TIO भोपाल
मध्यप्रदेश में जुलाई के आखिरी हफ्ते में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो गया है। शुक्रवार को 19 जिलों में अति भारी और 18 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। ग्वालियर में सुबह तेज बारिश हुई। भोपाल में रिमझिम के बाद धूप खिली है। बैतूल के सारणी में सतपुड़ा डैम के 7 गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।
इससे पहले गुरुवार को अशोक नगर जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में 26 साल का युवक और ढाई साल का बच्चा बह गए थे। शुक्रवार सुबह उनके शव मिले। शिवपुरी में दो बच्चियां और एक महिला बह गईं। महिला की मौत हो गई। विदिशा में एक गर्भवती को रस्सी के सहारे पुलिया पार कराकर अस्पताल पहुंचाया गया।
पिछले 24 घंटे के दौरान ग्वालियर में सबसे ज्यादा 3.7 इंच पानी गिर गया। रायसेन में 2.4 इंच, पचमढ़ी में 1.9 इंच, सिवनी में 1.6 इंच, भोपाल, दतिया-मलाजखंड में 1.1 इंच बारिश दर्ज की गई। छतरपुर के नौगांव और खजुराहो, नरसिंहपुर, गुना, बैतूल, सागर, जबलपुर, उमरिया, मंडला, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, दमोह, रतलाम, खरगोन, विदिशा, सीहोर, टीकमगढ़, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, राजगढ़ समेत कई जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर रहा।







