TIO जयपुर

State GST Enforcement Branch Takes Major Action: Multi-Crore Tax Evasion Through Air Cargo Exposed, Gold and Diamond Jewelry Seized - Jaipur News in Hindiराज्य जीएसटी की प्रवर्तन शाखा ने जयपुर एयरपोर्ट पर एक बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए हवाई कार्गो के माध्यम से की जा रही करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में सोना, नेचुरल डायमंड और हीरा ज्वैलरी जब्त की गई है। विभाग की इस कार्रवाई से जयपुर के कई नामी ज्वैलर्स में हड़कंप मच गया है। मुख्य आयुक्त कर विभाग कुमार पाल गौतम के निर्देश पर स्टेट जीएसटी की प्रवर्तन शाखा–I ने 06 जनवरी को यह कार्रवाई अंजाम दी। प्रवर्तन दल को कोलकाता से जयपुर तक बिना वैध दस्तावेजों के बुलियन, नेचुरल डायमंड, सोना और हीरा ज्वैलरी के अवैध परिवहन एवं व्यापार से जुड़ी गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए विभागीय टीम ने कई दिनों तक लगातार निगरानी (रेकी) करते हुए पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क की गहन पड़ताल की। जांच के दौरान तस्करी और कर चोरी के तरीके, कूरियर चैनल और संबंधित व्यापारिक कड़ियों की पहचान की गई, जिसके बाद सटीक रणनीति बनाकर कार्रवाई की गई।

रणनीति के तहत जैसे ही घरेलू हवाई अड्डे से कूरियर के माध्यम से सोना-हीरा ज्वैलरी से भरे पार्सल रवाना किए गए, प्रवर्तन दल ने तत्काल घेराबंदी कर बिना वैध दस्तावेजों के मंगवाया गया माल जब्त कर लिया। विभाग द्वारा जब्त ज्वैलरी का बाजार मूल्य के आधार पर आकलन कराया जा रहा है, जिसके बाद नियमानुसार जीएसटी, पेनल्टी और अन्य वैधानिक देयताएं वसूल की जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप राज्य जीएसटी विभाग द्वारा कर चोरी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। इसी क्रम में प्रवर्तन शाखा द्वारा लगातार सख्त कार्रवाइयाँ करते हुए बड़ी मात्रा में कर चोरी के मामलों का खुलासा किया जा रहा है।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER