TIO नई दिल्ली

बजट सत्र के दूसरे फेज में सोमवार को लोकसभा में पहली बार प्रश्नकाल बिना किसी हंगामे के पूरा हुआ। इधर राज्यसभा में LPG सिलेंडर के संकट को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा में कहा कि पेट्रोलियम मंत्री ने लोकसभा में दावा किया कि LPG की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी हकीकत सरकारी दावों को गलत साबित कर रही है। अगर सरकार समय रहते इंतजाम कर लेती, तो हालात इतने खराब नहीं होते।

इस पर भाजपा सांसद जेपी नड्डा ने खड़गे को टोका। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आपदा में भी राजनीति कर रही है। इसके बाद भी खड़गे ने बोलना जारी रखा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस नेता जवाब नहीं सुनते है।

लोकसभा में बिना हंगामे के प्रश्नकाल पूरा हुआ

लोकसभा में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कुछ विपक्षी सांसदों ने अपने मुद्दे तुरंत उठाने की मांग की। इस पर स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि उन्हें दोपहर 12 बजे प्रश्नकाल खत्म होने के बाद बोलने का मौका दिया जाएगा।

प्रश्नकाल के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और गजेंद्र सिंह शेखावत ने सांसदे के सवालों के जवाब दिए। राज्यसभा में कार्यकाल पूरा होने पर रंजन गोगोई को विदाई दी गई।

9 मार्च से शुरू हुए बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले हफ्ते में विपक्ष के विरोध के कारण सुबह 11 बजे से 12 बजे तक होने वाला प्रश्नकाल पूरा नहीं हो पा रहा था।

संसद के दोनों सदनों की पल-पल की कार्यवाही जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाएं…

राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दोबारा शुरू हुई

राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे फिर शुरू हुई। इसके बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने विनियोग विधेयक 2026 पर विचार और उसे वापस भेजने के लिए मतदान कराने का प्रस्ताव रखा।

BJP सांसद की मांग- 32 पिछड़ी जातियों को सेंट्रल लिस्ट में शामिल करे सरकार

BJP से राज्यसभा सांसद के लक्ष्मण ने सरकार से तेलंगाना और आंध्र की 32 OBC जातियों को केंद्रीय सूची में शामिल करने की अपील की है। लक्ष्मण ने कहा कि सरकार तेलंगाना की 27 और आंध्र प्रदेश की 5 जातियों को केंद्रीय अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) सूची में शामिल करे, ताकि वे सार्वजनिक नियुक्तियों, रोज़गार और शिक्षण संस्थानों में आरक्षण का लाभ उठा सकें।

देवेगौड़ा का सोनिया को लेटर- विपक्ष विरोध का तरीका बदले

JD(S) सांसद एचडी देवेगौड़ा ने सोनिया गांधी को लेटर लिखा है। इसमें उन्होंने लिखा- विपक्ष जितना चाहे विरोध करे, लेकिन इसे इस तरह से पेश किया जाना चाहिए कि यह 75 सालों में हमारे बनाए गए कामों को खत्म न करे।

लोकसभा में सरकार बोली- देश में स्वरोजगार बढ़कर 58% हुआ

सरकार ने कहा है कि देश में स्वरोजगार करने वालों की हिस्सेदारी बढ़कर 58% हो गई है, जो 2017-18 में 52% थी।

लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान सवालों का जवाब देते हुए केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि देश की आर्थिक वृद्धि के साथ-साथ श्रमिकों की आय भी बढ़ रही है।

लोकसभा में रेल मंत्रालय की अनुदान मांगों पर चर्चा जारी

लोकसभा में केंद्रीय बजट के तहत रेल मंत्रालय की अनुदान मांगों पर चर्चा जारी रही है।

सोमवार को आंध्र प्रदेश से TDP सांसद हरिश बालयोगी, मध्य प्रदेश से भाजपा सांसद गणेश सिंह और बिहार से कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने सदन में अपनी बात रखी।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER