TIO वॉशिंगटन
‘एक्सिओम मिशन 4’ के प्रक्षेपण को अब तक किसी न किसी वजह से छह बार टाला गया है। हालिया लॉन्चिंग रविवार यानी 22 जून को होनी थी, जिसे अब अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है। कहा गया है कि नासा बाद में प्रक्षेपण की नई तारीख का एलान करेगा।
नासा ने भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला और तीन अन्य को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर ले जाने वाले एक्सिओम-4 मिशन के रविवार (22 जून) के प्रक्षेपण को स्थगित कर दिया है। इसकी लॉन्चिंग की नई तारीख का एलान भी नहीं किया गया है। एक्सिओम स्पेस ने एक बयान में कहा, ‘नासा ने रविवार, 22 जून को प्रक्षेपण से पीछे हटने का फैसला किया है। आने वाले दिनों में प्रक्षेपण की नई तिथि तय करेगा।’
अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि कक्षीय प्रयोगशाला के ज्वेज्दा सेवा मॉड्यूल के सबसे पीछे के हिस्से में हाल ही में मरम्मत कार्य के बाद अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के संचालन का मूल्यांकन जारी रखने के लिए अतिरिक्त समय की जरूरत है। एक्सिओम स्पेस के बयान में कहा गया कि अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़े मसलों के कारण नासा यह सुनिश्चित करना चाहता है कि स्टेशन अतिरिक्त चालक दल के सदस्यों के लिए तैयार है। एजेंसी डेटा की समीक्षा करने के लिए आवश्यक समय ले रही है।
कब-कब टाला गया मिशन?
22 जून वाली लॉन्चिंग टालने से पहले एक्सिओम स्पेस मिशन 19 जून को प्रक्षेपित होना था। इससे पहले 11 जून को फ्लोरिडा में नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से इसकी लॉन्चिंग की तैयारी की गई थी। स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट में ईंधन रिसाव और फिर आईएसएस के रूसी खंड में रिसाव के कारण इसे टालना पड़ा था। इससे भी पहले इस 14 दिवसीय मिशन को 8 और 10 जून को टाल दिया गया था। मिशन को सबसे पहले 29 मई को प्रक्षेपित किया जाना था।

इसरो के मुताबिक, Axiom-4 मिशन लॉन्च सबसे पहले 29 मई को तय किया गया था, लेकिन क्रू ड्रैगन मॉड्यूल में विद्युत हार्नेस में अवलोकन की वजह से इसे 8 जून तक के लिए स्थगित कर दिया गया। इसके बाद स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट की तैयारियों में देरी के कारण लॉन्च को 9 जून तक के लिए टाल दिया। 9 जून को खराब मौसम की वजह से लॉन्च को 11 जून तक के लिए टालना पड़ा।
इस बीच 10 जून को एक्सिओम और स्पेसएक्स के साथ तकनीकी समीक्षा के दौरान इसरो ने लॉन्च को अंतिम रूप देने से पहले इन-सीटू मरम्मत या रिप्लेसमेंट और कम तापमान रिसाव परीक्षण की सिफारिश की। 11 जून को उस वक्त लॉन्च को फिर से स्थगित कर दिया गया, जब इंजीनियरों ने फाल्कन-9 रॉकेट के बूस्टर में एक तरल ऑक्सीजन रिसाव का पता लगाया। इसके साथ ही नासा ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के पुराने रूसी मॉड्यूल में रिसाव का भी पता चला। बाद में लॉन्च की नई तारीख 19 जून तय की गई।इस बीच 18 जून को इसरो ने बताया कि पोलैंड और हंगरी की टीमों ने Axiom मिशन 4 की संभावित लॉन्च टाइमलाइन के बारे में एक्सिओम स्पेस के साथ विस्तार से चर्चा की। इसके बाद कई मापदंडों का आकलन करने के लिए नासा और स्पेसएक्स से बात की गई। स्पेसएक्स के फाल्कन 9 लॉन्च रॉकेट, ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट की स्थिति, अंतरिक्ष स्टेशन के ज्वेज्दा मॉड्यूल में मरम्मत, मौसम की स्थिति, चालक दल की सेहत तैयारियों के आधार पर अगली संभावित लॉन्च तिथि 22 जून 2025 तय की गई है।







