TIO नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ

वेस्ट सिक्किम के यांगथांग के अपर रिंबी इलाके में शुक्रवार रात लैंडस्लाइड हुई। इसमें 4 लोगों की मौत हुई है। 3 लोग लापता हैं। एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेज धार नदी में फंसे लोगों का रेस्क्यू भी चल रहा है।
यूपी के आगरा में यमुना में बाढ़ है। यहां 25 कॉलोनियां और 40 गांव में 2-5 फीट तक बाढ़ का पानी भरा है। ताजमहल के पीछे बना पार्क पूरी तरह से डूब गया। 5 हजार से ज्यादा लोग रिलीफ कैंप में हैं।
हिमाचल प्रदेश में 20 जून से अब तक बारिश-बाढ़ के कारण 380 लोगों की मौत हो चुकी है, 40 लापता हैं। सबसे ज्यादा 48 मौतें लैंडस्लाइड में गईं। बादल फटने से 17 की मौत हुई है। आज 3 नेशनल हाईवे समेत 500 से ज्यादा सड़कें बंद हैं।
फर्रुखाबाद के अमृतपुर तहसील क्षेत्र में गंगा की बाढ़ है। फर्रुखाबाद बदायूं स्टेट हाईवे पर तीन जगह बाढ़ का पानी बह रहा है। जमापुर डिप में एक से डेढ़ फीट पानी बह रहा है। हाईवे पर एक युवक बाढ़ में बहने लगा। वहां मौजूद लोगों ने बहते युवक को किसी तरह बचा लिया।
राजस्थान: राजस्थान में अगले सप्ताह मानसून दोबारा एक्टिव होगा

राजस्थान में बारिश का दौर थमने के साथ ही नमी बढ़ गई है। प्रदेश के सभी जिलों में गुरुवार को मौसम ड्राई रहा। दिन में धूप और आसमान साफ रहने के साथ ही श्रीगंगानगर, बीकानेर, फलोदी और पिलानी में दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई।
मौसम विभाग ने राजस्थान में अगले 2 सप्ताह का पूर्वानुमान जारी करते हुए 16 सितंबर तक मौसम ड्राई रहने की संभावना जताई है। 17 सितंबर से मानसून फिर से एक्टिव होने और पूर्वी राजस्थान में कोटा, उदयपुर संभाग के जिलों में बारिश की गतिविधियां शुरू होने के आसार हैं।







