TIO नई दिल्ली

देशभर में सर्दी लगातार बढ़ रही है। पहाड़ी राज्यों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण मैदानी राज्यों में घना कोहरा और शीतलहर का प्रभाव है। सर्दी के कारण मध्य प्रदेश के 24, राजस्थान के 20 जिलों के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।

मध्य प्रदेश के ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान 10° से नीचे है। सोमवार को छतरपुर का नौगांव सबसे ठंडा रहा। यहां पारा 1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान के 7 शहरों में रात का तापमान 5 डिग्री से नीचे आ गया। हिल स्टेशन माउंट आबू (सिरोही) में लगातार तीसरे दिन तापमान शून्य पर दर्ज हुआ।

इधर, उत्तराखंड का मुनस्यारी सोमवार को सबसे ठंडा इलाका रिकॉर्ड किया गया, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। केदारनाथ में भारी बर्फबारी के बीच तापमान माइनस 23 डिग्री पहुंच गया। उत्तरकाशी स्थित गंगोत्री में माइनस 21 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। यहां पानी की पाइपलाइन में बर्फ जम गई।

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के ताबो और जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में सोमवार रात साल की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। दोनों जगहों पर न्यूनतम तापमान शून्य से करीब 10 डिग्री नीचे पहुंच गया। इससे झीलों, झरनों और नदियों की छोटी धाराओं में पानी जम गया।

राज्यों में मौसम की 4 तस्वीरें…

राजस्थान के जयपुर में मंगलवार सुबह भीषण सर्दी के बीच अल्बर्ट हॉल संग्रहालय के पास घना कोहरा रहा, जिससे विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई।
राजस्थान के जयपुर में मंगलवार सुबह भीषण सर्दी के बीच अल्बर्ट हॉल संग्रहालय के पास घना कोहरा रहा, जिससे विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई।
जम्मू-कश्मीर के पूंछ में मंगलवार सुबह सीमा सड़क संगठन (BRO) ने मशीनों की मदद से मुगल रोड से बर्फ हटाई।
जम्मू-कश्मीर के पूंछ में मंगलवार सुबह सीमा सड़क संगठन (BRO) ने मशीनों की मदद से मुगल रोड से बर्फ हटाई।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में मंगलवार सुबह तापमान माइनस 4 डिग्री पहुंच गया। यहां भागीरथी नदी का पानी जम गया।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में मंगलवार सुबह तापमान माइनस 4 डिग्री पहुंच गया। यहां भागीरथी नदी का पानी जम गया।
उत्तराखंड के केदारनाथ में सोमवार को बर्फबारी हुई। इसके बाद माइनस 23 डिग्री पहुंच गया।
उत्तराखंड के केदारनाथ में सोमवार को बर्फबारी हुई। इसके बाद माइनस 23 डिग्री पहुंच गया।

कोहरे के कारण कई शहरों में उड़ान प्रभावित होने की आशंका

दिल्ली एयरपोर्ट ने कोहरे के कारण मंगलवार सुबह 6 बजे यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की। इसमें यात्रियों से फ्लाइट्स का रियल-टाइम ट्रैवल अपडेट चेक करने को कहा गया है। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि मौसम की स्थिति के कारण उड़ानों के संचालन पर असर पड़ सकता है।

इंडिगो एयरलाइंस ने भी यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन के मुताबिक दिल्ली, अमृतसर, भोपाल, चंडीगढ़, गुवाहाटी, वाराणसी, रांची और हिंडन एयरपोर्ट पर कम विजिबिलिटी और कोहरे के कारण फ्लाइट शेड्यूल प्रभावित हो सकता है।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER