TIO नई दिल्ली

संसद का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया है। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग करते हुए नारेबाजी की। हंगामे के चलते लोकसभा को 12 बजे तक स्थगित कर दिया है।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर पर प्रश्नकाल के बाद चर्चा करेंगे। सरकार हर सवाल का जवाब देगी। ये तरीका उचित नहीं है। पहले ही दिन ये आचरण सही नहीं। हमें मिथक तोड़ना चाहिए।

मानसून सत्र से पहले I.N.D.I.A. गठबंधन ने बैठक की। इसमें ऑपरेशन सिंदूर, भारत-पाकिस्तान संघर्ष विराम, डोनाल्ड ट्रम्प के सीजफायर पर दावे और बिहार वोटर लिस्ट जैसे मुद्दों पर सदन में सरकार को घेरने की रणनीति बनाई। विपक्ष इन सभी मुद्दों पर पीएम से जवाब चाहता।

सदन शुरू होने से पहले पीएम मोदी मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा- ऑपरेशन सिंदूर कामयाब रहा। हमने 22 मिनट में ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकी ठिकानों को जमींदोज किया, दुनिया ने भारत का सैन्य सामर्थ्य देखा।
संसद का मानसून सत्र 32 दिन चलेगा

संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त तक 32 दिन चलेगा। कुल 32 दिन में 18 बैठकें, 15 से ज्यादा बिल पेश होंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह के कारण 13-14 अगस्त को संसद की कार्यवाही नहीं होगी।

केंद्र सरकार मानसून सत्र में 8 नए बिल पेश करेगी, जबकि 7 लंबित बिलों पर चर्चा होगी। इनमें मणिपुर GST संशोधन बिल 2025, इनकम टैक्स बिल, नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल जैसे विधेयक शामिल हैं।

पहले दिन नए इनकम टैक्स बिल पर बनी संसदीय कमेटी की रिपोर्ट लोकसभा में पेश होगी। कमेटी ने 285 सुझाव दिए हैं। 622 पन्नों वाला बिल 6 दशक पुराने इनकम टैक्स एक्ट 1961 को रिप्लेस करेगा।
खड़गे ने कहा- पहलगाम हमले के आतंकी अबतक नहीं पकड़े गए
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा में कहा- पहलगाम हमले के आतंकी अब तक पकड़े नहीं गए। मारे भी नहीं गए। सभी पार्टियों ने ऑपरेशन सिंदूर के समय सरकार को समर्थन दिया। हम चाहते हैं सरकार इसपर जवाब दे। जम्मू-कश्मीर में इंटेलिजेंस फेलियर हुआ, ये लेफ्टिनेंट गवर्नर ने कहा है। सेना प्रमुख, CDS अनिल चौहान और दूसरे अधिकारियों ने कुछ और भी खुलासे किए गए।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER