TIO बेंगलुरु

पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा के पोते और जनता दल (सेक्युलर) के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को बलात्कार और अश्लील वीडियो बनाने के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद आज सजा सुनाई जाएगी। एमपी/एमएलए स्पेशल कोर्ट के न्यायाधीश संतोष गजानन भट दोषी की अंतिम दलीलों को सुनने के बाद सजा का ऐलान करेंगे।
कोर्ट में फैसले के वक्त प्रज्वल भावुक हो गया। उसने आंसू पोंछे और अदालत से बाहर निकलने के बाद एक कुर्सी पर बैठकर रो पड़ा।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला केआर नगर की एक घरेलू सहायिका द्वारा दर्ज कराई गई बलात्कार और उत्पीड़न की शिकायत पर आधारित है। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि पूर्व सांसद ने उसका यौन शोषण किया और उसका वीडियो भी बनाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कर्नाटक सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था।
एसआईटी ने जांच में कुल 26 पुख्ता सबूत अदालत में पेश किए। साथ ही, यौन शोषण के वीडियो फुटेज भी अदालत के समक्ष रखे गए, जिनकी सत्यता की पुष्टि फोरेंसिक जांच में हुई।
रेवन्ना पर अन्य मामले
रेवन्ना पर इसी तरह के तीन अन्य मामलों में भी एफआईआर दर्ज हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान महिलाओं के यौन उत्पीड़न और उनके वीडियो बनाने के कथित आरोपों के चलते वह देश छोड़कर भाग गया था।
हालांकि, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा और केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी की सार्वजनिक अपील के बाद वह भारत लौटा। 31 मई 2024 को लौटने पर बेंगलुरु पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।
जेल में पहले से बंद है रेवन्ना
रेवन्ना पिछले 14 महीने से न्यायिक हिरासत में है। उसकी कई जमानत याचिकाओं को अदालत ने खारिज कर दिया था। आज का फैसला इस मामले में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित होगा।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER