TIO नई दिल्ली

BJP का अगला अध्यक्ष कौन हो, देशभर में चल रहे ईसाई धर्मांतरण के खिलाफ क्या रणनीति हो, खासकर पंजाब में मिशनरीज के फैलाव को कैसे रोका जाए, इन मुद्दों पर बात करने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, यानी RSS के बड़े पदाधिकारी दिल्ली में जुटे हैं।
हर साल होने वाली प्रांत प्रचारक बैठक 4 जुलाई, शुक्रवार से दिल्ली में शुरू हो गई है। दिल्ली प्रांत के कार्यालय ‘केशवकुंज‘ में हो रही ये बैठक तीन दिन, यानी 6 जुलाई तक चलेगी। RSS प्रमुख मोहन भागवत तीनों दिन मौजूद रहेंगे। बैठक में प्रांत प्रचारक, सह प्रांत प्रचारक और संगठन के सभी 6 सहकार्यवाह भी पहुंचे हैं।
RSS की वेबसाइट पर बताया गया है कि इस बैठक में सिर्फ रणनीति तय होगी। कोई फैसला नहीं होगा। दैनिक भास्कर ने बैठक में मौजूद दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के सोर्स से बात की। उन्होंने बताया कि बातचीत के लिए 4 अहम मुद्दे हैं।
1. 75 साल का नियम आगे लागू होगा या नहीं, स्टैंड क्लियर करेगा RSS
BJP ने 75 साल की उम्र को एक्टिव पॉलिटिक्स से विदाई का मानक बनाया था। इसी मानक के तहत लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, यशवंत सिन्हा जैसे बड़े नेता एक्टिव पॉलिटिक्स से बाहर हो गए थे। हालांकि, कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के वक्त राज्य में 80 साल के बीएस येदियुरप्पा को चुनाव की कमान दी गई थी।
PM मोदी समेत अन्य नेताओं पर यह नियम लागू होगा या नहीं, इस पर भी चर्चा होगी। पीएम 17 सितंबर को 75 साल के हो जाएंगे। अगर ये नियम लागू नहीं होगा, तो इसका जवाब RSS को भी तैयार रखना होगा। हालांकि, महाराष्ट्र BJP के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले कह चुके हैं कि पार्टी में 75 साल की उम्र में रिटायरमेंट का कोई नियम नहीं है।
2024 में लोकसभा चुनाव के दौरान भी PM मोदी के रिटायरमेंट पर विपक्ष की तरफ से बयान दिए गए थे। मई, 2024 में आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने कहा था, ‘अगर BJP चुनाव जीत गई तो मोदी अगले साल तक ही प्रधानमंत्री रहेंगे। उन्होंने खुद 75 साल की उम्र में रिटायरमेंट का नियम बनाया है।’
इसके जवाब में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था, ‘मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि BJP के संविधान में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है। मोदी जी 2029 तक देश का नेतृत्व करेंगे।’ पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी कहा था कि BJP के संविधान में कहीं भी उम्र को लेकर प्रावधान नहीं है।
\सूत्र बताते हैं, ‘फिलहाल PM मोदी के कार्यकाल को बीच में खत्म करने की कोई योजना नहीं है। लिहाजा RSS पहले से जवाब तैयार रखेगा। 75 साल में रिटायरमेंट वाली पॉलिसी BJP की है। इसलिए जवाबदेही भी उनकी होगी। फिर भी BJP से जुड़े हर मुद्दे पर RSS से सवाल तो होते ही हैं।’
क्या इस पर अब तक बात नहीं हुई? सोर्स जवाब देते हैं, ‘RSS के अपने मुद्दे हैं। हम उन पर बात करते हैं। उम्र RSS के लिए कभी बाधा नहीं रही। ये पार्टी की पॉलिसी है, वही तय करे।’
मतलब मोदी PM बने रहेंगे? सोर्स ने कहा- ‘हां, अभी उनकी जरूरत भी है।’
2. BJP का राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा, दो नाम तय
इस महीने BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐलान हो सकता है। पार्टी ने 22 राज्यों में संगठन के चुनाव करा लिए हैं। इसके बाद जल्द ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने के लिए 19 राज्यों में चुनाव होना जरूरी हैं।
जून 2019 से जेपी नड्‌डा पार्टी के अध्यक्ष हैं। पार्टी के संविधान के मुताबिक, एक व्यक्ति 3-3 साल के दो कार्यकाल यानी 6 साल ही अध्यक्ष रह सकता है। नड्डा को जनवरी 2023 से लगातार एक्सटेंशन मिल रहा है।
क्या BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष के ऐलान की घड़ी आ गई है? सोर्स ने इस सवाल पर मुस्कुराते हुए जवाब दिया, ‘घड़ी तो कई बार आई, पर घोषणा नहीं हुई। अब लगता है घोषणा और घड़ी दोनों का मिलन हो ही जाएगा।’
नाम तो तय हो गया है न? जवाब देने से पहले सोर्स फिर मुस्कुराए और कहा, ‘नाम तो कई बार तय हो गया, बस बात नहीं बन पाई। हालांकि, अब भी दो नाम हैं। ये तो घोषणा के वक्त ही पता चलेगा, किस नाम पर मुहर लगी।’

Shashi Kumar Keswani

Editor in Chief, THE INFORMATIVE OBSERVER