TIO, नई दिल्ली

अंतिम मतदाता सूची जारी होने के एक दिन बाद मंगलवार को चुनाव आयोग ने दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। अब सत्ता संग्राम की सियासी जंग शुरू हो गई है। दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव आयोग ने कल चुनाव की तारीख की घोषणा की थी। दिल्ली में 5 फरवरी को एक चरण में चुनाव होगा और नतीजे 8 फरवरी को आएंगे। इस बीच दिल्ली में ‘शीशमहल’ मामले को लेकर सियासत गर्म है। जहां भाजपा इस मामले को लेकर भाजपा आम आदमी पार्टी को घेरने में लगी है वहीं आप नेता संजय सिंह ने भाजपा के नेताओं को खुली चुनौती दी है।

आप सांसद संजय सिंह ने 2700 करोड़ रुपये में बने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आलीशान राजमहल को भाजपा को दिखाने की चुनौती दी है। संजय सिंह के मुताबिक बुधवार सुबह वह मीडिया के साथ पहले मुख्यमंत्री आवास शीशमहल जाएंगे। उसके बाद प्रधानमंत्री का आवास देखने जाएंगे। संजय सिंह ने भाजपा से मांग की है कि वह पीएम का राजमहल दिखाएं। संजय सिंह का आरोप है कि पीएम मोदी के 2,700 करोड़ रुपये में बने राजमहल में 300 करोड़ की कालीन बिछी हुई है, 200 करोड़ का झूमर लगा है और वह 10-10 लाख के पेन, 6,700 जोड़ी जूते व 5,000 सूट का इस्तेमाल करते हैं। हम यह चाहते हैं कि दिल्ली और देश के लोगों को सच्चाई पता पता चले।

सीएम को तीन महीने में दूसरी बार आवास से निकाला : केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल का आरोप है कि तीन महीने में दूसरी बार भाजपा ने आतिशी को फिर से मुख्यमंत्री आवास से निकाल दिया। भाजपा दिल्ली का चुनाव बुरी तरह से हार रही है। इस कारण बौखलाहट में भाजपा नेता इस तरह की गंदी राजनीति पर उतर आए हैं। वहीं, आतिशी ने कहा कि उनको पहली बार घर से निकाला तो उन्होंने दिल्ली की सड़कें ठीक करवाईं, फ्लाईओवर बनवाए, अनेक नए स्कूल बनवाए, मोहल्ला क्लीनिक में रुके हुए टेस्ट-दवाएं शुरू करवाईं। इस बार महिलाओं को 2100 रुपये, बुजुर्गों को मुफ्त इलाज और पुजारियों-ग्रंथियों को 18 हजार रुपये की सम्मान राशि दिलवाई जाएगी।

पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए मंगलवार को सीएम ने आरोप लगाया कि दिल्ली चुनाव की घोषणा से पहले पिछली रात को केंद्र सरकार ने उनको उनके सरकारी आवास से बाहर निकाल दिया। एक मुख्यमंत्री होने के नाते जो सीएम आवास उनको आबंटित है, भाजपा की केंद्र सरकार ने तीन महीने में दूसरी बार उससे निकालकर बाहर फेंक दिया। इसके लिए बाकायदा उन्हें चिट्ठी भेजी गई है। सीएम आवास एक चुनी हुई सरकार की चुनी हुई मुख्यमंत्री से छीन लिया।

आतिशी ने कहा कि प्रण लेती हैं कि दिल्ली की हर महिला को 2100 रुपये दिलवाएंगी। संजीवनी योजना के तहत दिल्ली के हर बुजुर्ग का सरकारी या प्राइवेट अस्पताल में फ्री इलाज करवाएंगी। हर पुजारी और ग्रंथी को हर महीने 18,000 रुपये की सम्मान राशि दिलवाकर रहूंगी। भाजपा वाले यह समझ लें कि आम आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता, नेता, मंत्री और मुख्यमंत्री अपने सिर पर कफन बांधकर निकला है।

दिल्ली से भाजपा वालों का मतलब नहीं : भारद्वाज
आप नेता सौरभ भारद्वाज का आरोप है कि भाजपा वालों को इस बात की कोई चिंता नहीं है कि दिल्लीवालों के लिए कोई काम किया जाए। भाजपा का इकलौता एजेंडा रहता है कि कैसे आप नेताओं के खिलाफ कुछ किया जाए। आज दोबारा से एक महिला मुख्यमंत्री को उनके आधिकारिक निवास स्थान से बाहर निकाल दिया गया है। इस तरह की घटना देश में शायद पहली बार है।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER