवक्ता जनरल अबोलफजल शेखारची ने कहा कि मौजूदा हालात अमेरिका के लिए अच्छे नहीं हैं

होर्मुज पर ईरान-ओमान की बातचीत आगे बढ़ी

होर्मुज में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर ईरान और ओमान के बीच बातचीत आगे बढ़ी है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने बताया कि तेहरान में दोनों देशों के उप-विदेश मंत्रियों के बीच दो दिन तक बातचीत हुई।

बघाई ने कहा कि दोनों देशों ने जहाजों की सुरक्षित आवाजाही और होर्मुज में अपने-अपने अधिकारों को लेकर चर्चा की। बातचीत में कुछ मुद्दों पर सहमति बनी है और बाकी मामलों पर तकनीकी और राजनीतिक स्तर पर बातचीत जारी रहेगी।

कुवैत ने सऊदी जहाज पर हूती हमलों की निंदा की

कुवैत ने लाल सागर में सऊदी जहाज NCC MASA पर हूती विद्रोहियों के हमले की कड़ी निंदा की है। कुवैत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह हमला अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन है और समुद्री नौवहन व वैश्विक व्यापार की सुरक्षा के लिए सीधा खतरा है।

मंत्रालय ने कहा कि कुवैत सऊदी अरब की संप्रभुता, सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए उठाए गए सभी कदमों का पूरा समर्थन करता है।

हूती विद्रोहियों ने पिछले सप्ताह सऊदी अरब के खिलाफ नौसैनिक नाकाबंदी की घोषणा की थी। इसके बाद सऊदी ने यमन के हूती नियंत्रित होदेदाह शहर पर जवाबी हवाई हमले किए, जबकि हूतियों ने सऊदी के तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने का दावा किया।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER