TIO मुंबई

महाराष्ट्र राज्य में हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) की तर्ज पर ठेकेदार-मुक्त रोजगार योजना लागू करने के उद्देश्य से महाराष्ट्र शासन द्वारा गठित अध्ययन समूह की पहली बैठक आज (15 जुलाई 2026) श्रम आयुक्त कार्यालय में संपन्न हुई।

बैठक में भारतीय मजदूर संघ, महाराष्ट्र विद्युत ठेका कामगार संघ तथा अखिल भारतीय ठेका मजदूर महासंघ की ओर से राज्य के विभिन्न उद्योगों, शासकीय एवं अर्धशासकीय कार्यालयों, सार्वजनिक उपक्रमों, विद्युत क्षेत्र, मेट्रो, महानगरपालिकाओं, अस्पतालों तथा अन्य विभागों में कार्यरत ठेका श्रमिकों की समस्याओं पर विस्तृत लिखित ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। साथ ही हरियाणा मॉडल के अनुरूप महाराष्ट्र में भी ठेकेदार-मुक्त रोजगार नीति शीघ्र लागू करने की मांग की गई।

बैठक में ठेका श्रमिकों को समय पर वेतन न मिलना, रोजगार की असुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का अपूर्ण क्रियान्वयन, ठेकेदार व्यवस्था पर अत्यधिक निर्भरता तथा रोजगार प्रणाली में पारदर्शिता के अभाव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। शासन को प्रस्तुत ज्ञापन में रोजगार प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं श्रमिक हितैषी बनाने हेतु आवश्यक नीतिगत एवं कानूनी सुझाव भी दिए गए।

भारतीय मजदूर संघ एवं महाराष्ट्र विद्युत ठेका कामगार संघ ने इससे पूर्व 9 सितंबर 2024 को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री माननीय देवेंद्र फडणवीस को ज्ञापन सौंपकर हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) की तर्ज पर महाराष्ट्र में ठेकेदार-मुक्त रोजगार व्यवस्था लागू करने की मांग की थी। इसके अतिरिक्त 16 अप्रैल 2026 को भारतीय मजदूर संघ, महाराष्ट्र प्रदेश द्वारा आयोजित विशाल मोर्चे में भी इस मांग को प्रमुखता से उठाया गया था।

मुख्यमंत्री माननीय देवेंद्र फडणवीस के निर्देशानुसार तथा श्रम मंत्री माननीय आकाश फुंडकर के मार्गदर्शन में श्रम आयुक्त कार्यालय द्वारा इस विषय का विस्तृत अध्ययन करने हेतु अध्ययन समूह का गठन किया गया है। भारतीय मजदूर संघ ने राज्य सरकार के इस सकारात्मक निर्णय का स्वागत किया है।

संघ के अनुसार, यदि हरियाणा मॉडल का अध्ययन कर महाराष्ट्र में प्रभावी ठेकेदार-मुक्त रोजगार व्यवस्था लागू की जाती है, तो राज्य के लाखों ठेका श्रमिकों को रोजगार सुरक्षा, समय पर वेतन, सामाजिक सुरक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया तथा अधिक जवाबदेह एवं प्रभावी श्रम प्रशासन का लाभ प्राप्त होगा।

बैठक में श्रम आयुक्त डॉ. हनुमंत तुंमोड, संकेत कानडे, अश्विनी साकोरे सहित अध्ययन समूह के सदस्य उपस्थित थे। भारतीय मजदूर संघ की ओर से प्रदेश अध्यक्ष सुधांशु रानडे, प्रदेश महामंत्री किरण मिलगीर, केंद्रीय सचिव अनिल ढुमणे, महाराष्ट्र विद्युत ठेका कामगार संघ के प्रदेश अध्यक्ष निलेश खरात, अखिल भारतीय ठेका मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री सचिन मेंगाळे तथा संगठन सचिव बालासाहेब भुजबळ उपस्थित रहे।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER