TIO नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में सोमवार को बारिश और लैंडस्लाइड से 5 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 5 साल का एक बच्चा भी है। लैंडस्लाइड की अलग-अलग घटनाओं में कई लोग घायल भी हुए हैं।
जम्मू के रियासी में वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले रास्ते पर भूस्खलन में 70 साल के तीर्थयात्री की मौत हो गई, 9 घायल हो गए। वहीं, हिमाचल के चंबा में घर के ऊपर चट्टान गिरने से नवविवाहित जोड़े की मौत हो गई। राज्य की 401 सड़कें बंद हैं।
इधर, मध्य प्रदेश के मंडला जिले में कान्हा टाइगर रिजर्व में एक बाघ बाढ़ में बह गया। बंजर नदी में बहते हुए बाघ को देखा गया। जबलपुर समेत प्रदेश के 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा और तेलंगाना में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। बिहार के 27 और राजस्थान के 4 जिलों में तेज बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में 24 जुलाई के आसपास एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे आने वाले दिनों में देश के कई राज्यों में फिर से तेज बारिश होने की संभावना है।
लैंडस्लाइड के कारण जम्मू-राजौरी-पुंछ नेशनल हाईवे बंद
जम्मू-कश्मीर में पुंछ जिले के कलाई इलाके में लैंडस्लाइड के कारण जम्मू-राजौरी-पुंछ नेशनल हाईवे बंद हो गया है।
छत्तीसगढ़: रायगढ़-जशपुर सहित 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
छत्तीसगढ़ के करीब सभी हिस्सों में अगले 24 घंटे में तेज बारिश हो सकती है। दरअसल, 24 जुलाई के आस-पास उत्तर बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया बन रहा है। इसके असर से पूरे प्रदेश में तेज बारिश होगी।
महाराष्ट्र के हिंगोली में बादल फटा, बाढ़ आई
महाराष्ट्र के हिंगोली की सेनेगांव तहसील के बनबरदा इलाके में सोमवार देर रात बादल फटने से पास की एक नदी में अचानक बाढ़ आ गई। बाढ़ का पानी स्थानीय महादेव मंदिर में तक घुस गया, जहां तीन लोग फंस गए।
जम्मू-कश्मीर: राजौरी में बाढ़ जैसे हालात, स्कूल बंद
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में लगातार बारिश के बाद धरहाली और सकतोह नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात बने हैं।
डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन ने आज जिले के सभी सरकारी-प्राइवेट स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया है।
यूपी: 15 जिलों में बारिश का अलर्ट, बुंदेलखंड में 23 बांध ओवरफ्लो
यूपी में आज 15 जिलों में बारिश का अलर्ट है। वहीं लगातार बारिश से प्रदेश की नदियां और डैम उफान पर हैं।
बुंदेलखंड के 23 बांध ओवरफ्लो हो गए हैं। सावन में 15 साल बाद ऐसा हुआ है। सहारनपुर में गागरा नदी में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे डूब गया।







