पटना

बिहार में चुनावी माहौल के बीच पुलिस को एक पाकिस्तानी एक्स हैंडल से गुरुवार की दोपहर चार बजे बिहार में सार्वजनिक स्थानों पर बम ब्लास्ट की धमकी मिली है। इस धमकी के बाद पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस अधीक्षकों को अलर्ट जारी किया है।
ADG लॉएंड ऑर्डर पंकज दराद ने पत्र जारी कर सभी सार्वजनिक स्थानों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों और धार्मिक स्थलों पर सतर्कता बरतने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया है।
पुलिस अधीक्षकों को सभी प्रमुख स्थानों पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड से सघन जांच करने का निर्देश दिया है।
पाक एक्स हैंडल से मैसेज मिला- रोक सकें तो रोक लें
आज सार्वजनिक स्थानों पर धमाकों की धमकी कराने को भी कहा गया है। जानकारी के मुताबिक बिहार पुलिस मुख्यालय को चौधरी अशद नाम के एक्स हैंडल से पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से धमकी भरा मैसेज मिला।
इसमें कहा गया कि 12 सितंबर को शाम चार बजे बिहार में बम ब्लास्ट होगा। चुनौती भी दी गई कि रोक सकें तो रोक लें।
गुरुद्वारे को भी बम से उड़ाने की मिली थी धमकी
राज्य में आने वाले दिनों में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिस कारण सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क हैं। इस बीच 9 सिंतबर को पटना साहिब स्थित तख्त श्री हरमंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। जिसके बाद गुरुद्वारे को खाली करवा दिया गया था।
वहीं 29 अगस्त को पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी, जिसके बाद पूरे परिसर की तलाशी ली गई। उसी समय तीन पाकिस्तानी आतंकियों के बिहार में छिपे होने का अलर्ट भी आया था, हालांकि बाद में पुलिस ने इस खबर को गलत बताया।
इधर, नेपाल में हालिया हिंसक प्रदर्शनों और राजनीतिक अस्थिरता के बीच सीमा पर संदिग्ध गतिविधियां बढ़ गई हैं। कई अपराधियों के नेपाल से भारत में घुसने की कोशिश की जानकारी मिली है, जिसको लेकर सीमावर्ती जिलों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।







