TIO नई दिल्ली

संसद के मानसून सत्र का गुरुवार को चौथा दिन है। सुबह 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसद बिहार वोटर वेरिफिकेशन मामले पर हंगामा करने लगे।
लोकसभा की कार्यवाही सिर्फ 6 मिनट ही चल पाई। स्पीकर ओम बिरला ने विपक्षी सांसदों से सदन में शांति बनाए रखने की अपील की। लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शन के बाद लोकसभा को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
कांग्रेस सहित कई विपक्षी सांसद वेल में आकर पोस्टर लहराने लगे। स्पीकर ओम बिरला ने कहा- तख्तियां लेकर आने पर सदन नहीं चलेगा। उन्होंने कांग्रेस सांसदों से कहा- ये आपके संस्कार नहीं हैं।
हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही सिर्फ 6 मिनट चल पाई। स्पीकर ने सदन की कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। हालांकि राज्यसभा में कार्यवाही जारी है।
उधर संसद के बाहर मकर द्वार पर बिहार वोटर वेरिफिकेशन मामले पर लगातार तीसरे दिन प्रदर्शन किया गया। सोनिया गांधी भी इसमें शामिल हुईं। प्रियंका गांधी ने खतरे में लोकतंत्र लिखा पोस्टर लहराया।

रामदास अठावले बोले- बिहार में तेजस्वी ने पहले ही हार मान ली

बिहार SIR के खिलाफ विपक्ष के विरोध पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, अगर वे (तेजस्वी यादव) चुनाव बहिष्कार की बात कर रहे हैं, तो इसका मतलब है कि वे हार मान रहे हैं। बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पटना में बुधवार शाम कहा था कि विपक्ष विधानसभा चुनाव का बायकॉट कर सकता है। इसे लेकर महागठबंधन की सभी पार्टियों के बीच विचार करेंगे।

राज्यसभा के 5 सांसदों का कार्यकाल खत्म

राज्यसभा के 5 सांसदों का कार्यकाल आज खत्म हो रहा है। इनमें एम मोहम्मद अब्दुल्ला, एन चंद्रशेखरन, एम षणमुगम, वाइको, पी विल्सन शामिल हैं। पांचों सांसदों ने सदन में विदाई भाषण दिया।
भाजपा सांसद कंगना बोलीं- विपक्ष हंगामा करके लोकतंत्र का गला घोंट रहा
भाजपा सांसद कंगना रनोट ने कहा, विपक्ष की कुछ जिम्मेदारियां होती हैं। देश संसद में उनके व्यवहार को देख रहा है। वे सदन में अनावश्यक हंगामा करके लोकतंत्र और संविधान का गला घोंटते हैं। वे रोज वेल में घुस जाते हैं। मंत्री रोज पूरी तैयारी से आते हैं, लेकिन वे किसी को मुद्दों पर बोलने नहीं देते।
राजीव शुक्ला बोले- हमारा आंदोलन जारी रहेगा
कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, हमारा मानना है कि इसके खिलाफ लड़ाई अभी जारी है और यह जारी रहनी चाहिए। हमें लगता है कि चुनाव आयोग सच्चाई को जरूर स्वीकार करेगा और लोगों को वोट देने से वंचित नहीं किया जाएगा। फिलहाल, यह आंदोलन जारी रहेगा।
RJD सांसद बोले- सरकार आग से खेल रही है
RJD सांसद मनोज झा ने कहा, अगर हमारे चुनाव आयोग का व्यवहार बांग्लादेश चुनाव आयोग जैसा है, तो पार्टियों और नागरिकों के पास कोई विकल्प नहीं बचेगा। क्या वे एक भी विदेशी मतदाता का नाम बता सकते हैं, और अगर यह सरकार ऐसे इरादों से बिहारियों को बेदखल करने की योजना बना रही है, तो वे आग से खेल रहे हैं।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER