TIO नई दिल्ली

हिमाचल प्रदेश के मंडी में सोमवार देर रात बादल फटा है। अब तक 3 लोगों की मौत हो गई और 2 अन्य लापता है। 15 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया गया। चंडीगढ़-मनाली और मंडी-जोगेंद्रनगर फोरलेन बंद हो गया है।
राजस्थान में भारी बारिश से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। चित्तौड़गढ़, झालावाड़, कोटा, पाली और सिरोही में घरों तक में पानी घुस गया है। टोंक-चित्तौड़गढ़ में बारिश से हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो गई।
भीलवाड़ा के बिजौलिया इलाके में सड़कों पर नाव चल रही हैं। बाढ़ में फंसे लोगों को SDRF की टीम रेस्क्यू कर रही है। आज राज्य के 27 जिलों में बारिश का अलर्ट है। चेतावनी के चलते 11 जिलों में स्कूलों की छुट्टी कर दी है।
देशभर में बारिश के कारण जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वी राजस्थान के 14 जिलों के लिए बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में भारी बारिश, कई इलाकों और सड़कों में पानी भरा
भोपाल-नर्मदापुरम में 24 घंटे में 8 इंच बारिश का अलर्ट
मध्यप्रदेश में मंगलवार को कुल 34 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है। भोपाल, नर्मदापुरम, रायसेन, विदिशा, राजगढ़ और सीहोर में अलग-अलग स्थानों पर 4.5 से 8 इंच तक भारी बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज 14 जिलों में अति भारी और 20 में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, अशोकनगर, विदिशा, सागर, रायसेन और नर्मदापुरम में अति भारी बारिश हो सकती है।
UP: मुजफ्फरनगर में बारिश, सड़कों पर पानी भरा
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के 35 जिलों में आज बारिश का अलर्ट है। इधर, मुजफ्फरनगर के कई इलाकों में सुबह से तेज बारिश हो रही है। सड़कों पर पानी भरा है।
पटना की सड़कों पर पानी भरा, तेज बारिश जारी
बिहार के पटना में मंगलवार सुबह से ही तेज बारिश हो रही है। पटना की ज्यादातर सड़कों पर पानी भर गया है।
मंडी में बाढ़ जैसे हालात, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हिमाचल प्रदेश के मंडी में बादल फटने से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। NDRF, होमगार्ड और स्थानीय पुलिस रेस्क्यू में जुटी हैं।
बारिश का दिल्ली एयरपोर्ट की कई फ्लाइट्स पर असर
दिल्ली में मंगलवार सुबह से ही बारिश जारी है। इस बीच एअर इंडिया ने जानकारी दी है कि तेज हवाएं और बारिश के चलते दिल्ली आने-जाने वाली फ्लाइट्स पर असर पड़ सकता है।
उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। देहरादून के कई इलाकों में सुबह से बारिश हो रही है।
छत्तीसगढ़: 17 जिलों में यलो अलर्ट, रायपुर में रातभर से बारिश
मौसम विभाग ने मंगलवार को रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बलरामपुर, सरगुजा, सूरजपुर सहित राज्य के 17 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
रायपुर में रातभर से बारिश हो रही है। प्रदेश में अलग-अलग हिस्सों में अगले दो से तीन दिन हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER