TIO, वॉशिंगटन
संयुक्त राष्ट्र अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि रूस और यूक्रेन इस सप्ताह चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए शांति समझौता कर सकते हैं। रविवार (स्थानीय समय) को अपने मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने कहा कि एक बार दोनों देश समझौता कर लें, तो दोनों ही देश अमेरिका के साथ व्यापार करके धन कमा सकेंगे। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि रूस और यूक्रेन इस सप्ताह कोई समझौता कर लेंगे। उसके बाद दोनों ही देश अमेरिका के साथ बड़ा व्यापार करना शुरू कर सकते हैं। जैसे हम फल-फूल रहे हैं, वे भी फलेंगे-फलेंगे और धन कमाएंगे।
इससे पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में ईस्टर के मौके पर संघर्ष विराम (सीजफायर) लागू करने का एलान किया था। हालांकि, इसे बढ़ाने को लेकर कोई आदेश नहीं दिया गया है। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रविवार को रूस पर ईस्टर पर युद्धविराम का दिखावा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रूस ने ईस्टर पर संघर्षविराम की घोषणा जरूर की है, लेकिन हमले करने बंद नहीं किए।
रूस की मंशा दिखावटी प्रचार की, युद्ध रोकने की नहीं: जेलेंस्की
जेलेंस्की ने कहा, ‘भारी हथियारों का इस्तेमाल बढ़ रहा है। यह चिंताजनक है। डोनेत्स्क क्षेत्र में रूसी सेना की ओर से घात लगाकर किए गए हमले में कुछ यूक्रेनी सैनिक मारे गए। इस हमले के जिम्मेदार रूसी सैनिकों को जवाब मिलेगा।’ जेलेंस्की ने दोहराया कि यूक्रेन ने युद्धविराम को 30 दिन तक बढ़ाने का प्रस्ताव भी दिया है, लेकिन रूस की तरफ से अब तक कोई जवाब नहीं मिला है।
यूक्रेनी सेना ने ही किए डोनेत्स्क क्षेत्र में हमले: रूसी रक्षा मंत्रालय
दूसरी ओर रूस के रक्षा मंत्रालय ने आरोप लगाया कि यूक्रेन ने ही डोनेत्स्क क्षेत्र में रात में हमले किए और 48 ड्रोन रूसी सीमा में भेजे। रूसी सेना ने संघर्षविराम का पूरा पालन किया, लेकिन यूक्रेनी हमलों से नागरिकों की मौत और घायल होने की खबरें हैं। खेरसान क्षेत्र में रूस समर्थित प्रशासन ने भी यूक्रेनी हमले की जानकारी दी है।