TIO नई दिल्ली

लोकसभा चुनाव 2024 के बाद दूसरी बार I.N.D.I.A. गठबंधन के नेता आज शाम 7 बजे ऑनलाइन बैठक करने वाले हैं। इसमें देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की जाएगी। मीटिंग में आम आदमी पार्टी (AAP) शामिल नहीं होगी।

टीएमसी ने पहले बैठक से दूर रहने का संकेत दिया था, लेकिन अब उसने कहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ऑनलाइन बैठक में शामिल होंगे।

सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन समेत कई नेताओं से बात की थी। ये बैठक ऐसे वक्त हो रही है जब मानसून सत्र शुरू होने वाला है और बिहार में मतदाता सूची की विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR) को लेकर घमासान मचा है।

I.N.D.I.A की आखिरी बैठक इसी साल 3 जून को हुई थी। इसमें केंद्र सरकार से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग हुई थी। वहीं, इससे पहले 5 जून 2024 को लोकसभा चुनाव को लेकर मीटिंग हुई थी।
क्यों नहीं आएंगे तृणमूल और AAP
तृणमूल कांग्रेस 21 जुलाई को ‘शहीद दिवस’ मना रही है, इसलिए उसके नेता कोलकाता में बिजी रहेंगे। वहीं, AAP गुजरात और दूसरे राज्यों में अपने विस्तार अभियान में जुटी है। AAP ने कांग्रेस से कई राज्यों में सीधी लड़ाई का रास्ता चुना है और पार्टी का कहना है कि I.N.D.I.A. गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव तक सीमित था।

हालांकि, विपक्षी नेताओं का कहना है कि संसद में विपक्ष एकजुट रहेगा, भले ही कुछ दल बैठक में न आएं।

I.N.D.I.A ब्लॉक पर उमर, ममता और तेजस्वी के बयान

ब्लॉक को बंद कर देना चाहिए: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इसी साल जनवरी में इंडिया अलायंस खत्म करने की बात कही थी। उन्होंने कहा था, ‘लोकसभा चुनाव के बाद इसकी कोई बैठक नहीं हुई है। यह गठबंधन लोकसभा चुनाव तक ही था तो इसे खत्म कर देना चाहिए। इसके पास न कोई एजेंडा है और न ही कोई लीडरशिप।’
मौका मिला तो मैं लीड करूंगी: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हरियाणा-महाराष्ट्र और उपचुनावों में INDIA ब्लॉक के खराब प्रदर्शन को लेकर 7 दिसंबर 2024 को नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था, ‘मैंने INDIA गठबंधन बनाया। इसका नेतृत्व करने वाले इसे ठीक से नहीं चला सकते, तो मुझे मौका दें। मैं बंगाल से ही गठबंधन का नेतृत्व करने के लिए तैयार हूं।’ ममता बनर्जी के बयान का शिवसेना (UBT), सपा ने समर्थन किया था। इस पर भाजपा ने कमेंट किया था, ‘विपक्ष के नेताओं को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व पर भरोसा नहीं है। वे अब भी राहुल को राजनीति का कच्चा खिलाड़ी समझते हैं।’
INDIA गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव तक था: तेजस्वी यादव ने भी जनवरी 2025 में इंडिया गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि ‘इंडिया गठबंधन सिर्फ 2024 के लोकसभा चुनाव तक के लिए बना था।’ तेजस्वी यादव ने कहा था, ‘यह अस्वाभाविक नहीं है कि कांग्रेस और आप जैसे दलों में मतभेद हों। गठबंधन का मुख्य उद्देश्य लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराना था, और यह गठबंधन उसी लक्ष्य तक सीमित था।’
ये मीटिंग 13 जनवरी 2024 को वर्चुअली हुई थी। इसमें 28 दलों के 9 नेता जुड़े थे। चेयरपर्सन के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम पर सहमति बनी, लेकिन संयोजक के नाम पर फैसला नहीं हो सका। मीटिंग के बाद NCP प्रमुख शरद पवार ने कहा, ‘हमारे बीच चर्चा हुई कि हम जल्द सीट शेयरिंग पर फैसला लेंगे।’ तब JDU भी I.N.D.I. में शामिल था। JDU ने भी सीट शेयरिंग में हो रही देरी से नाराजगी जताई थी। इस बैठक में सीटों को लेकर सहमति नहीं बन पाई थी।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER