TIO भोपाल
भोपाल के मरीजों को अब मॉडर्न तकनीक से सस्ती और मुफ्त सीटी स्कैन और एमआरआई जांच की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को गांधी मेडिकल कॉलेज परिसर में हमीदिया अस्पताल में नवीन सीटी स्कैन (80 रो डिटेक्टर, 128 स्लाइस) और 1.5 टेसला एमआरआई मशीन का उद्घाटन करेंगे।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल और राज्य चिकित्सा शिक्षा मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल भी मौजूद रहेंगे।
मरीजों को मुफ्त जांच सुविधा
इन मॉडर्न मशीनों से आयुष्मान भारत योजना और अन्य शासकीय योजनाओं के तहत आने वाले मरीजों को मुफ्त सीटी स्कैन और एमआरआई जांच की सुविधा दी जाएगी। इससे मरीजों को उन उच्च स्तरीय जांचों के लिए निजी सेंटर्स जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
इन मशीनों की स्थापना से यूजी, पीजी और पैरामेडिकल छात्रों को बेहतर प्रशिक्षण और रिसर्च के अवसर मिलेंगे। इन मशीनों पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित रिसर्च भी किया जा सकेगा।
इन फीचर्स की वजह से खास सीटी स्कैन
सीटी स्कैन मशीन वॉल्यूमेट्री, फ्यूजन और पर फ्यूजन जैसी आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित है।
एमआरआई मशीन में डेडिकेटेड ब्रेस्ट कॉइल्स हैं, जिससे ब्रेस्ट कैंसर की गहन जांच आसान होगी।
दोनों मशीनें फास्ट स्क्रीनिंग में सक्षम हैं और हृदय रोगों की उन्नत जांच के लिए हाई-क्वालिटी कार्डियक पैकेज उपलब्ध कराती हैं।
18 करोड़ रुपए से लगी MRI
हमीदिया अस्पताल ने मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नए भवन ब्लॉक-1 में 6 करोड़ रुपए की सीटी स्कैन और 18 करोड़ रुपए की एमआरआई मशीनें स्थापित की हैं। इन्हें इमरजेंसी विभाग के ठीक पीछे लगाया गया है, ताकि गंभीर मरीजों की जांच तुरंत की जा सके। हाल ही में शासन से मंजूरी मिलने के बाद इन मशीनों के संचालन के लिए टेक्नीशियनों की नियुक्ति भी हो गई है।
नए नियमों के तहत लगी मशीनें
यह पहल नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) के नए नियमों के तहत की गई है, जिसके अनुसार सभी मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक जांच सुविधाएं अस्पताल के अपने संचालन में होनी चाहिए। इससे पहले, हमीदिया अस्पताल में ये जांचें आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से की जा रही थीं।
इन नई मशीनों के आने से हमीदिया अस्पताल की नैदानिक क्षमता बढ़ेगी और मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली जांच सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी।







