TIO, नई दिल्ली
दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए बुधवार सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। पूर्व उट अरविंद केजरीवाल अपने माता-पिता को व्हीलचेयर पर मतदान कराने पहुंचे। उधर प्रियंका गांधी भी मां सोनिया, पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे के साथ वोटिंग करने आईं। राहुल गांधी वोटिंग शुरू होने के एक घंटे के भीतर मतदान करके पटना रवाना हुए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, एलजी वीके सक्सेना, विदेश मंत्री एस जयशंकर और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी भी वोट डाल चुकी हैं। 11 बजे तक 19.95% वोटिंग हो चुकी है। सबसे ज्यादा 24.87% मतदान नार्थ ईस्ट दिल्ली में हुआ। यह भाजपा सांसद मनोज तिवारी का संसदीय क्षेत्र है।
वोटिंग के दौरान आप के 2 विधायकों के खिलाफ एफआई दर्ज की गई है। आप विधायक दिनेश मोहनिया के खिलाफ एक महिला ने संगम विहार थाने में फ्लाइंग किस देने का केस दर्ज कराया है। वहीं, ओखला विधानसभा से आप विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ जामिया नगर थाने में आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया है। वोटिंग के बाद सीएम आतिशी ने कहा- दिल्ली का चुनाव धर्मयुद्ध है। नई दिल्ली सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने कहा कि इस बार जनता प्रधानमंत्री मोदी के विजन को दिल्ली में लाने के लिए वोट कर रही है। कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा- लोग शीला दीक्षित के विकास के दिन याद कर रहे हैं।
कस्तूरबा नगर में फर्जी वोट डालने की कोशिश, पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा
दिल्ली के कस्तूरबा नगर विधानसभा क्षेत्र के एंड्रयूज गंज इलाके में सर्वोदय विद्यालय में दो लोगों फर्जी वोट डालने जा रहे थे। उससे पहले उन्हें दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया है। कस्तूरबा नगर में आप, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। कांग्रेस ने अभिषेक दत्त, भाजपा ने नीरज बसोया और आप ने इस सीट से रमेश पहलवान को मैदान में उतारा है।
आप सांसद संजय सिंह के 2 आरोप
वाल्मीकि समाज के पूर्व चौपाल प्रधान उदय गिल, जो अपने समाज में बहुत अच्छी छवि रखते हैं और सालों से उनके लिए काम कर रहे हैं, उन्हें बिना किसी कारण के सुबह 8.30 बजे से पुलिस स्टेशन में बैठाया गया है। कोई भी हमें इसका कारण बताने को तैयार नहीं है। आज नॉर्थ एवेन्यू एन ब्लॉक में 2000-3000 रुपये बांटे गए और लोगों की उंगलियों पर स्याही लगाई गई। जब मैं वहां पहुंचा तो वे हरियाणा की रजिस्ट्रेशन प्लेट वाली गाड़ी में भाग गए। यह सब चुनाव आयोग की नाक के नीचे हो रहा है। यह क्या मजाक है?
केजरीवाल बोले- दिल्ली के लिए जो काम करेगा, जनता उसे वोट देगी
वोट डालने के बाद, आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, “मैं दिल्ली के लोगों से अपील करता हूं कि वे बाहर आएं और दिल्ली के विकास के लिए अपना वोट डालें। जो दिल्ली के लिए काम करेगा, उसे जनता का वोट मिलेगा।”
वोट डालने के बाद प्रियंका बोलीं- लोग घरों से बाहर निकलें, मतदान करें
वोट डालने के बाद कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “मेरी अपील है कि आप अपने घरों से बाहर निकलें और वोट डालें। हमारे संविधान ने हमें सबसे महत्वपूर्ण अधिकार दिया है, इसलिए हमें इसका उपयोग करना चाहिए। मुझे पता है कि दिल्ली के लोग तंग आ चुके हैं। मैं जहां भी जाती हूं, लोग कहते हैं कि पानी, हवा और सड़कों की स्थिति बिल्कुल अच्छी नहीं है। कई मुद्दे हैं, अगर हम उन्हें हल करना चाहते हैं, तो बाहर आएं और अपना वोट डालें।
अरविंद केजरीवाल पत्नी सुनीता और अपने माता-पिता के साथ वोट डालने पहुंचे
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल और माता-पिता गोबिंद राम केजरीवाल और गीता देवी के साथ लेडी इरविन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वोट डालने पहुंचे। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से अरविंद केजरीवाल का मुकाबला कांग्रेस के संदीप दीक्षित और भाजपा के प्रवेश वर्मा से है।