TIO नई दिल्ली

दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई की हत्या हो गई। यह घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे जंगपुरा भगोल लेन में हुई।
पुलिस ने बताया कि हुमा के भाई आसिफ कुरैशी का अपने पड़ोस के दो लोगों से मेन गेट के सामने स्कूटर पार्क करने पर झगड़ा हुआ। विवाद के बाद आरोपियों ने आसिफ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
गंभीर हालत में आसिफ को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आसिफ की पत्नी सायनाज कुरैशी और परिजन का आरोप है कि मामूली बात पर आरोपियों ने बेरहमी से हमला किया।
आसिफ की पत्नी सायनाज ने पुलिस को बताया कि पहले भी पार्किंग को लेकर झगड़ा हो चुका था। गुरुवार को जब आसिफ काम से लौटे, तो उन्होंने पड़ोसी का टू-व्हीलर घर के मेन गेट के सामने खड़ा देखा। उन्होंने उसे हटाने को कहा।
हालांकि, वाहन हटाने के बजाय पड़ोसी गाली-गलौज करने लगे और फिर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना के विजुअल्स
पुलिस ने शुक्रवार को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 103(1)/3(5) के तहत FIR दर्ज की। आरोपियों को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान उज्जवल (19 वर्ष) और गौतम (18 वर्ष) के रूप में हुई है। मामले की जांच जारी है।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER