
TIO देहरादूर/श्रीनगर/चंडीगढ़। देश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश तेज हो गई है। पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश में रविवार से तेज बारिश हो रही है। शिमला के कोटखाई, जुब्बल और जुन्गा में देर रात लैंडस्लाइड से 4 लोगों की मौत हो गई। हिमाचल में कुल्लू समेत 10 जिलों में सोमवार को स्कूल-कॉलेज बंद हैं। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन सहित 4 नेशनल हाईवे और 800 से ज्यादा सड़कें बंद पड़ी हैं। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में बुधल के गुंडी इलाके में लैंडस्लाइड से लगभग 12 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। रियासी जिले में अचानक आई में बाढ़ में मां-बेटा बह गए। डोडा जिले के अस्सार में चिनाब नदी में अचानक बाढ़ आने से आठ लोग बह गए। हालांकि, सबको बचा लिया गया।
जम्मू-कश्मीर में पिछले 15 दिनों के दौरान अब तक चार जिलों में बादल फटा है। किश्तवाड़, कठुआ, रियासी और रामबन जिलों में लैंडस्लाइड और बाढ़ के चलते 130 से ज्यादा लोग मारे गए हैं, जबकि 33 लोग लापता है। इनका अब तक पता नहीं चल पाया है।
पंजाब के 9 जिले बाढ़ के पानी में डूबे हैं। राज्य के 1312 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। पंजाब में स्कूलों की छुट्टियां 31 अगस्त से बढ़ाकर 3 सितंबर तक कर दी गई हैं। 27 अगस्त से सभी स्कूल बंद हैं। जालंधर और लुधियाना में 2 से 3 फीट तक पानी भर गया।







