TIO नई दिल्ली
दिल्ली के करीब 50 स्कूलों को बुधवार सुबह ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली। इनमें द्वारका के राहुल मॉडल स्कूल और मैक्सफोर्ट स्कूल, मालवीय नगर का एसकेवी और प्रसाद नगर का आंध्रा स्कूल शामिल हैं।
दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, सुबह 7:40 बजे मालवीय नगर के एसकेवी और 7:42 बजे आंध्रा स्कूल में धमकी की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं। तलाशी में कोई विस्फोटक नहीं मिला।
इस घटना से बच्चों के परिजन घबरा गए। कुछ स्कूलों ने सुरक्षा के चलते ऑनलाइन क्लास शुरू कर दी। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ईमेल कहां से भेजे गए और इसके पीछे कौन लोग हैं।
इससे पहले 18 अगस्त को भी दिल्ली के 32 स्कूलों को इसी तरह की धमकी मिली थी, जिसके बाद उन्हें खाली कराना पड़ा था।
दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। तलाशी में पुलिस को कोई विस्फोटक नहीं मिला।
18 अगस्त- 32 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी
18 अगस्त को दिल्ली के 32 स्कूलों को बम की धमकी मिली थी। इन स्कूलों में दिल्ली पब्लिक स्कूल, मॉडर्न कॉन्वेंट और श्रीराम स्कूल का नाम शामिल था। दिल्ली फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें सुबह 7 बजे स्कूल के अंदर एक विस्फोटक उपकरण होने की सूचना मिली थी।
दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। तलाशी में पुलिस को कोई विस्फोटक नहीं मिला।
18 अगस्त को मॉडर्न कॉन्वेंट स्कूल में भी जांच एजेंसियों ने तलाशी ली थी।
जुलाई में लगातार 5 दिन स्कूलों को मिले थे धमकी भरे ईमेल
दिल्ली और बेंगलुरु में 18 जुलाई को 80 से ज्यादा स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। दिल्ली के 45 से ज्यादा स्कूलों को धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। इनमें पीतमपुरा, द्वारका, पश्चिम विहार, रोहिणी, संगम विहार, समेत दूसरे इलाकों के स्कूल शामिल थे।
राजधानी दिल्ली में 5 दिन के भीतर बम धमकी का यह चौथा मामला है। इससे पहले 14 जुलाई को दो, 15 जुलाई को तीन, 16 जुलाई को करीब 10 स्कूलों और दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफन्स कॉलेज को धमकी मिली थी।
वहीं बेंगलुरु के भी 50 स्कूलों को बम की धमकी दी गई है। पुलिस ने बताया कि ‘roadkill333’ नाम के यूजर ने सुबह 7.24 बजे 50 स्कूलों की ईमेल आईडी पर स्कूल के अंदर बम होने का मेल भेजा। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता अलग-अलग स्कूलों में जाकर जांच में जुट गया है।
18 जुलाई को बम धमकी के बाद रोहिणी में दिल्ली के एक स्कूल के बाहर पुलिस तैनात की गई।
मेल में लिखा- आप सब तकलीफ के हकदार
18 जुलाई को मिले धमकी भरे मेल में लिखा था, ‘मैं आप में से हर एक को इस दुनिया से मिटा दूंगा। मुझे खुशी होगी जब मां-बाप अपने बच्चों के कटे-फटे शव देखने के लिए स्कूल पहुंचेंगे’
चिट्ठी में लिखा था, ‘मैं विस्फोट के बाद आत्महत्या कर लूंगा। मैं अपनी जिंदगी से नफरत करता हूं। मुझे कभी मदद नहीं मिली। साइकैट्रिस्ट, साइकोलॉजिस्ट किसी ने कभी परवाह नहीं की। आप केवल असहाय इंसानों को दवा देते हैं। यह कभी नहीं बताते कि वे दवाएं आपके अंगों को बर्बाद करती हैं। मैं इसका जीता-जागता सबूत हूं। आप सभी मेरी जैसी तकलीफ झेलने के हकदार हैं।’
14 जुलाई को दो, 15 जुलाई को तीन स्कूलों में बम की धमकी मिली
सेंट स्टीफन्स कॉलेज को 16 जुलाई को मिले मेल में दावा किया गया था कि बम लाइब्रेरी में लगाया गया है। इसके बाद कॉलेज को तुरंत खाली कराया गया और जांच टीमों ने वहां भी तलाशी ली।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज में भय फैलाने के लिए की जाती हैं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी मुस्तैदी से काम कर रही हैं।
इसके अलावा जिन स्कूलों को धमकी भरा ईमेल मिला था उनमें सेंट थॉमस स्कूल (द्वारका), वसंत वैली स्कूल (वसंत कुंज), मदर्स इंटरनेशनल स्कूल (हौज खास), रिचमंड ग्लोबल स्कूल (पश्चिम विहार) शामिल थे।
इससे पहले 14 जुलाई को दो और 15 जुलाई को तीन स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।







