TIO नई दिल्ली

संसद के मानसून सत्र के दौरान बुधवार को विपक्ष ने कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थकों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर हंगामा किया। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने लोकसभा में पूछा कि पुलिस को बेटियों के कपड़े फाड़ने का अधिकार किसने दिया?

लोकसभा में कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि विपक्ष की मांग बिल्कुल स्पष्ट है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। जवाब में संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि सरकार पिछले तीन दिनों से लगातार NEET पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा की पेशकश कर रही है।

राहुल गांधी समेत अन्य विपक्षी सांसद काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे। विपक्षी पार्टियां 20 जुलाई के संसद मार्च के दौरान छात्रों पर पुलिस कार्रवाई, पेपर लीक और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार विरोध कर रहा है।

संसद में विपक्ष के प्रदर्शन की 2 फोटोज…

काले कपड़ों में विपक्षी सांसदों ने संसद के बाहर नारेबाजी की।
काले कपड़ों में विपक्षी सांसदों ने संसद के बाहर नारेबाजी की।
आमतौर पर सफेद टी-शर्ट में नजर आने वाले राहुल काले रंग की टी-शर्ट, पैंट और चप्पल पहनकर संसद पहुंचे।
आमतौर पर सफेद टी-शर्ट में नजर आने वाले राहुल काले रंग की टी-शर्ट, पैंट और चप्पल पहनकर संसद पहुंचे।

मानसून सत्र के तीसरे दिन के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाएं…

राज्यसभा में जेपी नड्डा बोले- संसदीय मर्यादा को तार-तार किया जा रहा है

  • केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने राज्यसभा में कहा, INDI गठबंधन का व्यवहार बहुत गैर-जिम्मेदाराना है। हम संसद में उनके इस लोकतंत्र-विरोधी व्यवहार को साफ देख सकते हैं।
  • संसदीय मर्यादा को तार-तार किया जा रहा है और लोकतांत्रिक मूल्यों का उल्लंघन हो रहा है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने अभी-अभी बहुत स्पष्ट रूप से कहा है कि सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार है।
  • इसके अलावा, हमारी सरकार NEET पेपर लीक और उससे जुड़े सभी मामलों पर भी चर्चा करने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार पारदर्शी है।
  • हमारी सरकार हमेशा लोगों के हित में काम करती है। इसलिए, हम उनकी (विपक्ष की) जन-विरोधी गतिविधियों की कड़ी निंदा करते हैं। वे लोकतंत्र या लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास नहीं करते हैं

TMC सांसद कल्याण बनर्जी मानसून सत्र से सस्पेंड किए गए

टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी को पूरे मानसून सत्र से निलंबित कर दिया गया है। कल्याण के खिलाफ यह कार्रवाई महिला सांसदों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने पर की गई थी।

दरअसल मई 2026 में तृणमूल कांग्रेस की सांसद काकोली घोष दस्तिदार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर कल्याण बनर्जी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी।

लोकसभा की कार्यवाही गुरुवार तक के लिए स्थगित

लोकसभा में हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही को गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया। वहीं राज्यसभा की कार्यवाही आज दोपहर 3 बजे तक स्थगित रहेगी।

खड़गे बोले- पहले शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें, फिर चर्चा होगी

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पहले इस्तीफा दें फिर सदन में चर्चा होगी। पीएम मोदी पहले इस बात का आश्चासन दें। दरअसल सरकार सदन में नीट पेपर लीक मामले में चर्चा को तैयार है।

लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही 2 बजे फिर शुरू

लोकसभा और राज्यसभा की दोपहर 2 बजे फिर कार्यवाही शुरू हुई। विपक्ष का नीट पेपर लीक को लेकर हंगामा जारी है।

संसद के बाहर विपक्षी नेताओं की मुलाकात की 4 तस्वीरें…

धर्मेंद्र प्रधान ने ओम बिरला से की मुलाकात

लोकसभा में NEET पेपर लीक मामले पर विस्तृत चर्चा के लिए सरकार तैयार हो गई है। इसके बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से संसद में मुलाकात की।

अधिकारियों के मुताबिक, सरकार ने लोकसभा में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा कराने की सहमति जताई है। साथ ही, सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष से सभी दलों की बैठक बुलाने का आग्रह किया है, ताकि चर्चा के नियम, तारीख और अवधि तय की जा सके।

निशिकांत दुबे बोले- सीजेपी को बांग्लादेश-पाकिस्तान से समर्थन मिल रहा

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने 21 जुलाई को पीएम आवास के बाहर प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा- कल जिस तरह राहुल गांधी प्रदर्शन कर रहे थे, अगर मेरा बेटा परीक्षा में देर से पहुंच जाता तो क्या उसके लिए कोई अलग व्यवस्था होती? क्या वह किसी नेता का बेटा नहीं है, क्या वह छात्र नहीं है, क्या वह परीक्षार्थी नहीं है? ऐसी शर्मनाक राजनीति सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है।

दुबे ने कहा- जंतर-मंतर पर हो रहे प्रदर्शन को बांग्लादेश, पाकिस्तान और कुछ इस्लामिक देशों से समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस ऐसे लोगों के साथ खड़ी होकर देश को तोड़ने की साजिश का हिस्सा बन रही है। गांधी परिवार देशविरोधी तत्वों के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है।

काले कपड़े पहनकर विरोध क्यों करते हैं नेता? जानिए वजह

लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित

मानसून सत्र के दौरान लगातार हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही बुधवार को दूसरी बार स्थगित कर दी गई। सदन अब दोपहर 2 बजे फिर से बैठेगा।

विपक्ष छात्रों पर पुलिस कार्रवाई, पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार विरोध कर रहा है।

अखिलेश बोले- यह किसी दल नहीं, छात्रों का मुद्दा; PM सदन में जवाब दें

लोकसभा में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि यह कांग्रेस, समाजवादी पार्टी या भाजपा का नहीं, बल्कि छात्रों और युवाओं का मुद्दा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ मारपीट की गई, जिसके विरोध में विपक्ष को प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करना पड़ा। अखिलेश ने कहा कि जब प्रधानमंत्री सदन के बाहर बयान दे सकते हैं, तो इस मुद्दे पर संसद में आकर जवाब क्यों नहीं देते।

वेणुगोपाल बोले- शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें; रिजिजू बोले- सरकार चर्चा को तैयार

लोकसभा में कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि विपक्ष की मांग साफ है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। इस पर संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने जवाब देते हुए कहा कि सरकार पिछले तीन दिनों से लगातार कह रही है कि वह NEET पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार नियमों के तहत सार्थक चर्चा चाहती है, ताकि देश के युवाओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से बात हो सके।

हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्रवाई दोपहर 2 बजे तक स्थगित
राज्यसभा की कार्रवाई दोबारा शुरू, विपक्ष का हंगामा जारी

छात्रों पर पुलिस कार्रवाई पर राज्यसभा में चर्चा की मांग, कांग्रेस सांसदों ने स्थगन प्रस्ताव दिया

कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी और सैयद नासिर हुसैन ने बुधवार को राज्यसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस देकर छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और देश की परीक्षा व्यवस्था पर चर्चा की मांग की।

नोटिस में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई, NEET पेपर लीक और CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली में अनियमितताओं का मुद्दा उठाया गया। कांग्रेस सांसदों ने कहा कि इन मामलों पर सदन में तत्काल चर्चा कराई जानी चाहिए।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER