TIO मुंबई

मुंबई में तेज बारिश का बुधवार को तीसरा दिन है। 24 घंटे में यहां 300mm बारिश हुई। लगातार तीसरे दिन मुंबई में स्कूल-कॉलेज और गवर्नमेंट और सेमी-गवर्नमेंट ऑफिस को बंद रखा गया है। मुंबई लोकल की 34 ट्रेनें (17 जोड़ी) कैंसिल हैं। 250 से ज्यादा फ्लाइट्स पर भी असर पड़ा है।
मंगलवार शाम मुंबई में 2 मोनोरेल से करीब 800 लोगों को रेस्क्यू किया गया। मैसूर कॉलोनी रेलवे स्टेशन के पास शाम 6 बजे एक मोनोरल एलिवेटेड ट्रैक पर अटक गई थी। इसमें मौजूद 582 यात्रियों को विंडो तोड़कर क्रेन की मदद से करीब 40-50 फीट की ऊंचाई से रेस्क्यू किया गया।
MMRDA ने बताया कि भीड़ बढ़ने की वजह से ऐसा हुआ था। रेल की मूल वजन क्षमता 104 टन है, जो कल 109 टन हो गई थी। 5 टन ज्यादा वजन (यात्रियों का) हो गया था। वहीं, आचार्य अत्रे और वडाला मोनो रेल स्टेशन से भी 200 लोगों को निकाला गया था।
रेल में सवार यात्री सागर ने कहा- बिजली और एसी बंद होने से डिब्बों में घुटन होने लगी थी। बाहर बारिश हो रही थी और अंधेरा बढ़ रहा था। सबसे डरावना पल तब था, जब ट्रेन खतरनाक ढंग से झुक गई थी, हम दुआ कर रहे थे कि जिंदा बाहर निकल जाएं।
इधर, UP के फर्रुखाबाद में गंगा-रामगंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। यहां 100 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में हैं। कानपुर में गंगा का जलस्तर डेंजर लेवल से सिर्फ 11cm दूर है। पिछले 24 घंटे में गंगा बैराज में 4cm पानी बढ़ा। यहां जलस्तर 114.79 मीटर तक पहुंचा है। 5 गांव में बाढ़ का पानी घुसा है।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER