TIO नई दिल्ली

अभिजीत दीपके और प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर पर फिर से प्रदर्शन शुरू कर दिया है। - Dainik Bhaskar

अभिजीत दीपके और प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर पर फिर से प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP का जंतर-मंतर पर फिर प्रदर्शन शुरू हो गया है। इस बीच NDA संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि पेपर लीक मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए। दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।

यह जानकारी संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने दी। उन्होंने बताया कि पीएम ने यह भी विश्वास दिलाया है कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील से किसानों को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा।

उधर, CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा कि सोमवार को संसद मार्च में पुलिस ने बर्बरता की। सोनम वांगचुक ने पुलिस की कार्रवाई देखने के बाद अपना अनशन जारी रखने का फैसला किया है।

दीपके ने कहा, ‘हम संसद मार्च आज इसलिए नहीं निकाल रहे हैं, क्योंकि इस सरकार और पुलिस ने छात्रों का खून बहाया है। इन्हें छात्रों की कोई परवाह नहीं है, लेकिन हमें है।’

प्रदर्शन की तस्वीरें…

जंतर-मंतर पर मंगलवार सुबह 7 बजे ही प्रदर्शनकारी बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए।
जंतर-मंतर पर मंगलवार सुबह 7 बजे ही प्रदर्शनकारी बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी झंडा लेकर पहुंचे हैं।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी झंडा लेकर पहुंचे हैं।

जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के पल-पल के अपडेट के लिए नीचे दिए ब्लॉग से गुजर जाएं…

खड़गे ने कहा- छात्रों पर लाठीचार्ज क्यों हुआ

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘छात्रों पर आंसू गैस क्यों छोड़ी गई, क्यों लाठीचार्ज किया गया। आज कई छात्र अस्पताल में हैं।’ उन्होंने सरकार से प्रदर्शनकारियों और जेपी नड्डा के बीच हुई बातचीत की जानकारी सदन में देने की मांग की।

केसी वेणुगोपाल ने कहा- पेपर लीक का मुद्दा संसद में उठागे

कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा, ‘सोमवार को सरकार का बेहद क्रूर रवैया देखने को मिला। हम आज फिर संसद में यह मुद्दा उठाएंगे।

उन्होंने कहा, ‘हमने पहले ही लाठीचार्ज की निंदा करते हुए स्थगन प्रस्ताव दिया है। साथ ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और NEET व CBSE परीक्षा पेपर लीक मामले में स्पष्ट कार्रवाई की मांग की है।’

प्रियंका गांधी ने कहा- शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी, इस्तीफा दें

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, ‘यह सरकार पूरी तरह युवा विरोधी है। यह युवाओं, गरीबों और किसानों के खिलाफ है। पिछले 12 साल से हम यही देख रहे हैं।’

  • उन्होंने कहा, ‘जब किसान आंदोलन करते हैं तो उन्हें दबाया जाता है। अब छात्रों की आवाज भी दबाई जा रही है। वे बच्चे हैं, उनकी बात शांतिपूर्वक सुननी चाहिए।’
  • उन्होंने आगे कहा, ‘यह शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी है। उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। एक समय था जब मंत्री अपनी जिम्मेदारी लेते थे। मुझे याद है कि 1980 के दशक में एक ट्रेन हादसे के अगले ही दिन मंत्री ने इस्तीफा दे दिया था। इसलिए जिम्मेदारी लीजिए, इस्तीफा दीजिए और सबसे जरूरी, व्यवस्था को ठीक कीजिए।’

सिब्बल ने कहा- सरकार ने लाठीचार्ज क्यों किया

राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने नड्डा के बयान पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि जब बच्चों की मांगें सबको पता थीं, तो सरकार उनके खिलाफ आंसू गैस और लाठीचार्ज का इंतजार क्यों कर रही थी।

  • उन्होंने कहा, ‘प्रदर्शन के दौरान भीड़ 12,000 से बढ़कर 50,000 तक पहुंच गई थी, जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग किया।
  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सोमवार को कहा था कि CJP प्रतिनिधिमंडल के साथ सोमवार को हुई बातचीत ‘ठीक’ रही। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से धरना खत्म करने की अपील की है।

संसद मार्च के दौरान दंगा करने का आरोप, 5 लोगों पर FIR

कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ 5 FIR दर्ज की हैं। ये मामले संसद मार्ग, बाराखंभा और कनॉट प्लेस थानों में दर्ज किए गए हैं। इन पर दंगा करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी कर्मचारियों पर हमले की धाराओं में दर्ज हुई हैं। पुलिस CCTV फुटेज और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर रही है।

दीपके ने कहा- संसद मार्च नहीं निकालेंगे, वांगचुक का अनशन जारी रहेगा

अभिजीत दीपके ने मंगलवार को कहा कि कल सोनम वांगचुक अपना अनशन खत्म करने वाले थे। हमने उन्हें बड़ी मुश्किल से इसके लिए राजी किया था। कल उनके अनशन का 23वां दिन था। हमने उनसे कहा था कि सर, कृपया अनशन खत्म कर दीजिए। हम आपकी जान को अब और खतरे में नहीं डाल सकते। इस देश के लिए आपका जीवन बहुत कीमती है। वह किसी तरह मान गए थे।

  • उन्होंने बताया कि सोमवार को हुई बर्बरता और पुलिस की कार्रवाई देखने के बाद सोनम सर ने अपना अनशन जारी रखने का फैसला किया है।
  • हम फिलहाल संसद मार्च इसलिए नहीं निकाल रहे हैं, क्योंकि इस सरकार और पुलिस ने छात्रों का खून बहाया है। इन्हें छात्रों की कोई परवाह नहीं है, लेकिन हमें है। इसलिए सोनम सर अपना अनशन जारी रखेंगे और आंदोलन भी जारी रहेगा।

पीएम मोदी ने कहा- पेपर लीक केस में दोषियों को सजा मिलेगी

NDA संसदीय दल की बैठक में मंगलवार को संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, ‘बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि पेपर लीक मामले में दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील से किसानों को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा।’

  • कॉकरोच जनता पार्टी ने सोमवार को जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकाला। सुबह 8 से शाम 5 बजे तक चले प्रदर्शन के दौरान कई बार प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई।
  • जेपी नड्‌डा और कॉकरोच जनता पार्टी के डेलीगेशन के बीच बातचीत हुई। नड्डा ने कार्रवाई न करने का आश्वासन दिया। CJP प्रतिनिधिमंडल ने 3 मांगें रखीं।
  • धर्मेंद्र प्रधान और अमित शाह के बीच लंबी बैठक हुई, लेकिन बातचीत का विषय क्या था, इसकी जानकारी सामने नहीं आई।
  • अभिजीत दीपके ने अनशन तोड़ा, उनके अलावा 22 दिन से भूख हड़ताल कर रहे 3 और स्टूडेंट्स ने अनशन खत्म कर दिया।
  • सोनम वांगचुक ने अनशन तोड़ने से इनकार कर दिया। कहा- शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बर्बरतापूण कार्रवाई की है।
  • दिल्ली हाईकोर्ट ने सोनम की पत्नी गीतांजलि अंग्मो की याचिका पर सुनवाई की। वांगचुक की हेल्थ रिपोर्ट मांगी। आज फिर सुनवाई होगी।
  • नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा कि झड़पों में 90 से 100 पुलिसकर्मी और 50 से ज्यादा प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं।

सोमवार रात जंतर-मंतर पर पहुंचे CJP समर्थक

जंतर-मंतर पर CJP समर्थक रात 9 बजे से पहुंचने लगे थे।
जंतर-मंतर पर CJP समर्थक रात 9 बजे से पहुंचने लगे थे।
CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने सोमवार रात जंतर-मंतर पर समर्थकों से बात की।
CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने सोमवार रात जंतर-मंतर पर समर्थकों से बात की।

सांसद चंद्रशेखर आजाद संसद परिसर में धरने पर बैठे

सांसद चंद्रशेखर आजाद संसद परिसर में धरने पर बैठे हैं। उनका यह विरोध प्रदर्शन पेपर लीक मामले और कल CJP के विरोध मार्च के दौरान पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ है। वह केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

अरविंद केजरीवाल आज 11 बजे प्रेस काफ्रेंस करेंगे

अरविंद केजरीवाल आज सुबह 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसकी जानकारी उन्होंने X पर पोस्ट कर दी। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि मोदी सरकार द्वारा कल छात्रों पर किए गए दमन के खिलाफ आज सुबह 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करूंगा। इसके बाद घायल लोगों से मिलने आरएमएल अस्पताल जाऊंगा।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई

सफदरजंग अस्पताल ने सोनम वांगचुक की हेल्थ रिपोर्ट जारी की

सफदरजंग अस्पताल ने बताया कि सोनम वांगचुक का इलाज वीएमएमसी एवं सफदरजंग अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की निगरानी में जारी है।

अस्पताल के मुताबिक, सोनम वांगचुक के सभी वाइटल पैरामीटर्स स्थिर हैं, लेकिन उनका ब्लड शुगर स्तर अभी भी सामान्य से कम बना हुआ है। उनमें लगातार पैनसाइटोपेनिया की स्थिति बनी हुई है, जिसमें एनीमिया (खून की कमी) और ल्यूकोसाइट्स की कम संख्या शामिल है।

वांगचुक को फिलहाल ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ORS) और मुंह के जरिए पोटैशियम सप्लीमेंट दिए जा रहे हैं। हालांकि, बार-बार चिकित्सकीय सलाह दिए जाने के बावजूद उन्होंने नसों के जरिए तरल पदार्थ (IV फ्लूइड्स) और ग्लूकोज लेने से इनकार किया है।

पुलिस संसद मार्च के CCTV फुटेज जांच रही है

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘चलो संसद’ प्रदर्शन में हुई हिंसा की जांच दिल्ली पुलिस ने तेज कर दी है। पुलिस सीसीटीवी और मोबाइल वीडियो देखकर उपद्रवियों की पहचान कर रही है।

पुलिस के पास मोबाइल, सीसीटीवी, ड्रोन और बॉडी कैमरों से मिली 250 से ज्यादा वीडियो फुटेज हैं। इनकी मदद से हिंसा में शामिल लोगों का पता लगाया जा रहा है।

दिल्ली में सफदरजंग अस्पताल की सुरक्षा बढ़ाई गई

सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली हाई कोर्ट ने सफदरजंग अस्पताल से वांगचुक की मेडिकल रिपोर्ट और हेल्थ बुलेटिन जमा करने को कहा है। कोर्ट आज मंगलवार को रिपोर्ट देखने के बाद इस पर फैसला लेगा।

दिल्ली पुलिस ने CP के पास हिंसा के मामले में FIR दर्ज की

दिल्ली के कॉनॉट प्लेस स्थित रीगल सिनेमा के पास हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़ी हिंसा के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में FIR भी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

दीपके का जंतर-मंतर पर धरना जारी

CJP बोली- लाठीचार्ज सिर्फ पुलिस ने किया

CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि लाठीचार्ज सिर्फ पुलिस ने किया। हमारे युवाओं को पीटा गया, उनके सिर फोड़ दिए गए और उन्हें सड़कों पर घसीटा गया। सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि मैडम को ट्रक से नीचे उतारने के लिए उनके बाल खींचे गए।

हमारे एक लोगों की पसलियां टूट गईं। हमने ऐसी बर्बरता की कभी उम्मीद नहीं की थी। दिल्ली पुलिस ने कल सारी हदें पार कर दीं। साफ है कि लोगों को पीटने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन इससे आंदोलन और बड़ा होगा। अब और ज्यादा लोग दिल्ली आएंगे। जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, हम यहां से नहीं हटेंगे।

सरकार के साथ हुई बैठक पर उन्होंने कहा कि हमें कोई जवाब नहीं मिला। पांच घंटे बर्बाद हुए। अब अगर सरकार हमसे बात करना चाहती है, तो उसे यहां आकर बातचीत करनी होगी।

एम्स के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने राष्ट्रपति को लेटर लिखा

नई दिल्ली एम्स के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) ने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन से जुड़ी खबरों और वायरल तस्वीरों पर चिंता जताते हुए राष्ट्रपति को लेटर लिखा है।

लेटर में एसोसिएशन ने 5 मांग की है….

  • जंतर-मंतर की घटनाओं की स्वतंत्र, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए।
  • शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग के आरोपों की जांच हो।
  • नागरिकों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता जैसे संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
  • जहां भी किसी तरह की अनियमितता या दुराचार साबित हो, वहां जवाबदेही तय की जाए।
  • सोनम वांगचुक के अस्पताल में भर्ती रहने को लेकर उठी चिंताओं पर स्पष्ट जानकारी दी जाए और मरीज की स्वायत्तता व चिकित्सकीय नैतिकता की रक्षा सुनिश्चित की जाए।

एसोसिएशन ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन का जवाब संयम, पारदर्शिता और जवाबदेही से दिया जाना चाहिए, न कि अनावश्यक बल प्रयोग से।

सरकार ने सुबह 6 बजे CJP को बातचीत के लिए कॉल किया था

सरकार ने पहली बार CJP से बातचीत की। जेपी नड्डा ने CJP के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका से मुलाकात की। नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त ने सरकार और CJP के बीच बातचीत कराने के लिए संपर्क किया। सोमवार सुबह 6 बजे से बातचीत शुरू हुई। इसके बाद सुबह 11:45 बजे जेपी नड्डा से मुलाकात पर सहमति बनी।

करीब 10 मिनट चली इस मुलाकात में CJP ने सरकार के सामने 3 मांगें रखीं…

  • सोनम वांगचुक को अस्पताल से रिहा किया जाए।
  • शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा दें।
  • आत्महत्या करने वाले NEET छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाए।

संसद मार्च के दौरान 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, CJP के संसद मार्च के दौरान सोमवार को नई दिल्ली इलाके में हिंसा भड़क गई। इस घटना में कई अधिकारियों समेत 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि करीब 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। प्रदर्शन के एक दिन बाद संसद मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पुलिस ने 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया

संसद मार्च के दौरान पुलिस के साथ हुई झड़प में करीब 60 प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक उपद्रवियों के पथराव करने के कारण 15 से 20 सरकारी गाड़ियों और सार्वजनिक संपत्ति को भारी नुकसान हुआ।

पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए लगभग 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। उपद्रव, पुलिस पर हमले और तोड़फोड़ के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

संसद मार्च के बाद दिल्ली बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ाई गई

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन और संसद मार्च के बाद दिल्ली पुलिस ने राजधानी की सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी है। सिंघु, टिकरी, औचंदी, धांसा, कापसहेड़ा, नजफगढ़ समेत कई बॉर्डर इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर बड़े स्तर पर निगरानी शुरू की गई है।

पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर गाड़ी और संदिग्ध व्यक्ति की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सोमवार की हिंसा के बाद किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

CJP प्रवक्ता बोले- नड्डा ने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया

CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा- जेपी नड्डा ने हमसे कहा कि वह सीनियर लीडरशिप से बात करेंगे और हमें जवाब देंगे, लेकिन हमें अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।

दीपके बोले- मंगलवार को भी जारी रहेगा संसद मार्च

CJP फाउंडर दीपके ने इंडिया टुडे से खास बातचीत में कहा कि संसद मार्च मंगलवार को भी जारी रहेगा। उन्होंने साफ किया कि प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर से नहीं हटेंगे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा

CJP बोली- युवाओं को न्याय दिलाना होगा

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा- हमने अपनी बात रख दी है। अब फैसला उन्हें करना है। उन्हें युवाओं को न्याय दिलाना होगा। हालांकि आज पुलिस के जरिए उन्होंने जो बर्बरता दिखाई, उसे देखते हुए मुझे आशा कम लगती है।

धर्मेंद्र प्रधान का समय पूरा हो चुका है और उन्हें जाना ही होगा। सवाल यह है कि कब जाएंगे? 12 साल में पहली बार, युवाओं के दबाव के कारण सरकार ने लोगों को बातचीत के लिए बुलाया है।

उन्होंने हमें चर्चा के लिए बुलाया। यह अपने आप में इस आंदोलन और विरोध की एक बड़ी जीत है। हमें भरोसा दिलाया गया है कि वे इस मामले पर चर्चा करेंगे और जल्द ही हमें जवाब देंगे।

118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल, पुलिस आयुक्त अस्पताल पहुंचे

संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा में दिल्ली पुलिस और केंद्रीय बलों के 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल जवानों से मुलाकात की।

पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान पथराव हुआ, जिसमें कई वरिष्ठ अधिकारी भी घायल हुए। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने जनपथ के पास अचानक पथराव शुरू कर दिया।

दिल्ली में बारिश, जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की
CJP के प्रदर्शन और संसद मार्च की ये खबर भी पढ़ें…

CJP ने जंतर-मंतर पर फिर से मंच बनाया, प्रदर्शन शुरू

कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रदर्शन शुरू करते हुए X पर लिखा- जंतर मंतर पर एक बार फिर से इस्तीफा मिलने तक मंच तैयार है। इस्तीफा दीजिए।

नड्डा से मिले CJP के प्रतिनिधि, बोले- ठोस आश्वासन नहीं मिला

CJP के नेता सौरव दास ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी।

सौरव दास ने लिखा कि उन्होंने अपनी मांगें केंद्रीय मंत्री के सामने रखीं। इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे या उन्हें पद से हटाने की मांग भी शामिल है।

उन्होंने बताया कि जेपी नड्डा ने आश्वासन दिया है कि वह इस मुद्दे पर उचित स्तर पर चर्चा करेंगे। हालांकि, अब तक उनकी ओर से कोई ठोस वादा या प्रतिबद्धता नहीं की गई है। साथ ही सौरव दास ने मुलाकात की एक तस्वीर भी साझा की।

जेपी नड्डा ने मांगा समय, CJP ने रखीं तीन मांगें

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधि आशुतोष रांका ने दावा किया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने उनकी मांगों पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा करने के लिए कुछ समय मांगा है। रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि CJP ने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली- सोनम वांगचुक को तत्काल रिहा किया जाए। दूसरी- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। तीसरी- NEET-UG 2026 की तैयारी कर रहे जिन अभ्यर्थियों ने आत्महत्या की, उनके परिजनों को 1-1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।

CJP के प्रोटेस्ट पर बोले राहुल- मोदी युवाओं के सबसे बड़े विरोधी

QuoteImage

प्रधानमंत्री मोदी भारत के इतिहास के सबसे युवा-विरोधी प्रधानमंत्री हैं। इतने युवा विरोधी कि एक नाकाम शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा भी नहीं ले सकते। 152 पेपर लीक। 7.5 करोड़ छात्र पीड़ित। और सज़ा एक दोषी को भी नहीं। सजा किसे मिली? मेहनती युवाओं को। और जब इन बच्चों ने शिक्षा के जायज़ सवाल उठाए – तो जवाब में मिली लाठी और हिरासत। लीक करने वाले अपराधी आज़ाद – और वाजिब मुद्दे उठाने वाले छात्र घसीटे जाते हैं, पीटे जाते हैं। यह सरकार सिर्फ़ युवाओं को नाकाम नहीं कर रही – उनपर टूट पड़ी है।

QuoteImage

वांगचुक ने शर्तें रखीं, फिर कहा-अनशन जारी रखूंगा

सोनम वांगचुक ने सोमवार शाम को अस्पताल से चिट्‌ठी लिखकर अनशन जारी रखने का ऐलान किया। अनशन के 23वें दिन उन्होंने कहा, प्रदर्शनकारी युवाओं पर बर्बरता को देखते हुए ये निर्णय लिया है। अनशन तब तक जारी रहेगा, जब तक युवा नेताओं को संसद भवन में सांसदों से मिलने की अनुमति नहीं दी जाती, या मुझे अस्पताल में ही उनसे मिलने दिया जाता।

इससे पहले सोनम वांगचुक ने 3 शर्तें रखी थीं-

  • पहली: शिक्षा व्यवस्था में हाल की विफलताओं, जैसे प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं, की जिम्मेदारी लें।
  • दूसरी शर्त : आश्वासन दें मुद्दा संसद में उठाएंगे।
  • तीसरी शर्त : दलों के सांसद-नेताओं ने अस्पताल आकर मुझे आश्वासन दें तो अनशन तोडूंगा।

प्रदर्शनकारियों ने जवानों को देखकर तालियां बजाईं

विरोध प्रदर्शन के बाद जब रात को रैपिड एक्शन फोर्स के जवान जंतर-मंतर पर मार्च करते हुए जा रहे थे, लेकिन वहां मौजूद समर्थक जवानों को देखकर तालियां बजाने लगे।

CJP के प्रदर्शन में हुई हिंसा के बाद दिल्ली पुलिस ने हाई-लेवल मीटिंग की

दिल्ली पुलिस ने सोमवार को प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई झड़पों के बाद कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए एक हाई-लेवल मीटिंग की।

सूत्रों के मुताबिक, सीनियर पुलिस अधिकारियों ने हालात का जायजा लेने और हिंसा की जांच पर चर्चा करने के लिए इस मीटिंग में हिस्सा लिया।

उन्होंने आगे बताया कि मीटिंग में सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा की गई और इन घटनाओं के सिलसिले में आगे की कार्रवाई पर विचार-विमर्श किया गया।

सोनम वांगचुक की हालत स्थिर, लेकिन ब्लड शुगर कम

सोनम वांगचुक का दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है। शाम 7 बजे जारी मेडिकल अपडेट के अनुसार, उनके जरूरी मेडिकल पैरामीटर स्थिर हैं। डॉक्टरों ने बताया कि वांगचुक का ब्लड-शुगर लेवल कम बना हुआ है, लेकिन ओरल-रिहाइड्रेशन थेरेपी (ORS) और पोटैशियम-सिरप देने के बाद खून से जुड़े अन्य पैरामीटर में सुधार हुआ है।

प्रदर्शनकारी संसद भवन तक पहुंचे, देखें 5 तस्वीरें

सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए संसद भवन के बाहर आंसू गैस के गोले दागे।
सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए संसद भवन के बाहर आंसू गैस के गोले दागे।
संसद भवन के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। सुरक्षा बलों ने फायरिंग पोजीशन ली।
संसद भवन के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। सुरक्षा बलों ने फायरिंग पोजीशन ली।
प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को चोटें आईं।
प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को चोटें आईं।
शाम 4 बजे के बाद रैपिड एक्शन फोर्स के जवान जंतर-मंतर खाली कराने पहुंचे। वहां लोगों पर लाठीचार्ज किया गया।
शाम 4 बजे के बाद रैपिड एक्शन फोर्स के जवान जंतर-मंतर खाली कराने पहुंचे। वहां लोगों पर लाठीचार्ज किया गया।
Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER