TIO नई दिल्ली

लोकसभा की कार्रवाई शुरू होने से पहले विपक्षी सांसदों ने सदन में हंगामा शुरू कर दिया था।
वोटर वेरिफेकशन और वोट चोरी के आरोप पर विपक्ष संसद में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव ला सकता है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद सैयद नसीर हुसैन ने भी न्यूज एजेंसी ANI से कहा कि पार्टी जरूरत पड़ने पर महाभियोग प्रस्ताव समेत सभी लोकतांत्रिक तरीकों का इस्तेमाल करने के लिए तैयार है। हालांकि, अभी तक कोई औपचारिक चर्चा नहीं हुई है।
इधर, संसद में सोमवार को भी लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष का हंगामा जारी रहा। विपक्ष ने लोकसभा में बिहार वोटर वेरिफिकेशन को लेकर नारेबाजी की। सांसदों ने वोट चोर गद्दी छोड़ और वी वॉन्ट जस्टिस के नारे लगाए।
लोकसभा स्पीकर की चेतावनी के बावजूद हंगामा जारी रहा। इसके चलते लोकसभा दोपहर 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर भी नारेबाजी जारी रही। इस कारण सदन दोबारा 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया।
सदन में आज ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा की सफलता पर भी विशेष चर्चा होनी है। इधर, राज्यसभा भी विपक्ष के हंगामे के बाद दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई है।
बिहार SIR विवाद को ग्राफिक्स में समझिए…
जन विश्वास संशोधन और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट संशोधन बिल पेश
हंगामे के बीच लोकसभा में पीयूष गोयल ने जन विश्वास (संशोधन) विधेयक 2025 पेश किया गया। जन विश्वास (संशोधन) विधेयक अगले सत्र के पहले दिन तक रिपोर्ट सौंपने के लिए लोकसभा की चयन समिति को भेज दिया गया है।
धर्मेंद्र प्रधान इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (संशोधन) बिल 2025 पेश किया।
लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे दोबारा शुरू हुई, लेकिन विपक्ष ने नारेबाजी जारी रखी। इसके कारण कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
चिराग पासवान बोले- हवा-हवाई बातें करेंगे, आपत्ति दर्ज करने की बात पर भाग जाएंगे
चिराग पासवान ने कहा- विपक्ष को केवल हंगामा करना है, आपको न्याय व्यवस्था, संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं करना है। आज वे चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं, यह वही चुनाव आयोग है जिसके नेतृत्व में चुनाव हुए और कांग्रेस लंबे समय तक केंद्र और राज्य में सत्ता में रही है। हकीकत यह है कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है, आप शिकायत करने क्यों गए थे। झारखंड में आप जीते तो इस पर कोई सवाल नहीं और अगर इतनी शिकायत है तो राहुल गांधी और तेजस्वी यादव बिहार में दौरे पर गए हैं, अगर इतनी धांधली हो रही है तो कम से कम एक बार आधिकारिक अपील तो दर्ज करें, कम से कम आपत्ति तो दर्ज करें। आप केवल हवा-हवाई बातें करेंगे लेकिन जब आपत्ति दर्ज करने की बात आएगी तो आप भाग जाएंगे, अगर चुनाव आयोग इसे प्रमाणित करने की बात करेगा तो आप भाग जाएंगे।”
लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित
बिहार में मतदाता सूची संशोधन और अन्य मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष ने संसद में नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इसके कारण लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने संसदीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर विपक्ष को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी और कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दिया।
राज्यसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित
विपक्ष के हंगामे के कारण राज्यसभा को दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया। उपसभापति हरिवंश ने कहा, “कृपया सदन को चलने दें। यह शून्यकाल है।”
लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही शुरू; लोकसभा में विपक्ष की नारेबाजी
संसद के मानसून सत्र के 18वें दिन लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। लोकसभा में प्रश्न काल चल रहा है। लेकिन विपक्ष लगातार बिहार SIR पर सदन में नारेबाजी कर रहा है।
रिपोर्ट्स में दावा- मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग ला सकता है विपक्ष
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के चेंबर में इंडिया ब्लॉक के नेताओं की बैठक हुई। इसे लेकर यह दावा किया जा रहा है कि विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ संसद में महाभियोग प्रस्ताव ला सकता है। दरअसल, एक दिन पहले चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, जिसमें ज्ञानेश कुमार ने कहा था- राहुल गांधी की तरफ से PPT प्रेजेंटेशन में दिखाया डेटा हमारा नहीं है। वोट चोरी के आरोपों पर हलफनामा दें या देश से माफी मांगे। 7 दिन में हलफनामा नहीं मिला तो आरोपों को निराधार समझा जाएगा।
बंगाली भाषा विवाद पर कल्याण बनर्जी, महुआ मोइत्रा और अन्य टीएमसी सांसदों ने विरोध प्रदर्शन किया।
अखिलेश यादव ने पूछा- एक उपराष्ट्रपति थे वे कहां गए?
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने NDA के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार, महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को बनाए जाने पर कहा, “उपराष्ट्रपति पद खाली है तो बनना ही था। एक उपराष्ट्रपति थे वे कहां हैं? नए बन जाएंगे अच्छी बात है। हम क्या फैसला लेंगे वह अलग बात है।”

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER