TIO नूंह

हरियाणा के नूंह जिले में ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा से पहले माहौल बिगाड़ने की साजिश की गई है। शरारती तत्वों ने रविवार-सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे एक मजार में तोड़फोड़ कर दी। यह मजार नूंह के तावड़ू कस्बे में है।

मजार से तोड़फोड़ का पता सोमवार सुबह करीब 5 बजे चला, जब सेवादार वहां पहुंचा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इस बारे में DC विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि मौके पर SDM और DSP ने जांच की है।

उन्होंने कहा कि इसके जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि माहौल पूरी तरह नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है।

ब्रजमंडल यात्रा का रूट तो यहां से नहीं गुजरता लेकिन लोग यहां से यात्रा में शामिल होने जरूर जाते हैं। इस तोड़फोड़ को उनमें दहशत फैलाने से जोड़कर देखा जा रहा है।

वहीं यह यात्रा दोपहर करीब 12 बजे नूंह के नलहड़ेश्वर (नल्हड़) मंदिर से शुरू होगी। जो फिरोजपुर झिरका के झिरकेश्वर महादेव मंदिर से होते हुए शिंगार गांव के श्रृंगेश्वर महादेव मंदिर में समाप्त होगी।

नूंह में साल 2023 की ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के दौरान हिंसा हो गई थी, जिसमें 7 लोगों की मौत हुई थी। इसके अगले साल यानी जुलाई 2024 में कड़ी सुरक्षा में सामान्य तरीके से यात्रा निकाली गई थी। हालांकि इस बार भव्य तरीके से यात्रा निकालने की तैयारी है।
ब्रजमंडल यात्रा की सुरक्षा के लिए इंतजाम

24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद: यात्रा को देखते हुए सरकार ने 24 घंटे के लिए यहां इंटरनेट और बल्क SMS की सेवाएं बंद कर रखी हैं। यह आदेश रविवार (13 जुलाई) रात 9 बजे से सोमवार (14 जुलाई) रात 9 बजे तक लागू रहेंगे। हालांकि इस दौरान बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज से जुड़ी SMS सुविधाएं पहले की तरह जारी रहेंगी।
स्कूल-बाजार भी बंद: नूंह जिले में पहली से 12वीं तक के सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूल बंद किए गए हैं। यात्रा के रूट पर आने वाले बाजार भी बंद पड़े हुए हैं। यात्रा के रूट पर आने वाली मीट की दुकानें और फैक्ट्री बंद की गई हैं।
ट्रैफिक डायवर्ट, भारी वाहनों पर रोक, ड्रोन से निगरानी: ट्रैफिक डायवर्ट करते हुए भारी वाहनों की एंट्री पर भी रोक लगाई गई है। पूरे जिले में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। पुलिस के ढ़ाई हजार जवान तैनात किए गए हैं।
हिंसा का आरोपी बिट्‌टू बजरंगी हाउस अरेस्ट
पुलिस ने फरीदाबाद में रहने वाले गौरक्षा बजरंग फोर्स के नेता बिट्‌टू बजरंगी को हाउस अरेस्ट कर लिया है। बिट्‌टू को नूंह आने से रोकने के लिए एहतियातन ये कदम उठाया गया है। बता दें कि 2023 में हुई हिंसा के दौरान बिट्‌टू बजरंगी ने भड़काऊ बयान देते हुए वीडियो वायरल किया था। जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज किया था। फिलहाल वह जमानत पर है। उसने ब्रजमंडल यात्रा में आने की परमिशन मांगी थी लेकिन प्रशासन ने इनकार कर दिया।

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER