शशी कुमार केसवानी
मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को कांग्रेस विधायकों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। वे हाथों में तख्तियां और गिरगिट के खिलौने लेकर पहुंचे। गांधी प्रतिमा के सामने नारेबाजी की। कांग्रेस विधायकों का कहना था कि सरकार अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को 27 फीसदी आरक्षण नहीं देना चाहती। वह बार-बार गिरगिट की तरह रंग बदल रही है।
वहीं, सिरोंज से बीजेपी विधायक उमाकांत शर्मा ने कहा- मुझे चिंता है कि कमलनाथ जी को सदन में आने से कौन रोक रहा है? मुझे लगता है कि यह कांग्रेस की गुटबाजी और फूट का परिणाम है।

सदन के अंदर सत्र की कार्यवाही शुरू होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पूर्व विधायक राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह, रघुनाथ चौधरी, शंकर लाल मुन्नाखेड़ी, सरदार सुखदेव सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय कुमार रुपाणी, फिल्म अभिनेता मनोज कुमार, लोक कलाकार रामसहाय पांडे को श्रद्धांजलि दी।
पहलगाम आतंकी हमले और अहमदाबाद एयर इंडिया विमान हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि के बाद सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।

3 सरकारी विधेयक, अनुपूरक बजट आएगा
8 अगस्त तक चलने वाले इस सत्र में अनुपूरक बजट भी पेश किया जाएगा। सत्र के लिए कुल 3377 में से 2076 सवाल ऑनलाइन आए हैं जबकि ऑफलाइन सवालों की संख्या 1301 है। 226 ध्यानाकर्षण, अशासकीय संकल्प की 23 और शून्यकाल की 65 सूचनाएं विधायकों की ओर से दी गई हैं। विधायकों ने नियम- 139 के तहत एक सूचना दी है।
एक स्थगन प्रस्ताव की सूचना भी सचिवालय को दी गई है। इस सत्र में तीन सरकारी विधेयक भी पेश किए जाएंगे।
महेश परमार बोले- जनप्रतिनिधियों और मीडिया को रोकना चाहती है सरकार
तराना से कांग्रेस विधायक महेश परमार ने कहा- सरकार इतनी डरी हुई है कि जन प्रतिनिधि और मीडिया को विधानसभा कार्यवाही से दूर रखना चाहती है। लेकिन हम पुरजोर तरीके से अपनी बात रखेंगे ताकि प्रदर्शन पर रोक के फैसले को सरकार वापस ले।
परमार ने उज्जैन में महाकाल दर्शन को लेकर अनियमितताओं को लेकर संबंधित अफसरों पर कार्रवाई की मांग भी की।
सदन में उठ सकता है प्रदर्शन पर रोक का मुद्दा
विधानसभा सचिवालय की ओर से विधायकों को पत्र भेजकर विधानसभा परिसर में नारेबाजी और प्रदर्शन न करने को कहा गया है। विपक्षी विधायक इस मुद्दे को सदन में उठा सकते हैं।
विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह ने बीती 10 जुलाई को सभी विधायकों को एक परिपत्र भेजा था। इसमें सुरक्षा का हवाला देते हुए व्यवस्था में सहयोग करने की अपेक्षा की गई है। इसमें लिखा था कि विधानसभा परिसर और दर्शक दीर्घा में प्रवेश पत्र सीमित संख्या में जारी किए जाएंगे। विधायकों से अनुरोध है कि अपने एक निज सहायक और ड्राइवर का नाम, गाड़ी नंबर के साथ प्रवेश पत्र कार्यालय भेजना सुनिश्चित करें।
विधायक-मंत्रियों को इस तरह के पत्र भेजे गए हैं। इसे नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है।
विधायक-मंत्रियों को इस तरह के पत्र भेजे गए हैं। इसे नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है।
उमाकांत शर्मा बोले- कमलनाथ को कौन रोक रहा?
सिरोंज से बीजेपी विधायक उमाकांत शर्मा ने कहा- मुझे चिंता है कि कमलनाथ जी को सदन में आने से कौन रोक रहा है?
उन्होंने कहा- मुझे लगता है कि यह कांग्रेस की गुटबाजी और फूट का परिणाम है।
दिवंगत नेताओं, पहलगाम हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि
सदन के अंदर मानसून सत्र की कार्यवाही शुरू होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पूर्व विधायक राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह, रघुनाथ चौधरी, शंकर लाल मुन्नाखेड़ी, सरदार सुखदेव सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय कुमार रुपाणी, फिल्म अभिनेता मनोज कुमार, लोक कलाकार रामसहाय पांडे को श्रद्धांजलि दी।
विधानसभा सदस्यों ने 22 अप्रैल को कश्मीर के अनंतनाग के पहलगाम में आतंकी हमले में शहीद नौसेना अधिकारी और पर्यटकों समेत 12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान हादसे के मृतकों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
बीजेपी विधायक मालवीय बोले- मैं सरकार का प्रवक्ता नहीं
उज्जैन के महाकाल मंदिर में दर्शन को लेकर गड़बड़ी के मामले पर बीजेपी विधायक चिंतामणि मालवीय ने दो टूक जवाब दिया। मालवीय ने कहा- मैं सरकार का प्रवक्ता नहीं हूं। ये सवाल सरकार से पूछिए।
प्रीतम सिंह लोधी बोले- हम तो इंसान हैं, कांग्रेसी खुद गिरगिट हैं
कांग्रेस के प्रदर्शन पर पिछोर से बीजेपी विधायक प्रीतम सिंह लोधी बोले- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनगणना कराने और ओबीसी को आरक्षण देकर कांग्रेस का मुद्दा खत्म कर दिया है। हम तो इंसान हैं, कांग्रेसी खुद गिरगिट हैं।
सोना पटेल ने कहा- सरकार ने वादे पूरे नहीं किए
जोबट विधायक सेना पटेल ने कहा- हम भाजपा की सोई सरकार को जगाना चाहते हैं। सरकार की सरकार ने अपने वादे पूरे नहीं किए हैं। वो गिरगिट की तरह रंग बदलती है, उसके विरोध में हम आज ये प्रदर्शन कर रहे हैं।
पंकज उपाध्याय बोले- भेदभाव कर रही सरकार
जौरा से कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय ने कहा- ओबीसी वर्ग के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार और भेदभाव किया जा रहा है। मध्यप्रदेश सरकार ने बहुत मोटी फीस हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में वकीलों पर खर्च की, जिससे ओबीसी वर्ग को उनका आरक्षण न मिल सके। इसका हम लगातार विरोध कर रहे हैं। कमलनाथ ने मुख्यमंत्री रहते जो आरक्षण दिया था, वह हम ओबीसी वर्ग को दिलाकर रहेंगे।
ओबीसी आरक्षण को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले ही दिन सोमवार को कांग्रेस ने तीखे तेवर दिखाए। कांग्रेसी विधायक हाथों में तख्तियां और गिरगिट के खिलौने लेकर पहुंचे। गांधी प्रतिमा के सामने नारेबाजी की। कांग्रेस विधायकों का कहना था कि सरकार ओबीसी को 27 फीसदी आरक्षण नहीं देना चाहती। वह बार-बार गिरगिट की तरह रंग बदल रही है।
कांग्रेस ने सरकार को घेरने की बनाई रणनीति
भोपाल में रविवार को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई थी। इसमें विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा हुई। तय किया गया कि सत्र में आदिवासियों की जमीन बेदखली, भर्ती परीक्षाओं में घोटाले, जातिगत जनगणना, भ्रष्टाचार, युवाओं को रोजगार, ड्रग्स कारोबार, खाद की किल्लत, महिला अत्याचार, रिक्त पड़े पदों पर जल्द भर्तियां, 27 फीसदी ओबीसी आरक्षण और 13 फीसदी पर होल्ड हटाने की मांग को जोर-शोर से उठाया जाएगा।







