TIO नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ
हिमाचल प्रदेश में 20 जून से अब तक 106 लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही भारी बारिश और बादल फटने जैसी घटनाओं से 818 करोड़ रुपए की सरकारी और निजी संपत्ति का नुकसान हो चुका है।
बिहार के नालंदा जिले में कई निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति है। झारखंड से बारिश का पानी नदी में आने की वजह से फल्गु नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
राज्य के अलग-अलग जिलों में बुधवार को बिजली गिरने से 20 लोगों की मौत हो गई। हालांकि, राज्य में इस सीजन में अब तक औसत से 46% कम बारिश हुई है।
दिल्ली-NCR में बीते एक हफ्ते से तेज बारिश जारी है। पिछले तीन दिनों से बारिश लगातार हो रही है। खराब मौसम के कारण बुधवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने वाली 6 फ्लाइट्स डायवर्ट करनी पड़ीं।
असम के दीमाहसाओ में नेशनल हाईवे के निर्माण के दौरान लैंडस्लाइड में 2 लोगों की मौत हो गई और 5 लोग घायल हो गए। जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की चेतावनी की वजह से अमरनाथ यात्रा रोक दी गई है।
अमरनाथ यात्रा रुकी, अब-तक 2.47 लाख तीर्थयात्री दर्शन कर चुके
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की चेतावनी के बाद अमरनाथ यात्रा गुरुवार को दिनभर के लिए रोक दी गई। पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश की वजह से पटरियों की तुरंत मरम्मत किए जाने की जरूरत है।
इस वजह से फैसला किया गया है कि आज दोनों रूटों पर किसी भी प्रकार की आवाजाही की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि, पंचतरणी कैंप में रुके यात्रियों को BRO और पर्वतीय बचाव दलों के साथ बालटाल की ओर जाने की अनुमति दी जा रही है।
कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर ने बताया कि दिन में मौसम की स्थिति के आधार पर शुक्रवार से यात्रा फिर शुरू होगी। अब तक 2.47 लाख तीर्थयात्री पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं।







