TIO, नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का नया मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका पता आज चल सकता है। दिल्ली में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक आज होगी, जिसमें विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा। इसके बाद पार्टी नेता उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मिलकर सरकार गठन का दावा पेश करेंगे और 20 फरवरी को रामलीला मैदान में नई सरकार का शपथग्रहण होगा। सीएम पद के लिए अब भी सस्पेंस जारी है। सरकार की कमान किसके हाथ होगी, इसका खुलासा मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ की तर्ज पर विधायक दल की बैठक में ही होगा।
केंद्र से नियुक्त आॅब्जर्वर के नेतृत्व में भाजपा विधायक दल की बैठक आज होगी
मुख्यमंत्री पद के लिए तो कई विधायक दौड़ में हैं, लेकिन आखिरी फैसला आज विधायक दल की बैठक में लिया जाएगा। इसके बाद उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात कर भाजपा दिल्ली में सरकार बनाने का प्रस्ताव पेश करेगी। उन्हें नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों की सूची भी सौंपी जाएगी। इसके बाद उपराज्यपाल प्रस्ताव को राष्ट्रपति के पास स्वीकृति के लिए भेजेंगे। भाजपा सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय टीम से नियुक्त किए गए आॅब्जर्वर विधायक दल की बैठक में मौजूद रहेंगे जो प्रस्ताव से आलाकमान को अवगत कराएंगे। नियमों का उल्लंघन न हो इसका भी ध्यान रखा जाएगा।
इन नामों पर चल रही है चर्चा
मुख्यमंत्री के लिए प्रवेश वर्मा, विजेंद्र गुप्ता, सतीश उपाध्याय, पवन शर्मा, आशीष सूद, रेखा गुप्ता, शिखा राय, रवींद्र इंद्रराज सिंह व कैलाश गंगवाल के नामों की चर्चा है। यह भी कहा जा रहा है कि भाजपा नए चेहरे को मुख्यमंत्री बनाकर चौंका सकती है। राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में इस तरह की परिपाटी देखने को भी मिली है।
दिल्ली में धमाकेदार वापसी को यादगार बनाने में जुटी भाजपा
केंद्र से लेकर प्रदेश भाजपा की टीमें शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने में जुटी हैं। बैठकों के साथ-साथ आयोजन स्थल रामलीला मैदान में भाजपा नेता दौरा भी कर रहे हैं। राजनिवास से भी मॉनिटरिंग की जा रही है। आयोजन स्थल पर टेंट और सोफे लगाए गए है। मेहमानों के बैठने के लिए बड़ी संख्या में कुर्सियां और एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। रामलीला मैदान की चहारदीवारी पर नया रंग-रोगन किया गया है।
राजनेता, धर्म गुरु, कलाकार, मुंबई के उद्योगपति मौजूद रहेंगे
शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11 बजे से शुरू होगा। मंगलवार को राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, विनोद तावड़े, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी बैठक हुई। भाजपा नेताओं का कहना है कि शपथ ग्रहण समारोह ऐतिहासिक और भव्य होगा। वीरेंद्र सचदेवा व तरुण चुघ ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना से भी मुलाकात की। इधर, रामलीला मैदान में तीन मंच तैयार किए गए हैं। मोदी, अमित शाह, योगी आदित्यनाथ सहित 50 से ज्यादा हाई सिक्योरिटी वाले नेता रामलीला मैदान में पहुंचेंगे। केंद्रीय मंत्रिमंडल समेत एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री एक मंच पर बैठेंगे, जबकि दूसरे मंच पर नवनिर्वाचित भाजपा विधायक व तीसरे पर साधु-संत, फिल्म कलाकार समेत विशेष अतिथि देखेंगे।
राजनेता, धर्म गुरु, कलाकार, मुंबई के उद्योगपति मौजूद रहेंगे
समारोह से पहले रंगारंग कार्यक्रम होगा। कैलाश खैर की प्रस्तुति भी हो सकती है। केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित वर्ग के लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। इसमें लाडली-बहनों को भी बुलाया जाएगा। फिल्मी सितारों में अक्षय कुमार, मुंबई के प्रसिद्ध उद्योगपति, किसानों समेत करीब 30 हजार लोगों को आमंत्रित किया गया है। शपथ ग्रहण समारोह में बाबा धीरेंद्र शास्त्री समेत अन्य धर्म गुरुओं को भी आमंत्रित किया गया है।