TIO गुरुग्राम/फरीदाबाद

हरियाणा के गुरुग्राम में यूट्यूबर और बिग बॉस OTT विनर एल्विश यादव के घर पर फायरिंग करने वाले आरोपी का आज एनकाउंटर किया गया। आरोपी फरीदाबाद में छिपा हुआ था। इसकी सूचना मिलते ही फरीदाबाद की क्राइम ब्रांच टीम उसे पकड़ने पहुंची। यहां उसने पुलिस पर गोलियां चला दीं। जवाब में पुलिस ने फायरिंग की।

इस दौरान आरोपी के पैर में गोली। इससे वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे पकड़ लिया। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती है। ये मुठभेड़ शुक्रवार सुबह ग्रेटर फरीदाबाद में फरीदपुर-तिगांव रोड पर हुई।

आरोपी इशांत उर्फ इशू गांधी फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक इशांत गांधी पर कई मामले दर्ज हैं।

दरअसल, 17 अगस्त को एल्विश के घर पर 24 राउंड फायरिंग हुई थी। घर के दरवाजों, खिड़की और छत की सीलिंग पर गोलियां लगी थीं। फायरिंग करते हुए आरोपियों का CCTV फुटेज सामने आया था। इसके बाद से ही पुलिस फायरिंग करने वालों की तलाश में जुटी थी।

ग्रेटर फरीदाबाद में फरीदपुर-तिगांव रोड पर मुठभेड़ हुई।
ग्रेटर फरीदाबाद में फरीदपुर-तिगांव रोड पर मुठभेड़ हुई।
अब विस्तार से पढ़िए कैसे हुआ पुलिस एनकाउंटर

फरीदाबाद में छिपा था, सूचना मिलने पर घेरा: एल्विश यादव के घर पर फायरिंग के बाद से इंशात फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि इंशात फरीदाबाद के गांव फरीदपुर के पास छिपा हुआ। इस सूचना पर सेक्टर 30 की CIA टीम ने उसे फरीदपुर गांव के पास गुरुवार तड़के घेर लिया।
खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग की: खुद को घिरा देख इशांत ने पुलिस पर 4 राउंड फायरिंग की। इसके जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाई। इस दौरान उसे पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद टीम ने उसे काबू कर लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घायल आरोपी फरीदाबाद के अस्पताल में भर्ती: आरोपी इशांत का इलाज फिलहाल फरीदाबाद सिविल अस्पताल में चल रहा है। उसकी निगरानी के लिए वार्ड में CIA के दो पुलिसकर्मी तैनात हैं। हालत ठीक होने के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए गुरुग्राम ले जाया जाएगा।
आरोपी इशांत का इलाज फरीदाबाद सिविल अस्पताल में चल रहा है।
आरोपी इशांत का इलाज फरीदाबाद सिविल अस्पताल में चल रहा है।
फायरिंग के वक्त घर पर नहीं था एल्विश
17 अगस्त को सुबह 5.30 बजे सेक्टर 57 स्थित एल्विश के घर पर गोलियां चली थी। फायरिंग के बाद एक CCTV फुटेज सामने आया था। जिसमें चेहरा ढके और हेलमेट पहने 2 युवक भागते दिखे थे। उन्होंने एल्विश के घर के बाहर खड़े होकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। ये गोलियां घर की बालकनी, दीवारों-खिड़कियों और दरवाजों पर लगीं। हमले के वक्त एल्विश घर पर नहीं था। उनकी मां सुषमा यादव, पिता रामअवतार और केयरटेकर ही घर पर थे।

एल्विश यादव के घर पर फायरिंग करते हुए दो बदमाश सीसीटीवी में कैद हो गए थे।
एल्विश यादव के घर पर फायरिंग करते हुए दो बदमाश सीसीटीवी में कैद हो गए थे।
भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर जिम्मेदारी ली
एल्विश के घर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ गैंग ने ली थी। सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- जो एल्विश यादव के घर गोली चली, वह नीरज फरीदपुर और भाऊ रिटौलिया ने चलवाई है। इसको हमने अपना परिचय दिया है। सट्‌टे का प्रमोशन कर इसने कई घर बर्बाद कर दिए। सोशल मीडिया के कीड़ों को वॉर्निंग है कि जो सट्‌टे का प्रमोशन करते मिल गया, उसके पास गोली या कॉल कभी भी आ सकती है। जो भी सट्‌टे वाले हैं, वे तैयार रहें।

एल्विश के घर पर पुलिस के 4 जवान तैनात
फायरिंग के बाद पुलिस ने एल्विश यादव के घर पर 4 हथियारबंद जवानों को तैनात किया है। साथ ही इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि अगले आदेश तक सुरक्षाकर्मी यादव के घर पर तैनात रहेंगे।

घर पर परिवार नहीं, पिता बोले- बेटा अगले हफ्ते आएगा
एल्विश यादव के घर पर इस समय परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं है। केवल सिक्योरिटी गार्ड ही तैनात है। एल्विश के पिता राम अवतार ने बताया कि बेटा अगले सप्ताह घर लौटेगा।

एल्विश मां के जन्मदिन पर भी घर नहीं आया था
​​​​​​​हाल ही में एल्विश यादव अपनी मां का जन्मदिन साथ में नहीं मना सका था। इस बार घर पहुंचने के बजाय फोन पर ही बधाई दी। यह पहला मौका रहा जब एल्विश अपनी मां के जन्मदिन पर उनके साथ नहीं थे। रात 12 बजे घर पर फोन कर मां का केक कटवाया और फिर इंस्टाग्राम पर केक काटने की तस्वीर शेयर कर बधाई दी।

विवादों से जुड़ा रहा एल्विश यादव का नाम

1 करोड़ की फिरौती और धमकी: 2023 में लंदन में रहने के दौरान एल्विश को वॉट्सऐप पर 1 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने वाला मैसेज मिला। इसमें उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी।
रेव पार्टी में गिरफ्तारी: नवंबर 2023 में नोएडा में एक रेव पार्टी में सांप और सांप के जहर सप्लाई करने के आरोप में उसे पुलिस ने पकड़ा। उस दौरान 9 सांप और 20 मिलीलीटर जहर बरामद हुआ। एल्विश को 8 दिन जेल में रहना पड़ा, इसके बाद उसे जमानत मिल गई। इस मामले में ED भी उसे पूछताछ कर चुकी है।
मैक्सटर्न से झगड़ा: मार्च 2024 में यूट्यूबर मैक्सटर्न उर्फ सागर ठाकुर से उसका विवाद हुआ। एल्विश ने खुद स्वीकार किया कि उसने सागर को थप्पड़ मारा। इसका वीडियो भी सामने आया था।
क्रिकेट लीग में धमकी: 2024 में दिल्ली में आयोजित एंटरटेनर्स क्रिकेट लीग के दौरान भी उसे जान से मारने की धमकी मिली। उस दिन उसका मैच मुनव्वर फारूकी की टीम से होना था। सुरक्षा कारणों से स्टेडियम खाली कराया गया और मुकाबला बिना दर्शकों के खेला गया।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER