TIO भोपाल

रोटेरियन प्रखर तिवारी ने अध्यक्ष एवं रोटेरियन रोहित
पांडे ने मानद सचिव पद की शपथ ली

रोटरी क्लब ईस्ट भोपाल का 51वाँ इंस्टॉलेशन समारोह 23 जुलाई की शाम 7:00 बजे होटल रेडिसन, भोपाल में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में रोटेरियन प्रखर तिवारी ने क्लब के 51वें अध्यक्ष तथा रोटेरियन रोहित पांडे ने मानद सचिव पद की शपथ अपनी नई कार्यकारिणी टीम के साथ ग्रहण की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग के संचालक श्री आदित्य सिंह थे। सम्मानित अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश पुलिस के डीआईजी श्री शशिकांत शुक्ला उपस्थित रहे। वहीं रोटरी मंडल 3040 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन संस्कार जैन भी विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में विभिन्न रोटरी क्लबों के पदाधिकारी, पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ रोटेरियंस एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह में अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष पंडित श्री पुष्पेंद्र मिश्रा भी विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

मुख्य अतिथि श्री आदित्य सिंह ने अपने उद्बोधन में रोटरी क्लब ईस्ट भोपाल द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि अपने प्रशासनिक अनुभव में उन्होंने पाया है कि जब भी समाज पर कोई संकट या कठिन समय आता है, रोटरी एक ऐसे संगठन के रूप में सबसे पहले आगे आकर सेवा का दायित्व निभाती है। उन्होंने रोटरी की सेवा भावना, समर्पण और त्वरित जनसहयोग की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सेवा संगठन समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस अवसर पर उन्होंने रोटरी क्लब ईस्ट भोपाल की मानद सदस्यता भी सहर्ष ग्रहण की।

सम्मानित अतिथि डीआईजी श्री शशिकांत शुक्ला ने सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों को रोटरी की पहचान बताते हुए नवगठित टीम को शुभकामनाएँ दीं। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन संस्कार जैन ने नए पदाधिकारियों को बधाई देते हुए रोटरी के आदर्शों के अनुरूप सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन प्रखर तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी टीम समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाने के उद्देश्य से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, युवा विकास एवं महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में अनेक जनहितकारी परियोजनाएँ संचालित करेगी। वहीं मानद सचिव रोटेरियन रोहित पांडे ने आगामी रोटरी वर्ष की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए सदस्य सहभागिता बढ़ाने तथा अधिक प्रभावी सामुदायिक सेवा गतिविधियों के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।

समारोह में नवगठित कार्यकारिणी का परिचय कराया गया तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अतिथियों एवं रोटेरियंस का सम्मान भी किया गया।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER