TIO भोपाल
इंदू सोनाली ने ‘कृपा कईनी छठी माई’ छठ गीतों की दी भव्य प्रस्तुति, जरूरतमंद महिलाओं का हुआ सम्मान

लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा पूर्व युवा क्रांति रोटी बैंक के तत्वावधान में बरखेड़ा पठानी एफ सेक्टर ग्राउंड में बुधवार को “एक शाम छठी मैया के नाम” भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आस्था, संस्कृति, सेवा और सामाजिक समरसता का सुंदर संगम देखने को मिला।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना से हुई। इसके बाद छठ पूजा की थीम एवं भगवान श्रीराम की थीम पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं। अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को सम्मानित कर उनके सामाजिक योगदान एवं संघर्ष को सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भोजपुरी एवं बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध प्लेबैक गायिका इंदू सोनाली की भक्तिमय प्रस्तुति रही। उन्होंने ‘कृपा कईनी छठी माई’ सहित लोकप्रिय छठ गीतों की भव्य प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। गीतों के दौरान पूरा परिसर छठी मैया के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।
श्रीमती कृष्णा गौर, राज्य मंत्री ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति और लोक परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। छठ पूजा हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, परिवार के प्रति समर्पण और समाज के प्रति सेवा की प्रेरणा देती है। युवा क्रांति रोटी बैंक द्वारा भक्ति के साथ जरूरतमंद महिलाओं का सम्मान करना सराहनीय पहल है।अध्यक्ष श्रीमती रिंकू ओझा ने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, संस्कार, सेवा और सामाजिक एकता का पर्व है। “एक शाम छठी मैया के नाम” के माध्यम से छठ की परंपरा और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। मीडिया प्रभारी भगवान दास ढालिया ने कहा कि छठ महापर्व सामाजिक समरसता, सेवा और सहयोग का संदेश देता है।कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति, रितु शर्मा, जे.एन. मालवीय, पुलिस अधिकारी बिट्टू शर्मा,चेतन पाटीदार,अंजनी सिंह,केवल मिश्रा,भगवान दास ढालिया, राजेश परमार सुरेंद्र वर्मा सहित समाज के प्रमुख गणमान्यजन ओर बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की। पूरे परिसर में छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।आयोजक श्रीमती रिंकू ओझा एवं युवा क्रांति रोटी बैंक की समस्त टीम ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, सहयोगियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।







