TIO, आगरा

कोई आदमी बचेगा ही नहीं, जिस पर तुम इल्जाम लगा सको, मर्दों के बारे में सोचो, उनके बारे में कोई तो बात करे, बेचारे बहुत अकेले हैं…। सदर के डिफेंस कॉलोनी में यह कहकर वीडियो बनाते हुए टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के मैनेजर मानव शर्मा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना के चार दिन बाद परिजन ने पुत्रवधू, ससुर और साली पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोप लगाया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। उधर, पत्नी ने आरोपों को निराधार बताते हुए अपना वीडियो सोशल मीडिया पर डाला है। डिफेंस कॉलोनी, सदर निवासी मानव शर्मा टीसीएस में रिक्रूटमेंट मैनेजर थे। वह मुंबई में कार्यरत थे। मानव के पिता नरेंद्र कुमार शर्मा के मुताबिक, बेटे की शादी 30 जनवरी 2024 को बरहन निवासी निकेता से की थी। मानव ने 24 फरवरी को फंदा लगाकर आत्महत्या की थी।

पिता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पुत्रवधू का व्यवहार ठीक नहीं था। वह उग्र होकर लड़ाई झगड़ा करती थी। मानव निकेता को अपने साथ मुंबई ले गया था। मगर, वहां भी उसका व्यवहार नहीं बदला। वह आए दिन झगड़ा करती थी।

जेल भिजवाने की देती थी धमकी
मानव को आत्महत्या की धमकी देकर जेल भिजवाने की कहती थी। बेटे का घर नहीं बिगड़े, इसलिए उसे समझाते रहते थे। 23 फरवरी को मानव बहू को लेकर मुंबई से आगरा आया। उसी दिन निकेता के घर बरहन गया। वहां पर उसके पिता निपेंद्र कुमार शर्मा, मां पूनम शर्मा, बहन निशू व रिया ने मानव को अपमानित किया। इससे परेशान आकर मानव ने 24 फरवरी की सुबह 5 बजे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी जानकारी पर बेटे को मिलिट्री हॉस्पिटल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मामले में बृहस्पतिवार को थाना सदर में तहरीर दी। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की धारा में केस दर्ज किया गया है। मामले में साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। उधर, आरोपी पत्नी और अन्य लोग घर से फरार हो गए हैं। हालांकि एक वीडियो निकेता का सामने आया है। वह अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बता रही हैं।

6.57 मिनट का वीडियो, अपना दर्द किया बयां
मानव ने आत्महत्या से पहले अपना दर्द वीडियो में बयां किया है। यह 6.57 मिनट का है। इसमें नजर आ रहा है कि मानव ने साड़ी से फंदा बना रखा है। यह पंखे से बंधा हुआ है। मानव कई बार भावुक हो जाते हैं। उनकी आंखों से आंसू भी निकल रहे हैं। कहते हैं कि पत्नी के बारे में पता चला। चलो कोई बात नहीं, कोई आदमी बचेगा ही नहीं, जिस पर तुम इल्जाम लगा सको। वह कहते हैं कि मर्दों के बारे में कोई तो बात करें।

इसके बाद वह रोने लगते हैं। पापा सॉरी, मम्मी सॉरी, अक्कू सॉरी। जैसे ही मैं चला जाऊंगा सब कुछ ठीक हो जाएगा। तो मुझे जाने दो। यह कहने के बाद वह रोने लगते हैं। वह वीडियो में अपना हाथ भी दिखाते हैं, जिसमें कहते हैं कि पहले भी सुसाइड की कोशिश की थी। वीडियो में हंसते हुए भी दिख रहे हैं। आंसू पोछने के बाद कहते हैं कि मेरे मां-बाप को बिल्कुल टच मत करना।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER