TIO नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ
पहाड़ों पर मानसून की बारिश आफत लेकर आई है। हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश से शनिवार सुबह मनाली में लैंडस्लाइड हुई। इससे चंडीगढ़-मनाली-लेह नेशनल हाईवे (NH-3) और सोलंगनाला से अटल टनल की ओर जाने वाला रास्ता बंद है। पिछले 3 दिन की भारी बारिश से कुल 289 सड़कें प्रभावित हुई हैं।
जम्मू-कश्मीर में भी लगातार बारिश जारी है। कल रात रियासी जिले में एक सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) की कार लैंडस्लाइ़़ड की चपेट में आ गई। उनकी कार पर अचानक चट्टान गिर गई। हादसे में SDM और उनके बेटे की मौत हो गई। उनकी पत्नी और दो अन्य लोग घायल हो गए।
भारी बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा भी 3 अगस्त तक रोक दी गई है। यात्रा के दोनों मार्गों पहलगाम और बालटाल पर मरम्मत का काम जारी है। बीते दिन सुबह बालटाल रूट से यात्रा शुरू की गई थी, लेकिन बाद में बारिश के चलते यात्रा रोक दी गई।

राजस्थान में बारिश का दौर आज से रुकने की संभावना है। हालांकि, कई जिलों में बाढ़ का पानी कम नहीं हुआ है। शनिवार को 11 जिलों में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। हनुमानगढ़ और सीकर में बारिश के कारण हादसों में एक बच्ची और युवक की मौत हो गई।
मौसम विभाग ने शनिवार को असम, मेघालय, सिक्किम, पश्चिम बंगाल में बारिश का रेड अलर्ट और बिहार, अरुणाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली समेत 19 राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
केदारनाथ यात्रा फिर से शुरू, लैंडस्लाइड के कारण रास्ता बंद हुआ था
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में केदारनाथ यात्रा फिर से शुरू हो गई है। सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच कल लैंडस्लाइड के कारण पैदल चलने वाला रास्ता बंद हो गया था। रास्ते से मलबा हटाने के बाद यात्रा फिर से शुरू हो गई है।
पटना में बारिश से कई हिस्सों में पानी भरा
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे बुरी तरह क्षतिग्रस्त
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पंडोह बांध के पास शनिवार सुबह करीब 4 बजे लैंडस्लाइड के बाद चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे (NH-3) बंद है। बड़े-बड़े पत्थर और मलबा गिरने से हाईवे का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क पर दरारें दिखाई देने लगी हैं।
छत्तीसगढ़: रायपुर में बूंदाबांदी, 10 जिलों में बिजली के साथ भारी बारिश का यलो अलर्ट
रायपुर में शनिवार सुबह रिमझिम बारिश हुई। घने बादल छाए हुए हैं।
छत्तीसगढ़ में अगले तीन से चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद तेज बारिश का दौर फिर से शुरू हो सकता है। रायपुर में शनिवार सुबह घने बादल छाए हुए हैं, सुबह रिमझिम बारिश भी हुई। मौसम विभाग ने आज बेमेतरा, रायगढ़, कोरिया, सूरजपुर सहित 10 जिलों में बिजली गिरने के साथ भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
झारखंड: 15 अगस्त के बाद बारिश में दिखेगा गैप, रांची में 3 अगस्त तक बारिश की संभावना
राज्य में मानसून शुरू होने से लेकर अब तक ज्यादातर हिस्सों में अच्छी बारिश हुई है। दो जिलों को छोड़कर राज्यभर में पूरे महीने सामान्य से 50 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। रांची में 3 अगस्त तक बारिश की संभावना है। कहीं-कहीं पर गरज और वज्रपात की भी आशंका है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।







