TIO नोएडा
नोएडा में मंगलवार देर रात एक चार मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। जिसमें करीब 100 लोग उस आग से बचने के लिए छत पर चले गए। आग इतनी ज्यादा भीषण थी कि वह लोग उसमें फंस गए। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने सभी को रेस्क्यू किया हैं। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। इस आग में कोई जनहानि नहीं हुई है।
नोएडा के फेज-2 थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर 87 के नया गांव गली नंबर-1 में मंगलवार देर रात एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे भवन में धुआं भर गया और करीब 100 लोग जान बचाने के लिए छत पर चढ़ने को मजबूर हो गए। घटना की सूचना मंगलवार रात 11:24 बजे दमकल विभाग को मिली।
मौके की गंभीरता को देखते हुए संबंधित फायर स्टेशन के साथ-साथ आस-पास के फायर स्टेशनों से कुल 6 दमकल गाड़ियों को तत्काल रवाना किया गया। इसके अलावा एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म भी मौके पर भेजा गया। बताया जा रहा है कि इमारत के पहले तल पर रखे घरेलू एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण यह आग लगी। गैस रिसाव के बाद अचानक धमाका हुआ, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया और तेजी से ऊपरी मंजिलों तक धुआं फैल गया।







