TIO, आगरा

रॉयल गेट पर सीलन और धब्बे ताजमहल की खूबसूरती बिगाड़ रहे हैं। कई जगह पत्थर भी गिर रहे हैं। रखरखाव और देखभाल में लापरवाही की वजह से इसकी तस्वीर बदरंग हो रही है।

रॉयल गेट के पास नक्काशी और सुंदरता पर्यटकों को आकर्षित करती रही है। कई जगह काले धब्बे बन गए हैं। इससे लाल और सफेद पत्थर बदरंग नजर आ रहा है। गेट पर लगे रंग-बिरंगे छोटे पत्थर भी गिर रहे हैं। ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेयी का कहना है कि सीलन से काले धब्बे हो गए हैं। कुछ पत्थर भी गिर गए हैं। इन सभी का सर्वे हो गया है। मरम्मत कार्य कराया जाएगा।

फाउंटेन नहर में पानी नहीं, उड़ रही धूल
ताजमहल पर फाउंटेन नहर में पानी नहीं है। इससे ताजमहल की खूबसूरती प्रभावित हो रही है। लंबे समय से यहां पानी नहीं भरा गया है। इसके कारण धूल उड़ रही है। पर्यटकों का कहना है कि फाउंटेन नहर में पानी भर जाने से ताज और आकर्षक लगेगा।

मेहमानखाना पर पहले से रेलिंग
ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक का कहना है कि ताजमहल पर मेहमानखाना पर रेलिंग कोई नई नहीं लगाई। ये तो पहले से ही लगी है। कुछ पर्यटक दीवारों को नुकसान पहुंचाते हैं, इसके कारण ये रेलिंग लगाई है। पर्यटक दूर से इसको निहार सकते हैं।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER