TIO लुधियाना

भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के खिलाफ ट्रेड यूनियन, किसान संगठन और कर्मचारी संगठन आज हड़ताल पर हैं। कई जिलों में इसका मिलाजुला असर देखने मिल रहा है। कॉन्ट्रैक्ट मुलाजिम हड़ताल पर हैं, लेकिन पक्के कर्मी सेवाएं मुहैया करवा रहे हैं।
बसें चल रही हैं। बाजार खुले हैं और बैंकों में भी काम चल रहा है। हालांकि, बंद से विभागों में कामकाज प्रभावित जरूर हो रहा है, लेकिन पूरी तरह से बंद नहीं है।
ट्रेड यूनियनें पंजाब के अलग-अलग शहरों में प्रदर्शन कर रही हैं। संगरूर में PRTC और PUNBUS के कच्चे कर्मचारियों ने आज सीएम का घर घेरने का ऐलान किया था, लेकिन कर्मचारियों ने कहा कि सरकार से हमारी बातचीत चल रही है और हमारे कुछ नेताओं को पुलिस ने उनके घरों से हिरासत में ले लिया है, जिसकी वजह से हम आज घेराव नहीं कर पाए। लेकिन जब भी हमारे किसी नेता का फ़ोन आएगा तो हम ज़रूर आगे बढ़ेंगे।
वहीं पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के कर्मचारी संगठनों ने पूरे दिन हड़ताल पर रहने का ऐलान किया है। हालांकि, PSPCL ने चेतावनी दी है कि जो कर्मी हड़ताल में शामिल होगा, उसे नौकरी से भी निकाला जा सकता है।
कर्मचारियों, किसानों व ट्रेड यूनियनों की हड़ताल को पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस का समर्थन है। AAP ने अपने कार्यकर्ताओं को बंद में सहयोग करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, कांग्रेस के केंद्रीय महासचिव वेणुगोपाल ने भी पूरे देश में बंद का समर्थन करने को कहा है।







