बातें फिल्मी शशी कुमार केसवानी
नमस्कार दोस्तों आइए आज बात करते हैं एक ऐसी अभिनेत्री की जिन्होंने अपने दम पर फिल्म इंडस्ट्री में जगह बनाई जिनका नाम है पद्मिनी कोल्हापुरे। पद्मिनी कोल्हापुरे एक प्रसिद्ध भारतीय फिल्म अभिनेत्री होने के साथ-साथ एक गायिका भी हैं, जो मुख्य रूप से मराठी और हिंदी फिल्मों में अपने काम के लिए पहचानी जाती हैं। पद्मिनी कोल्हापुरे ने बहुत कम उम्र में अपने अभिनय करियर की शुरूआत की थी। मुंबई में जब तक फिल्म इंडस्ट्री में कोई गाडफादर न हो पैर जमाना बड़ा मुश्किल रहता है परंतु पद्यनी ने अपने दम पर इंडस्ट्री में जगह बनाई। साथ ही साथ राजकपूर जैसे महान व्यक्ति की नजर में आई जिन्होंने अपनी फिल्म प्रेम रोग में उन्हेें काम दिया । राज साहब ने काम देने के साथ-साथ उनके अभिनय को भी चार चांद लगा दिए। जिससे इंडस्ट्री में एक अलग पहचान बन गई। समाज में एक संदेश देने वाली यह फिल्म अपने आप में एक अलग फिल्म होने के साथ-साथ मिसाल भी बन गई थी। पद्यिनी कोल्हापुरी मुख्यत: चर्चाओं में तब आई जब जिन्होंने प्रिंस चार्ल्स को किस किया था। खबरों की खबर तो बन गई परंतु उस पर हमारे गुरु शरद जोशी जी ने जो व्यंग्य लिखा था उसकी चर्चा तो पूरी दुनिया में हुई और वह व्यंग्य इतना प्रचलित हुआ कि जिसके आॅडियों कैसेट घर-घर में सुने जाते थे। और इतना मजेदार व्यंग्य था जिन्हें अनेक बार लोग सुनते थे। लगे हाथ यह भी बता दूं पद्यिनी फिल्मी खलनायक शक्ति कपूर की रिश्ते में साली भी लगती है। तो आइए आज के युवा इस हीरोइन को भूल गए है उनके जीवन के कुछ अनछुए पहलुओं पर बातें फिल्मी करते हैं।
पद्मिनी कोल्हापुरे का जन्म 1 नवंबर 1965 को महाराष्ट्र के मुंबई शहर में पिता पंडरीनाथ कोल्हापुरे एवं माँ निरुपमा कोल्हापुरे के यहां हुआ था। पद्मिनी कोल्हापुरे एक मराठी परिवार से ताल्लुक रखती है। वह तीन बेटियों में अपने माता-पिता की दूसरी संतान थी। वह एक संगीतकार परिवार से ताल्लुक रखती थीं। उनके पिता एक प्रशिक्षित शास्त्रीय गायक और वीणा वादक थे। उसने कम उम्र में ही संगीत सीखना शुरू कर दिया था। उनके परिवार का कोल्हापुरे उपनाम महाराष्ट्र में कोल्हापुर स्थान को दर्शाता है; जहां से परिवार ताल्लुक रखता है। पद्मिनी की मां, निरुपमा कोल्हापुरे , कोंकणी ब्राह्मण ,मराठी परिवार में पैदा हुई थीं। उनकी मां पहले एयर इंडिया के साथ ग्राउंड स्टाफ के रूप में काम करती थीं पद्मिनी के पिता की मां पंडित दीनानाथ मंगेशकर की सौतेली बहन थीं। इस तरह पद्मिनी दिग्गज गायिका लता मंगेशकर और आशा भोंसले की भतीजी हैं।
बचपन से ही फिल्मों में काम कर चुकीं पद्मिनी कोल्हापुरे को फिल्म निर्माता प्रदीप शर्मा से प्यार हो गया। उस समय पद्मिनी की उम्र महज 21 साल थी। घरवाले इस शादी के लिए तैयार नहीं हुए थे। ऐसे में पद्मिनी को घर से भागकर 15 अगस्त 1986 को शादी करनी पड़ी। पद्मिनी की मुलाकात प्रदीप शर्मा से फिल्म ऐसा प्यार कौन के सेट पर हुई थी। इस फिल्म में उनके को-स्टार मिथुन चक्रवर्ती थे। इस फिल्म के डायरेक्टर विजय सदाना को प्रदीप शर्मा ने प्रोड्यूस किया था। पद्मिनी के परिवार को प्रदीप के साथ उसका रिश्ता पसंद नहीं आया क्योंकि दोनों अलग-अलग समाज से थे। पद्मिनी के महाराष्ट्रीयन परिवार को समझाने की कोशिश सफल नहीं हुई तो दोनों ने घर से भागकर एक दूसरे के साथ जीवन बिताने का फैसला किया था।
बचपन में शुरू हुआ फिल्मी कॅरियर : पद्मिनी कोल्हापुरे ने अपने फिल्मी करियर की शुरूआत बहुत ही छोटी उम्र से की थी। साल 1972 में उन्होंने बतौर बाल कलाकार उनकी पहली फिल्म एक खिलाड़ी बावन पत्ते थी। वह हमेशा एक गायिका बनना चाहती थी। 1973 में, उन्होंने फिल्म यादों की बारात के लिए एक बच्चे के रूप में गायन की शुरूआत की। एक रिपोर्ट के मुताबिक यह आशा भोसले थीं जिन्होंने देव आनंद को पद्मिनी कोल्हापुरे का नाम सुझाया था, जिन्होंने तब उन्हें इश्क इश्क इश्क (1975) में एक बाल कलाकार के रूप में लिया था। 1977 में, उन्होंने फिल्म सत्यम शिवम सुंदरम में एक बाल कलाकार के रूप में भूमिका निभाई, जो उनकी सबसे प्रसिद्ध बाल भूमिका बन गई। उन्होंने किताब और दुश्मन दोस्त जैसी फिल्मों के लिए सिंगल्स के लिए अपनी बहन शिवांगी के साथ मिलकर कोरस गाया। पद्मिनी ने विधाता, सात सहेलियां, हम इंतजार करेंगे और सड़क छाप जैसी फिल्मों के लिए भी गाना गाया है। उन्होंने प्रसिद्ध गायक बप्पी लहरी के साथ म्यूजिक लवर्स नामक संगीत एल्बम भी बनाया।
प्रिंस चार्ल्स को किया था किस – पद्मिनी का नाता कॉन्ट्रोवर्सीज से भी रहा है। बात तब की है, जब 1980 में प्रिंस चार्ल्स भारत दौरे पर आए थे। हालांकि, प्रिंस के चारों ओर जेड-सिक्युरिटी थी लेकिन किसी बात की परवाह किए बगैर पद्मिनी ने उनके गाल पर किस कर डाला था। कई दिनों तक ये मामला चर्चा का विषय बना था।
मुख्य अभिनेत्री के रूप में फिल्मों में करियर
1980 में, पद्मिनी ने राज बब्बर और दीपक पाराशर के साथ फिल्म इंसाफ का तराजू में एक प्रमुख भूमिका निभाई, जहाँ उनके अभिनय को सिनेमा समीक्षकों और दर्शकों ने सराहा। बतौर मुख्य अभिनेत्री उनकी पहली फिल्म अहिस्ता अहिस्ता थी जो साल 1981 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में उनके साथ शम्मी कपूर, नंदा, कुणाल कपूर जैसे बड़े कलाकार भी थे। 1982 में, वह ऋषि कपूर के साथ फिल्म प्रेम रोग में दिखाई दीं और 17 साल की उम्र में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार जीता। 1985 में, उन्होंने एक फिल्म दो दिलों की दास्तान में अभिनेत्री के रूप में काम किया था ऐसा माना जाता है की फिल्म की शूटिंग के दौरान उनकी तबियत ठीक नहीं थी लेकिन फिर भी उन्होंने बीमार रहते हुए फिल्म की शूटिंग पूरी की । साल 1985 दौरान जब अभिनेता अनिल कपूर बॉलीवुड फिल्मो में आए थे तो उन्होंने अपनी पहली वो सात दिन ,अभिनेत्री पदमिनी के साथ की थी जो उस समय तक एक बड़ी अभिनेत्री बन चुकी थी। यह फिल्म बॉक्स आॅफिस पर हिट साबित हुई और अनिल कपूर को बॉलीवुड में अपनी पहली फिल्म में पदमिनी के साथ काम करने की वजह से पैर जमाने में मदद मिली। साल 1993 में, उन्होंने अपनी अंतिम फिल्म प्रोफेसर की पड़ोसन की और फिल्म जगत से एक लम्बा ब्रेक ले लिया।

शादी करके पहले मैंने बदला लिया अब वो ले रहे हैं
साल 1999 में उन्होंने एक फिल्म निर्माता के रूप बॉलीवुड में वापसी की और फिल्म रॉकफोर्ड बनाई। 2003 में, उन्होंने लगभग 10 साल के बाद अपने बड़े बेटे के साथ एक मराठी फिल्म, चिमनी पाखर से अभिनय में वापसी की। यह फिल्म एक बड़ी हिट साबित हुई। उन्हें सर्वश्रेष्ठ मराठी अभिनेत्री श्रेणी में स्क्रीन अवॉर्ड मिला। साल 2013 में, उन्होंने कॉमेडी फिल्म फटा पोस्टर निकला हीरो में शाहिद कपूर की मां की भूमिका निभाई। 55 साल की पद्मिनी कोल्हापुरे को कुछ समय पहले टीवी के मशहूर कॉमेडी शो द कपिल शर्मा शो में देखा गया था। यहां वे बतौर मेहमान पहुंची थी।
इसी सिलसिले में उन्होंने मजाकिया अंदाज में अपने पति प्रदीप शर्मा को लेकर कुछ ऐसा कह दिया था कि हर कोई जोर जोर से हंसने लगा था। कपिल शर्मा जहां उनसे फिल्मी करियर को लेकर सवाल पूछते हुए दिखाई दिए तो वहीं एक्ट्रेस ने भी अपने फिल्मी सफर से जुड़े कई किस्सों के बारे में बात की थी। ऐसे में कपिल ने पद्मिनी से सवाल पूछा कि, आपके बारे में एक अफवाह थी, जिसे लेकर हमने सोचा था कि आप आएंगी तो आपसे पूछेंगे। एक फिल्म थी ऐसा प्यार कहा जिसके निर्माता टूटू शर्मा जी थे। तो कहा जाता है कि उन्होंने आपकी पेमेंट नहीं दी, जिससे गुस्से में आपने उनसे शादी कर ली? जवाब में अदाकारा ने बताया कि, सही कहा आपने, बिल्कुल सही कहा।
यह कहां सुना था आपने। यह अफवाह नहीं है, बल्कि सच है। मैंने सोचा था कि चलो उनसे शादी ही कर लेती हूं। पद्मिनी का जवाब सुनकर कपिल के साथ ही अर्चना पूरन सिंह भी हंसने लगी और उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि, शादी करके बदला लिया। इसके बाद एक्ट्रेस ने आगे कहा कि, बिल्कुल बदला लिया। पहले शादी करके मैंने बदला लिया और अब वो मुझसे बदला ले रहे हैं।







