TIO नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ

पश्चिम बंगाल के कोलकाता और उसके आसपास के इलाकों में रातभर की बारिश से मंगलवार को बाढ़ आ गई। अब तक 7 लोगों की मौत की खबर है। इनमें ज्यादातर की मौत करंट लगने से हुई है। सड़कों पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया है।

कोलकाता में पिछले 24 घंटों में लगभग 247.5 मिमी बारिश हुई। कई जगह के वीडियो सामने आए हैं, जिसमें गाड़ियां आधी से ज्यादा डूबी हुई दिखीं। कई घरों और रेसिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में भी पानी घुस गया है। शहीद खुदीराम और मैदान मेट्रो स्टेशन के बीच मेट्रो सेवा रोक दी गई है।

हावड़ा में भारी बारिश के कारण रेलवे ट्रैक और दुकानें जलमग्न हो गईं। बारिश से दुर्गा पूजा की तैयारियां भी प्रभावित हुई हैं। कई जगह पंडाल डूब गए तो कई खराब हो गए हैं। कोलकाता में कई स्कूलों में भी छुट्टी कर दी गई है।

कोलकाता एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स घंटों की देरी से चल रहे हैं। एयरपोर्ट के टरमैक (पार्किंग एरिया) पर पानी भर गया है। एअर इंडिया और इंडिगो ने पैसेंजर्स के लिए एडवाइजरी जारी है। सड़कों पर पानी भरने के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने में भी दिक्कत आ रही है।

कोलकाता में बारिश के बाद बाढ़ की 5 तस्वीरें…

कोलकाता के बागुईआटी में मंगलवार सुबह सड़कों पर खड़ी कारें पानी में डूब गईं।
कोलकाता के बागुईआटी में मंगलवार सुबह सड़कों पर खड़ी कारें पानी में डूब गईं।
मंगलवार को एक मेडिकल स्टोर के अंदर भी पानी भर गया। इससे दवाइयां खराब हो गईं।
मंगलवार को एक मेडिकल स्टोर के अंदर भी पानी भर गया। इससे दवाइयां खराब हो गईं।
हावड़ा में भारी बारिश के कारण मंगलवार को रेलवे ट्रैक और स्टेशन के बाहर पानी भर गया।
हावड़ा में भारी बारिश के कारण मंगलवार को रेलवे ट्रैक और स्टेशन के बाहर पानी भर गया।
कोलकाता में कई जगह दुर्गा पूजा पंडाल जलमग्न हो गए। मंगलवार को नवरात्रि का दूसरा दिन है।
कोलकाता में कई जगह दुर्गा पूजा पंडाल जलमग्न हो गए। मंगलवार को नवरात्रि का दूसरा दिन है।
सोशल मीडिया पर कोलकाता एयरपोर्ट की तस्वीरों में टरमैक पर पानी भरा दिखाई दिया।
सोशल मीडिया पर कोलकाता एयरपोर्ट की तस्वीरों में टरमैक पर पानी भरा दिखाई दिया।

पश्चिम बंगाल के 5 जिलों में बुधवार तक भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिम बंगाल के पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, झाड़ग्राम और बांकुरा जिलों में बुधवार तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। विभाग ने यह भी कहा है कि 25 सितंबर के आसपास पूर्व-मध्य और उससे सटे उत्तरी बंगाल की खाड़ी में एक और नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

कोलकाता मेयर बोले- इससे पहले इतनी बारिश कभी नहीं देखी

कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने लोगों से अपने घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। मेयर ने कहा- मैंने इससे पहले कभी इतनी मूसलाधार बारिश नहीं देखी। हम पानी नदी में पंप करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पानी वापस आ रहा है, क्योंकि सभी नहरें पानी से लबालब भरी हैं। मैं कोलकाता के लोगों से अपील करता हूं कि आज अपने घरों से बाहर न निकलें। कई जगहों पर लोगों को करंट लगा है।

कोलकाता के गरिया कामदहारी में सबसे ज्यादा 332 मिमी बारिश हुई

कोलकाता नगर निगम (KMC) ने बताया कि शहर के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में ज्यादा बारिश हुई है। गरिया कामदहारी में कुछ ही घंटों में 332 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद जोधपुर पार्क में 285 मिमी, कालीघाट में 280 मिमी, तोपसिया में 275 मिमी, बल्लीगंज में 264 मिमी और उत्तरी कोलकाता के थंटानिया में 195 मिमी बारिश हुई। शहर और ज्यादा बारिश की आशंका है।

इंडिगो ने कोलकाता एयरपोर्ट के लिए एडवाइजरी जारी की

कोलकाता में रात भर बारिश के बाद इंडिगो एयरलाइन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इंडिगो ने मंगलवार को बयान जारी कर कहा- कोलकाता में आज भारी बारिश की आशंका है। इसलिए एयरपोर्ट से आने-जाने वाली फ्लाइट्स में देरी और यातायात धीमा होने की संभावना है।

एयरलाइन ने कहा- आसमान पर हमारा कंट्रोल नहीं है। फिर भी ग्राउंड पर आपकी यात्रा सुचारू रखने के लिए हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं। अपनी फ्लाइट की स्टेटस जांच लें और थोड़ा जल्दी एयरपोर्ट पहुंचने की कोशिश करें।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER